दिल्ली पर्यटन, दिल्ली सरकार और दिल्ली कल्याण समिति के सहयोग से 9 से 11 जून, 2017 तक दिल्ली हाट, आई.एन.ए. में ग्रीष्म उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस त्रिदिवसीय उत्सव में दिल्लीवासियों के लिए अनेक गतिविधियों को सीखने के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद भी मिलेगा।
दिल्ली हाट, आई.एन.ए. अपने आप में एक छोटा भारत है। इस हाट में विभिन्न राज्यों के पारंपरिक हुनरमंदों के द्वारा तैयार किए गए उत्पादों की प्रदर्शनी व ब्रिकी एक ही स्थान पर उपलब्ध है। इस हाट में विभिन्न देशों व प्रांतों के व्यंजनों का आनंद भी लिया जा सकता है। यहां पर शिल्पकारी व हस्तशिल्प के अनूठे उत्पादों को खरीदा जा सकता है।
दिल्ली हाट विविधिता में एकता लिए हुए अपने आप में प्रसिद्ध है। यहां पर समय-समय पर अनेक मेले व उत्सवों का आयोजन किया जाता है, इसी श्रृंखला में दिल्ली हाट, आई.एन.ए. में ग्रीष्म उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस मेले में सभी आयु वर्ग के लिए अनेक प्रकार की गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा, जिन्हें यहां पर सीखा जा सकता है जैसे कि कॉर्ड बनाना, पॉटरी क्लासेस (चाक पर मिट्टी से खिलौने बनाना), कपड़ों पर पेंटिंग करना, खाना बनाने की कला, सब्जियों और पत्तियों से पेंटिंग, महिलाओं को अपनी सुरक्षा कैसे करनी है की क्लासेस, इत्यादि।
तीन दिवसीय ग्रीष्म उत्सव के दौरान आयोजित हर शाम सांस्कृतिक कार्यक्रमों में चिंतन राजपूत, सुखमंच थिएटर ग्रुप, ज़िफर बैंड और प्रसिद्ध निज़ामी ब्रदर्स की क़व्वालियों का भी आनंद लिया जा सकेगा।
ग्रीष्म उत्सव में महिलाओं के लिए मिसेज़ ग्रीष्म – 2017 प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जा रहा है, जो नामांकित प्रतिभागियों के मध्य किया जाएगा।
इस उत्सव का सफ़लता पूर्वक आयोजन दिल्ली हाट पीतम पुरा, दिल्ली हाट जनकपुरी और गार्डन ऑफ़ फ़ॉइव सेंसेंज़ में किया जा चुका है और इसका आगामी चरण हरितिमा पर्यटन स्थल, कांगनहेड़ी में होगा। दिल्ली में पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न उत्सवों व मेलों का आयोजन किया जाता है। ग्रीष्म उत्सव भी इसी श्रृंखला में है।
इस उत्सव का कोई अलग से शुल्क नहीं है, केवल दिल्ली हाट आई.एन.ए. का प्रवेश शुल्क रू. 30/- ही मान्य है। ग्रीष्म उत्सव का समय है दोपहर 12 बजे से रात्रि 10 बजे तक।
आज भागदौड़ से भरी ज़िंदगी में इस सप्ताहांत 9 से 11 जून तक अपने प्रियजनों सहित मौज-मस्ती से भरे कुछ पल सुकून से बिताने के लिए हो जाइए तैयार!
