World Music Day 2022: जन्म से लेकर जीवन के अलग-अलग पडावों में सेलिब्रेशन का हिस्सा है संगीत। छोटी या बडी हर खुशी को सेलिब्रेट करने के लिए संगीत होता है। किसी का मूड खराब हो तो उसके लिए भी संगीत है। यही नहीं हमारे आस पास और प्रकृति की हर चीज में संगीत है। संगीत के इस महत्व को समझते हुए ही शायद इसके लिए एक खास दिन की शुरूआत की गई होगी। एक दिन जब सबकुछ भूलकर सिर्फ संगीत में खो जाएं। संगीत के अलग अलग माध्यमों और वाद्यों के सुरों को लोगों तक पहुचाया जाए। हर साल 21 जून को वर्ल्ड म्यूजिक डे मनाया जाता है। आइए जानते हैं कब और कहां इसकी शुरूआत हुई।
कब हुई म्यूजिक के सेलिब्रेशन की शुरूआत
पहली बार वर्ल्ड म्यूजिक डे को 21 जून सन 1982 में फ्रांस में सेलिब्रेट किया गया था। फ्रांस के संस्कृति मंत्री जैक लैंग ने सन् 1982 में हर साल विश्व संगीत दिवस मनाने की घोषणा की थी। उन्होंने मॉरिस फ्लॉरेट के साथ मिलकर युवाओं में संगीत के प्रति रूचि का देखते हुए इस खास दिन को मनाने की शुरूआत की। इस पूरे दिन सडकों पर, पार्क में ओपन स्पेस में म्यूजीशियन एकत्रित होकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हैं। फ्रांस के बाद धीरे धीरे अन्य देशों ने भी म्यूजिक के इस खास दिन को मनाना शुरू कर दिया। 1985 में इसे वर्ल्ड म्यूजिक डे के रूप में बहुत से देशों ने अपना लिया था। आज दुनियाभर के लगभग सौ से भी अधिक देशों में इस खास दिन को सेलिब्रेट किया जाता है।
वर्ल्ड म्यूजिक डे की थीम
वर्ल्ड म्यूजिक डे के दिन संगीत के क्षेत्र से जुड़े बड़े-बड़े गायकों और संगीतकारों को सम्मान दिया जाता है। दुनिया भर में जगह-जगह पर संगीत से जुड़े कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है। जिन्हें संगीतकारों और गायकों को सम्मानित किया जाता है। हर वर्ष इस दिवस की थीम तय की जाती है। इस बार की थीम है ‘म्यूजिक ऑन द इंटरसेक्शन’।
जरा याद इन्हें भी कर लें
म्यूजिक से जुडी बात चल रही है तो भला अपने देश की स्वर कोकिला की बात न हो ऐसा मुमकिन नहीं है। इस वर्ल्ड म्यजिक डे पर न सिर्फ संगीत से जुडे लोग बल्कि हर संगीत प्रेमी को लता मंगेशकर की कमी महसूस होगी। उनकी आवाज लोगों के दिलों में आज भी उनकी पहचान है। उन्होंने जैसे अपने ही गाने को सदा के लिए जीवंत कर दिया, जो है’मेरी आवाज ही मेरी पहचान है’। यही नहीं संगीत जगत ने कई अनमोल लोगों का बीते दिनों में खोया है। मशहूर गायक बप्पी लहरी, नेशनल अवॉर्ड और पद्मश्री संध्या मुखर्जी, मशहूर गायक के.के. पंजाबी सिंगर मूसावाला को संगीतमय श्रद्धांजली दे याद किया जाएगा।
