Avocado Face Mask: एवोकाडो का सेवन सेहत के लिए काफी अच्छा माना जाता है, लेकिन इसके ब्यूटी बेनिफिट्स भी कम नहीं है। अगर एवोकाडो की मदद से फेस मास्क बनाया जाता है, तो इससे आपकी स्किन को ना केवल पोषण मिलता है, बल्कि यह आपकी स्किन को हाइड्रेट करने में भी मददगार है। यूं तो एवोकाडो का इस्तेमाल किसी भी स्किन टाइप के लिए किया जा सकता है, लेकिन रूखी स्किन के लिए इसे विशेष तौर पर फायदेमंद माना जाता है। इसका क्रीमी टेक्सचर आपकी रूखी स्किन को पर्याप्त नमी प्रदान करता है, जिससे आपकी स्किन एकदम स्मूथ लगने लगती है।
अगर आप नेचुरल तरीके से अपनी रूखी स्किन का ख्याल रखना चाहते हैं तो ऐसे में एवोकाडो मास्क का इस्तेमाल करना यकीनन एक अच्छा विचार है। आप इसकी मदद से कई अलग-अलग तरीके से मास्क बनाकर अपनी स्किन को पैम्पर कर सकती हैं। तो चलिए आज इस लेख में हम आपको बता रहे हैं कि अपनी रूखी स्किन का ख्याल रखने के लिए आप एवोकाडो का इस्तेमाल किस तरह कर सकती हैं-
Also read: प्राकृतिक चमक! पुदीने का फेस मास्क है त्वचा के लिए फायदेमंद: Mint Face Mask
स्किन केयर में एवोकाडो किस तरह काम करता है?

अगर आप एवोकाडो को स्किन केयर रूटीन का हिस्सा बनाना चाहती हैं तो आपको पहले यह जानना होगा कि यह स्किन केयर में किस तरह काम करता है-
- एवोकाडो में ज़रूरी विटामिन, मिनरल और हेल्दी फैट्स होते हैं, जो इसे स्किनकेयर का पावरहाउस बनाते हैं। एवोकाडो में ओलिक एसिड होता है, यह एक मोनोअनसैचुरेटेड फैटी एसिड है, जो स्किन में गहराई से प्रवेश करता है और नमी को बनाए रखता है। जिसकी वजह से आपको ना केवल स्किन के रूखेपन को दूर करने में मदद मिलती है, बल्कि यह स्किन इलास्टिसिटी को भी बेहतर बनाता है।
- विटामिन ए सेल टर्नओवर को बढ़ावा देता है, जो रूखी, फ्लेकी स्किन को रिपेयर करने में मदद करता है।
- वहीं, विटामिन सी कोलेजन उत्पादन को बढ़ाता है, जो स्किन को चमकदार बनाता है।
- विटामिन ई एक एंटी-ऑक्सीडेंट के रूप में कार्य करता है, जो स्किन को फ्री रेडिकल्स से होने वाले नुकसान से बचाता है।
- इसमें मौजूद विटामिन के सूजन को कम करने और रेडनेस को कम करने में मदद करता है।
- एवोकाडो में मौजूद पोटेशियम और मैग्नीशियम स्किन को हाइड्रेट करता है और नमी को बनाए रखता है।
- इसके अलावा, एवोकाडो ल्यूटिन और ज़ेक्सैंथिन जैसे एंटी-ऑक्सीडेंट से भरपूर होते हैं, जो फ्री रेडिकल्स को बेअसर करते हैं और त्वचा की उम्र बढ़ने को धीमा करते हैं।
- एवोकाडो में मौजूद ऑयल स्किन को आराम देते हैं और उसे मुलायम बनाते हैं, जिससे स्किन स्मूथ नजर आती है।
एवोकाडो मास्क रूखी स्किन के लिए किस तरह फायदेमंद है?
- एवोकाडो मास्क को रूखी स्किन के लिए काफी फायदेमंद माना जाता है। यह आपकी स्किन में हाइड्रेशन और नमी को लॉक करने में मदद करता है।
- इसमें मौजूद विटामिन ए स्किन को रिजुविनेट करता है। इससे आपकी रूखी व डैमेज्ड स्किन के पैच को ठीक करने में मदद मिलती है। वहीं, विटामिन ई एक प्रोटेक्टिव बैरियर बनाता है।
- एवोकाडो में मौजूद विटामिन सी कोलेजन उत्पादन को उत्तेजित करती है, जिससे स्किन की इलास्टिसिटी इंप्रूव होती है। यह विशेष रूप से रूखी स्किन के लिए फायदेमंद है, जो अक्सर सुस्त और बेजान नजर आती है।
- एवोकाडो में मौजूद फैटी एसिड सूजन के साथ-साथ रेडनेस और जलन को शांत करते हैं। इससे स्किन के सूखेपन की शिकायत कम होती है।
एवोकाडो और शहद से बनाएं मास्क
शहद स्किन को नेचुरल तरीके से नमी प्रदान करता है। एवोकाडो के साथ मिलकर यह मास्क आपकी स्किन को पर्याप्त हाइड्रेशन प्रदान करता है। इसलिए इस मास्क को रूखी स्किन के लिए काफी अच्छा माना जाता है।
आवश्यक सामग्री-
- 1 पका हुआ एवोकाडो
- 1 बड़ा चम्मच शहद
मास्क बनाने का तरीका-
- मास्क बनाने के लिए सबसे पहले एवोकाडो को मैश कर लें।
- अप इसके लिए कांटे या ब्लेंडर का उपयोग कर सकते हैं।
- अब इसमें शहद डालकर अच्छी तरह मिक्स करें।
- तैयार मास्क को साफ और सूखी स्किन पर लगाएं।
- इसे करीबन 15-20 मिनट तक लगा रहने दें।
- अब आप अपने चेहरे को गुनगुने पानी से धोएं और थपथपाकर सुखाएं।
- आखिरी में अपनी स्किन को मॉइश्चराइज करना बिल्कुल भी ना भूलें।
एवोकाडो और केले का मास्क

