खूबसूरती को गर्मियों में कायम रखना आसान नहीं है, क्योंकि गर्मियों में बाहर से हॉट दिखने के लिए ज़रूरी है भीतर से कूल रहना। इसके लिए हम यहां आपको बता रहे हैं कोकोनट, यानी नारियल की ऐसी खूबियों के बारे में, जिसे आप अपनी रुटीन लाइफ स्टाइल में आसानी से अपना सकती हैं।
 
फिटनेस के लिए
 
कोकोनेट वॉटर को अपनी रुटीन लाइफ का हिस्सा बना लीजिए, क्योंकि इसमें पोटेशियम, फाइबर, मैग्नीशियम, कैल्शियम, विटामिंस जैसे पोषक तत्वों की इतनी भरमार है, जो इम्यून सिस्टम को बहुत ही मज़बूत कर देता है। इससे न सिर्फ़ पाचन दुरुस्त रहता है, बल्कि गर्मी में रहने वाली डीहाड्रेशन की समस्या भी कोसों दूर रहती है। साथ ही ये शरीर में पानी की कमी भी नहीं होने देता। शरीर में नमी की भरपूर मात्रा होने से शरीर पर बढ़ती उम्र का प्रभाव भी कम दिखता है। अगर हो सके तो ताज़े नारियल का किसी न किसी रूप में नियमित सेवन करें। यह बार-बार लगने वाली भूख को कम करके एक हेल्दी नेचुरल स्नैक्स का काम करता है।
 
ब्यूटी के लिए
 
गर्मियों में चाहे कितना भी बचें, किसी न किसी काम से बाहर तो निकलना ही पड़ता है। छाता-स्कार्फ भी चाहे जितना इस्तेमाल कर लीजिए, टैनिंग और सनबर्न
तो फिर भी हो जाता है। इसके लिए आप थोड़ा सा कोकोनेट वॉटर हमेशा अपने फ्रिज में रखिए। जब भी धूप से वापस लौटें तो थोड़ा सा ठंडा कोकोनेट वॉटर
लेकर उससे अपना चेहरा धो लीजिए। ये झुलसी हुई त्वचा को ठंडक देने के साथ ही गहराई तक साफ करके उसे मॉश्चराइज़ भी कर देता है, जिससे त्वचा की सारी डलनेस दूर हो जाती है। 
 
ताज़े नारियल का थोड़ा गाढ़ा पेस्ट बनाकर उसे चेहरे पर लगाकर थोड़ी देर के लिए छोड़ दीजिए। उसके बाद चेहरे को ठंडे पानी से धो दीजिए। बेरौनक चेहरे पर भी इसकी बदौलत गज़ब का निखार आ जाता है।
 
टैनिंग हटाने के लिए
 
गर्मियों में ज़्यादातर महिलाएं शॉर्ट ड्रैस पहनना पसंद करती हैं। स्लीवलेस, डीपनेक, बैकलैस जैसी ड्रैसेज़ इस मौसम में बेहद कॉमन हो जाती हैं। ये पहनने में जितनी अच्छी लगती हैं, ट्रैंनिंग को उतनी ही निमंत्रित भी करती हैं। इसके लिए भी कोकोनेट वरदान है।
 
थोड़ा-सा ताज़ा कसा हुआ नारियल लेकर उसमें कसा हुआ टमाटर और खीरा मिला लीजिए। थोड़ा सा बेसन और नींबू के रस की कुछ बूंदें भी इसमें मिला लीजिए। अब जहां भी आपको अपनी स्किन टैन या बर्न लगे, वहां पर इस पेस्ट को लगाकर पांच मिनट के लिए छोड़ दीजिए। फिर हल्के हाथों से कुछ देर तक स्क्रब कीजिए। बाद में साफ पानी से धोकर नेच्यूरल तरीके से सूखने दीजिए, पोंछिए नहीं।
 
दाग-धब्बे दूर करने के लिए
 
गर्मियों में चेहरे पर बार-बार फुंसी-मुंहासे वगैरह हो जाना आम बात है। आपको जानकर हैरानी होगी, लेकिन नारियल तेल के गुण का कहना ही क्या। सोने से पहले नियमित रूप से चेहरा सा$फ करके थोडा़-सा नारियल तेल लेकर बहुत हल्के हाथों से चेहरे की मसाज कीजिए। थोड़ी देर मसाज करने के बाद चेहरे को उंगलियों की सहायता से थपाथपाएं। फिर फ्रिज में ठंडा किया हुआ नारियल पानी लेकर उससे चेहरा धो लें। कुछ देर तक चेहरे को ऐसे ही रहने दीजिए। बाद में कॉटन में गुलाबजल लेकर चेहरे को अच्छी तरह से पोंछ लीजिए और रात भर ऐसे ही छोड़ दीजिए। इससे चेहरे का कालापन, दाग-धब्बे, झुर्रियां-झाइयां वगैरह तेज़ी से खत्म हो जाते हैं।
 
हेयर केयर के लिए
 
गर्मियों के मौसम में बालों के लिए नारियल तेल की रेग्युलर मसाज से बढ़कर कोई वरदान नहीं है। यह न सिर्फ बालों की जड़ें मज़बूत करके उन्हें घना और खूबसूरत बनाता है, बल्कि रूसी और असमय सफेद होते बालों पर भी असर छोड़ता है। नारियल के तेल की तासीर ठंडी होती है, इसलिए यह गर्मी से होने वाली घबराहट, सिरदर्द जैसी समस्याओं के लिए भी सटीक समाधान है।