आजकल टेक्नोलॉजी का जमाना है और गैजेट्स के बिना हम अपनी जिन्दगी की कल्पना तक नहीं कर सकते। आमतौर पर, मोबाइल से लेकर टैबलेट, टीवी व लैपटॉप जैसे कई गैजेट्स हमारी जिन्दग का अहम् हिस्सा बन चुके हैं। यह एक लिहाज से बेहद जरूरी भी है। लेकिन वो कहते हैं ना कि किसी भी चीज की अति क्षति का कारण बनती है। यही नियम गैजेट्स पर भी लागू होता है। जब आप इन्हें अपनी जिन्दगी का हिस्सा बनाने की जगह अपनी जिन्दगी ही बना लेते हैं तो इससे आपके रिश्ते बर्बाद होने में देर नहीं लगती। कई बार ऐसा होता है कि गैजेट्स धीरे-धीरे हमारी जिन्दगी यहां तक कि लव लाइफ को भी प्रभावित करने लगते हैं और हमें पता ही नहीं चलता। तो चलिए आज इस लेख में हम आपको ऐसे कुछ संकेतों के बारे में बता रहे हैं, जो यह बताते हैं कि गैजेट्स आपकी लव लाइफ को बर्बाद कर रहे हैं-

आमने-सामने कम बातें करना

यह एक संकेत है जो यह बताता है कि अब आपके रिश्ते में प्यार की जगह टेक्नोलॉजी ने ले ली है। मसलन, अगर आप एक ही घर में रहते हुए आमने-सामने बातें करने की जगह टेक्स्ट करके या फिर एक-दूसरे से फोन कॉल आदि से बातचीत करते हैं  à¤¯à¤¾ फिर अक्सर जरूरी बातें करने के लिए हम टेक्नोलॉजी या सोशल मीडिया का सहारा लेते हैं। तो समझ लीजिए कि यह आपके लिए एक खतरे की घंटी है। यह सच है कि टेक्नोलॉजी हमारे आराम के लिए है, लेकिन इस पर बहुत अधिक निर्भरता लव लाइफ को डैमेज करती है। इसलिए, जब आप एक -दूसरे के साथ हों तो आमने-सामने बात करने और क्वालिटी टाइम बिताने की कोशिश करें।

साथ होते हुए भी फोन में रहना

जब आप दोनों एक साथ हैं, लेकिन फिर भी एक-दूसरे को महसूस नहीं कर पा रहे हैं, क्योंकि आप दोनों ही अपने-अपने फोन में बिजी हैं। यह भी एक इशारा है कि टेक्नोलॉजी अब आपके प्यार भरे रिश्ते पर हावी होने लगी है। ऐसे में कपल्स कभी भी एक-दूसरे के साथ क्वालिटी टाइम नहीं बिता पाते। वह ना तो एक-दूसरे खुशियों में भागीदार बन पाते हैं और ना ही उनके दुख को समझ पाते हैं। इस तरह उनके प्यार की नींव ही कमजोर होने लगती है।

जीवन के महत्वपूर्ण पलों को मिस करना

जब हम एक-दूसरे के साथ होते हैं तो कभी-कभी अनजाने में आप कुछ यादगार पलों को मिस करते हैं। यहां तक कि हाथों में हाथ डालकर साथ में चलने का भी अपना ही एक अलग आनंद होता है। लेकिन अगर आप एक साथ रहकर भी उन पलों को जी ही नहीं पा रहे हैं और अपने-अपने फोन में बिजी रहते हैं तो यह संकेत है कि गैजेट्स ने आपकी जिन्दगी में सबसे अहम् स्थान हासिल कर लिया है। यहां तक कि, अब यह आपके प्यार पर भी हावी होने लगा है।

हरदम फोन के साथ रहना

अगर आपने अपने पार्टनर के साथ डेट पर जाने का प्लॉन बनाया है या फिर घर पर भी एक साथ कुछ वक्त बिताने का प्लॉन किया है, लेकिन फिर भी आप डेट पर भी फोन के साथ रहते हैं। अगर आप दिनभर के लिए बाहर जाते हैं तो अपने फोन के साथ-साथ उसका चार्जर व गैजेट्स आदि भी अपने साथ रखते हैं। यहां तक कि एक घंटे के लिए भी आप अपने फोन से दूर रहकर पार्टनर को वक्त नहीं दे सकते, तो यह भी एक संकेत है कि आपके रिश्ता टेक्नोलॉजी की भेंट चढ़ने लगा है। ऐसे में आप साथ रहते हुए भी अपने प्यार को और भी गहरा नहीं कर सकते।

सोशल मीडिया के लिए सेल्फी और लाइक

आमतौर पर देखने में आता है कि जब कपल्स एक साथ होते हैं, तो ऐसे में वह कुछ तस्वीरें क्लिक करते हैं। लेकिन यह उनके साथ बिताए गए पलों की एक याद होता है। हालांकि, कुछ कपल्स इन्हें भी सोशल मीडिया पर अपलोड कर देते हैं और हमें सिर्फ इस बात की चिंता रहती है कि उन सेल्फी को कितने लाइक मिले। इस तरह, उनकी लव लाइफ केवल दुनिया के लिए ही अच्छी होती है, जबकि वास्तविकता में उनके बीच का प्यार टेक्नोलॉजी के बोझ तले दब चुका होता है। इसलिए, अगर आप साथ होते हुए भी केवल क्लिक्स पर ही फोकस करते हैं तो यह संकेत हैं कि गैजेट्स आपकी लव लाइफ को बर्बाद कर रहा है।

अपने साथी से अवास्तविक अपेक्षाएं करना

जब हमें टेक्नोलॉजी की लत लग जाती है, तो ऐसे में हम अपने पार्टनर से भी कुछ अवास्तविक अपेक्षाएं करने लगते हैं। मसलन, हम सोशल मीडिया पर सबके सामने ऐसे पार्टनर को पेश करना चाहते हैं जो बेहद स्टाइलिश और हैंडसम या ब्यूटीफुल हो। लेकिन हर व्यक्ति फिजिकली बेहद फिट या स्मार्ट हो, यह जरूरी नहीं है। ऐसे में अपने पार्टनर से अवास्तविक अपेक्षाएं करने से भी कपल्स के बीच समस्याएं होने लगती हैं। जब आप टेक्नोलॉजी के कारण एक मिरर इमेज बना लेते हैं और फिर पार्टनर पर उसके जैसा ही बनने का दवाब बनाते हैं तो यह संकेत है कि टेक्नोलॉजी के कारण आपकी लव लाइफ प्रभावित होने लगी है।

यह भी पढ़ें- देर रात तक फोन का करेंगी इस्तेमाल तो बिखर जाएगा आपका रिश्ता

रिलेशनशिप संबंधी यह लेख आपको कैसा लगा? अपनी प्रतिक्रियाएं जरूर भेजें। प्रतिक्रियाओं के साथ ही रिलेशनशिप से जुड़े सुझाव व लेख भी हमें ई-मेल करें – editor@grehlakshmi.com