हेयर केयर की बात आती है तो एलोवेरा को बहुत ही इंपॉर्टेंट माना जाता है। यह बालों को चमक देने के साथ ही अच्छी ग्रोथ के लिए भी फायदेमंद होता है। हालांकि कई बार सिर्फ एलोवेरा जेल लगाने से बालों को ज्यादा पोषण नहीं मिल पाता है। ऐसे में इसमें कुछ चीजें मिलाकर लगाने से आपके बालों को दोगुना पोषण मिलेगा। इससे बालों की ग्रोथ बढ़ेगी और कई परेशानियां भी दूर हो जाएंगी। चलिए जानते हैं कि एलोवेरा जेल को बालों के लिए और असरदार कैसे बनाएं—
1. एलोवेरा जेल में मिलाएं आंवला

आंवला बालों के लिए अमृत के समान है। ऐसे में आंवला और एलोवेरा का जेल आपके बालों को भरपूर पोषण देगा। इसका हेयर पैक बनाने के लिए एक चम्मच एलोवेरा जेल में आप दो चम्मच आंवले का रस मिलाएं। इसे अच्छे से मिक्स करें और फिर बालों में मसाज करें। आधे घंटे के बाद आप शैंपू कर लें। वीक में दो से तीन बार इस हेयर पैक को लगाएं। नियमित इस्तेमाल से आपके बाल लंबे, घने और काले होंगे। आंवले में भरपूर मात्रा में एलोवेरा जेल होता है। साथ ही इसमें एंटी-ऑक्सीडेंट तत्व भी होते हैं, जो बालों को चमकीला बनाने के साथ—साथ स्कैल्प की कई परेशानियां खत्म कर देगा।
2. एलोवेरा जेल को और भी दमदार बनाएगा दही

दही और एलोवेरा जेल का हेयर मास्क आपके बालों को सॉफ्ट और शाइनी बना देगा। इसे बनाना भी बेहद आसान है। आप अपने बालों की लंबाई के अनुसार बराबर मात्रा में एलोवेरा जेल और दही मिला लें। इस पैक को बालों में अच्छे से लगाएं। करीब आधे घंटे के बाद बालों को वॉश कर लें। इस हेयर मास्क को आप वीक में दो से तीन बार लगाएं, आपको असर नजर आएगा। प्रोटीन से भरपूर दही बालों को मजबूत बनाता है। इसमें लैक्टिक एसिड होता है, जो बालों के लिए अच्छा होता है। साथ ही स्कैल्प से मृत कोशिकाओं को हटाकर स्कैल्प को साफ करता है।
3. मेथी और एलोवेरा जेल का मिश्रण करेगा कमाल

बालों के लिए मेथी बहुत ही फायदेमंद है। इसमें एंटीऑक्सीडेंट, एंटी-इंफ्लेमेटरी और एंटी-बैक्टीरियल गुण पाए जाते हैं। ऐसे में एलोवेरा के साथ मिलकर इसका फायदा और भी बढ़ जाता है। पैक बनाने के लिए आप मेथी दानों को रात में भिगो दें। सुबह इसे पीसकर पेस्ट बना लें और इसमें तीन चम्मच एलोवेरा जेल मिक्स करें। इस पेस्ट से बालों में मसाज करें। करीब एक घंटे बाद हेयर वॉश कर लें। अगर आप मेथी दाना रात में भिगोना भूल गई हैं या फिर काम को और भी आसान बनाना चाहती हैं तो मेथी दानों को पीकर उसका पाउडर बना लें। इसे भी आप एलोवेरा जेल के साथ बालों में लगा सकती हैं।
4. कैस्टर ऑयल और एलोवेरा जेल का पैक

अगर आप हेयर ग्रोथ रुकने के साथ ही हेयर फॉल, डैंड्रफ और दो मुंह के बालों से परेशान हैं तो कैस्टर ऑयल और एलोवेरा जेल का पैक आपके लिए बेस्ट है। इस पैक को बनाने के लिए चार चम्मच एलोवेरा जेल में आप दो चम्मच कैस्टर ऑयल मिलाकर पैक बनाएं। इसे स्कैल्प पर लगाएं और बालों को शावर कैप से कवर कर लें। एक घंटे के बाद माइल्ड शैंपू से बाल धो लें। इस पैक को आप वीक में दो बार लगाएं।
5. बालों की परेशानियां दूर करेगा प्याज-एलोवेरा पैक

प्याज के रस में सल्फर प्रचुर मात्रा में होता है। ऐसे में यह हेयर ग्रोथ के लिए फायदेमंद माना जाता है। सल्फर से स्कैल्प में ब्लड सर्कुलेशन बढ़ता है, जिससे हेयर ग्रोथ बढ़ती है और बालों को वॉल्यूम मिलता है। प्याज के रस और एलोवेरा का कॉम्बिनेशन हेयर के लिए बहुत अच्छा रहता है। इसके लिए दो चम्मच एलोवेरा जेल में चार से पांच चम्मच प्याज का रस मिलाएं। इसे अच्छे से मिक्स करके सिर में मसाज करें। करीब एक घंटे बाद हेयर वॉश कर लें। अगर आपको प्याज के रस में बदबू आती है तो बालों को धोने के बाद आप एक मग पानी में एक नींबू का रस मिलाकर बालों पर डालें। इस पैक का इस्तेमाल आप वीक में दो बार कर सकती हैं।
