Summary: एड़ियों के लिए क्रीम घर पर ही बनाएं
फटी एड़ियों की परेशानी को दूर करने के लिए क्रैक हील क्रीम घर पर ही तैयार कर सकते हैं। आइए जानते हैं क्रीम बनाने का आसान सा तरीका-
Homemade Cracked Heels: सर्दियों में फटी स्किन की समस्या काफी ज्यादा आम होती है और गर्मी आते-आते भी यह समस्या कम नहीं होती है। अधिकतर लोग अपने चेहरे और हाथों की केयर तो अच्छे से करते हैं, लेकिन पैरों और एड़ियों की केयर करना भूल जाते हैं। ऐसे में फटी एड़ियों की परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। जिस तरह आप रोजाना अपने चेहरे को मॉइस्चराइज करते हैं, ठीक उसी तरह आपको अपने पैरों और एड़ियों को भी मॉइस्चराइज करने की जरूरत होती है। एड़ियों को मॉइस्चराइज करने के लिए आपको महंगे-महंगे क्रीम खरीदने की जरूरत नहीं है, बल्कि घर के सामान से भी आप अपने पैरों और एड़ियों के लिए जबरदस्त क्रीम बना सकते हैं। आइए जानते हैं फटी एड़ियों से छुटकारा पाने के लिए क्रीम कैसे तैयार करें?
पैराफिन वैक्स से बनाएं एड़ियों के लिए क्रीम
फटी एड़ियों की परेशानी को दूर करने के लिए पैराफिन वैक्स से क्रीम तैयार कर सकते हैं। इससे आपकी एड़ियां काफी ज्यादा सॉफ्ट और मुलायम होती हैं। साथ ही दर्द से भी छुटकारा मिल सकता है।

इस क्रीम को तैयार करने के लिए 1 कटोरी लें। इसमें 1 चम्मच पैराफिन मोम को अच्छी तरह से पिघला लें। इसके बाद इसमें 1 चम्मच नारियल (बादाम या जोजोबा का तेल भी ले सकते हैं।) तेल मिक्स करें। इसके बाद इसे एक छोटे से कंटेनर में डालें और इसे अच्छी तरह से मिक्स करें। इसके बाद इसमें लैवेंडर ऑयल की 2 से 3 बूंदें डालकर अच्छे से मिला लें। अब 2 मिनट के लिए इसे छोड़ दें। जब यह अच्छे से सेट हो जाए तो इसे क्रीम की तरह अरने क्रैक हील पर लगाएं। यह फटी एड़ियों से छुटकारा दिलाने में रामबाण साबित हो सकता है।
फटी एड़ियों के लिए तैयार करें शिया बटर से क्रैक ही क्रीम
फटी एड़ियों की परेशानी को दूर करने के लिए शिया बटर से क्रैक हील क्रीम बना सकते हैं। दरअसल, शिया बटर में एमोलिएंट्स गुण होता है, जो आपकी ड्राई स्किन को चिकना बनाने में प्रभावी हो सकती है। इससे स्किन की सूजन और लालिमा भी कम हो सकती है।

इस क्रीम को तैयार करने के लिए सबसे पहले 1 बड़ा चम्मच शिया बटर लें। इसमें 1 बड़ा चम्मच ऑलिव ऑयल गुनगुना करके मिक्स करें। जब शिया बटर और तेल अच्छी तरह से मिक्स हो जाए तो इसे एक छोटे से कंटेनर में डालकर रख दें। सोने से पहले इस क्रीम को अपनी एड़ियों पर लगाएं और 5 मिनट तक मसाज करें। इसके बाद सॉक्स पहनकर सो जाएं। इससे फटी एड़ियों की परेशानी दूर हो सकती है।
घर पर बनाएं कोकोआ बटर और टी ट्री ऑयल क्रैक हील क्रीम
कोकोआ बटर और टी ट्री ऑयल क्रीम आपकी स्किन को सॉफ्ट और चिकना बना सकता है। इस क्रीम को तैयार करने के लिए 1 पैन में सबसे पहले 1/4 कप कोकोआ बटर को अच्छी तरह से मेल्ट करें। इसके बाद इसमें 1/4 छोटा कप ऑलिव ऑयल और 1/2 छोटा चम्मच बी वैक्स मिक्स करें। अब इसे धीमी आंच करके कुछ मिनटों के लिए पकाएं। इसके बाद इसे जार में सेट होने के लिए छोड़ दें। रात में सोने से पहले इसे अपनी एड़ियों पर लगाएं। इससे फटी एड़ियों की समस्या दूर हो सकती है।
फटी एड़ियों की परेशानी को दूर करने के लिए आप घर पर इन क्रीम को तैयार कर सकते हैं। हालांकि, अगर आपको इससे अधिक लाभ नहीं मिल रहा है तो एक बार एक्सपर्ट से भी सलाह जरूर लें।