केले में पोटैशियम और नेचुरल शुगर होती है जो स्किन को हाइड्रेट करने के साथ-साथ उसे स्मूथ भी बनाती है। वहीं, नारियल का तेल भी रूखी स्किन को अतिरिक्त नमी प्रदान करता है।
आवश्यक सामग्री-
- 1/2 पका हुआ एवोकाडो
- 1/2 पका हुआ केला
- 1 चम्मच नारियल का तेल
मास्क बनाने का तरीका-
- सबसे पहले एवोकाडो और केले को एक साथ मिलाकर चिकना पेस्ट बना लें।
- अब इसमें नारियल का तेल डालें और अच्छी तरह मिक्स करें।
- आप अपनी आंखों के आसपास के एरिया को छोड़कर तैयार मास्क को अपने चेहरे पर लगाएं।
- इसे 15-20 मिनट तक लगा रहने दें।
- अब आप गुनगुने पानी से चेहरा धोएं और फिर उसे मॉइश्चराइज करें।
एवोकाडो और दही का मास्क

रूखी स्किन के लिए एवोकाडो और दही का मास्क भी काफी अच्छा माना जाता है। दही में लैक्टिक एसिड होता है, जो एक जेंटल एक्सफ़ोलिएंट है। यह डेड स्किन सेल्स को हटाता है। साथ ही साथ, जैतून का तेल नमी प्रदान करने के साथ-साथ पोषक तत्व भी देता है।
आवश्यक सामग्री-
- 1 पका हुआ एवोकाडो
- 2 बड़े चम्मच सादा दही
- 1 चम्मच जैतून का तेल
मास्क बनाने का तरीका-
- एवोकाडो को एक कटोरे में चिकना होने तक मैश करें।
- अब इसमें दही और जैतून का तेल डालकर तब तक मिक्स करें, जब तक कि आपको क्रीमी कंसिस्टेंसी न मिल जाए।
- अब तैयार मिश्रण को अपने चेहरे पर समान रूप से लगाएं।
- इसे 15 मिनट तक लगा रहने दें।
- अब आप अपने चेहरे को ठंडे पानी से धोकर मॉइश्चराइज़ करें।
