Overview:
हर युवती का सपना होता है कि अपनी शादी में वह सबसे खूबसूरत दिखे। मेकअप अपनी जगह है, लेकिन नेचुरल ग्लो की बात ही कुछ और होती है। बिना किसी महंगे और फैंसी ट्रीटमेंट के भी दुल्हनें अपनी स्किन पर नेचुरल ग्लो पा सकती हैं।
Bridal Glow Tips: शादी किसी भी दुल्हन की जिंदगी का बेहद खास दिन होता है। यह हर युवती का सपना होता है कि अपनी शादी में वह सबसे खूबसूरत दिखे। मेकअप अपनी जगह है, लेकिन नेचुरल ग्लो की बात ही कुछ और होती है। अगर आप भी ब्राइड टू बी हैं तो डर्मेटोलॉजिस्ट से जानते हैं दुल्हन वाला निखार पाने के तरीके।
स्किन पर पाएं नेचुरल ग्लो

डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ. (मेजर) गुरवीन वरैच ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर होने वाली दुल्हनों के लिए एक पोस्ट शेयर किया। इसमें डॉ.गुरवीन ने बताया कि बिना किसी महंगे और फैंसी ट्रीटमेंट के भी दुल्हनें अपनी स्किन पर नेचुरल ग्लो पा सकती हैं। बस इसके लिए उन्हें कुछ बातों पर ध्यान देना होगा।
1. ज्यादा नमक खाने से बचें
डॉक्टर का कहना है कि संतुलित नमक वाली डाइट से स्किन हेल्दी रहती है। इसी के साथ चीनी का सेवन भी कम करें। नमक का ज्यादा सेवन करने से मुंहासों और ब्रेकआउट की समस्या हो सकती है। नमक डिहाइड्रेशन को बढ़ाता है, जिससे स्किन रूखी और बेजान होने का खतरा रहता है। दिनभर में 2.5 से 3 लीटर पानी का सेवन करें। इससे शरीर और स्किन दोनों हाइड्रेट रहेगी। नियमित रूप से सेब, चुकंदर, गाजर से बनने वाला एबीसी जूस पिएं। इससे स्किन पर चमक आएगी। सुबह के समय सौंफ और जीरे के पानी का सेवन करना न भूलें। स्किन को हेल्दी रखने के लिए डाइट में प्रीबायोटिक जैसे केला या ओट्स को शामिल करें। खमीर उठे खाद्य पदार्थ भी अच्छा विकल्प हैं।
2. कुछ सप्लीमेंट्स लें
डॉ.गुरवीन के अनुसार कुछ सप्लीमेंट्स दुल्हन को ब्राइडल ग्लो देने में मददगार हो सकते हैं। इनमें सबसे अहम है विटामिन सी सप्लीमेंट। यह कोलेजन बूस्टर है, जिससे चेहरे पर चमक आती है। स्किन के लिए ग्लूटाथियोन एक शानदार एंटीऑक्सीडेंट है। इसका सप्लीमेंट स्किन को हेल्दी बनाएगा। ओमेगा 3 सप्लीमेंट लेने से स्किन पर सूजन कम होती है और मुहांसों जैसी परेशानियां दूर होती हैं। झुर्रियों और फाइन लाइन से बचाव के लिए रेस्वेराट्रोल लें। स्किन को हाइड्रेशन देने के लिए कोलेजन पेप्टाइड सप्लीमेंट लें। इन सभी से स्किन पर अंदर से ग्लो आएगा।
3. कुछ उपचार दूर करेंगे परेशानी
शादियों के बड़े सावे नजदीक हैं। अगर आपकी शादी भी करीब है और आप कोई स्किन ट्रीटमेंट लेना चाहती हैं तो अभी से इसकी तैयारी कर लें। क्योंकि किसी भी स्किन ट्रीटमेंट के कई सत्र लेने पड़ते हैं। चेहरे पर मुंहासे या मुंहासे के निशान हैं तो आप माइक्रोनीडलिंग या लेजर ट्रीटमेंट ले सकती हैं। अगर चेहरे पर बहुत ज्यादा बाल हैं तो आप लेजर ट्रीटमेंट करवाके इनसे छुटकारा पा सकती हैं। हालांकि इसके 6 से 8 सत्र लेने पड़ सकते हैं। ये सभी 4 सप्ताह के अंतराल में लेने होंगे। स्किन टाइटनिंग के लिए माइक्रोनीडलिंग आरएफ, पीआरपी, फ्रैक्शनल लेजर ट्रीटमेंट ले सकते हैं।
4. सही लाइफस्टाइल अपनाएं
डॉक्टर के अनुसार हर होने वाली दुल्हन को रात में 7 से 9 घंटे की ब्यूटी स्लीप लेनी चाहिए। यह ग्लोइंग स्किन का सीक्रेट है। धूम्रपान और शराब से दूरी बनाएं। नियमित एक्सरसाइज करें। इससे स्किन का रक्त संचार बढ़ता है और चमक बढ़ती है। तनाव से दूर रहें। मैग्नीशियम सप्लीमेंट एक बेहतर विकल्प है। बालों की केयर के लिए हर महीने स्पा और डीप कंडीशनिंग करवाएं। नियमित रूप से सनस्क्रीन का उपयोग करें। और एक अच्छे स्किन केयर रूटीन को फॉलो करें।
