हमेशा होटल जैसा साफ़ रहेगा आपका घर,अपनाएं ये सीक्रेट ट्रिक्स
हम आपके लिए कुछ ऐसे हैक्स ले कर आएं हैं जिनसे आपका घर भी महंगे होटलों जैसा साफ़ और चमकता हुआ दिखाई देगा।
Home Cleaning Hacks: जब किसी होटल में जा कर रुकते हैं तो एक बार उसके पूरे कमरे को ध्यान से जरूर देखते हैं और कई बार मन में ये सवाल घूमता है आखिर ये होटल वाले ऐसी कैसी सफाई करते हैं जो फर्श, कमरे, टॉयलेट यहां तक की पूरा कमरा चमकता रहता है। शायद कुछ अलग तरह के महंगे उत्पाद या किसी ख़ास तरह की मशीन इनकी सफाई के इस्तेमाल में लाई जाती होगी ऐसा सोच कर हमें ख्याल आता है काश हम भी अपने घर को इतना ही चमकता हुआ और साफ़ रख पाते।
यहां एक बात तो तय है होटल का हाउस कीपिंग स्टाफ साफ़ सफाई बनाये रखने के लिए समय समय पर हर तरफ चेक करता रहता है, लेकिन कैसा हो, हम भी इसी तरह कुछ दिनों के अंतराल पर साफ़ सफाई पर ध्यान दें साथ ही यहां कुछ ऐसे हैक्स ले कर आए हैं, जिनसे घर भी महंगे होटलों जैसा साफ़ और चमकता हुआ दिखाई देगा।

आइये जानते हैं इन हैक्स के बारे में।
ऑलिव ऑयल में छुपा है राज़

घर की अलमारी टेबल कुर्सी जैसे फर्नीचर नए होने पर तो काफी चमकते हैं पर समय के साथ साथ ये अपनी चमक खोने लगते हैं। चाहे जितनी भी बार आप इन्हें पोंछ लें, कुछ समय के बाद ये फिर से चमक खोने लगते हैं। लेकिन अब हम आपके लिए एक ऐसा हैक लेकर आए हैं जिसकी मदद से मिनटों में फर्नीचर नया दिखने लगेगा, ठीक पहले जैसी चमक लिए ये घर की शोभा बढ़ा देगा। इसके लिए आप एक सूती कपडे को ऑलिव ऑयल में भिगोकर अच्छी तरह से उसका अतिरिक्त ऑयल निकाल कर निचोड़ लें। अब फर्नीचर पर जमी धूल किसी सूखे कपड़े से साफ़ कर ओलिव ऑयल से भीगे कपड़े से एक बार अच्छी तरह पूरे फर्नीचर को पोंछ लें। कुछ ही मिनटों में फर्नीचर चमक उठेगा।
Also Read: घर की साफ-सफाई में हेल्प करेंगे ये छोटे-मोटे टिप्स
लिंट रोलर करेगा कमाल

घर के सोफे या गद्देदार चीज़ पर जमी धूल हटाने के लिए अब आपको कपडे का फटका इस्तेमाल करने की जरुरत नहीं, बस एक लिंट रोलर लाएं और उसका इस्तेमाल कर जमी हुई धूल हटा लें, सोफे साफ़ दिखने लगेंगे, डिज़ाइनर गद्देदार कुर्सियां और बैठने में इस्तेमाल होने वाले पफ भी इस तरह आसानी से धूल मुक्त हो जाएंगे। आजकल बाजार में ये आसानी से मिल जाता है, घर बैठे भी आप इसे किसी भी शॉपिंग साइट से मंगवा सकती हैं।
माइक्रो फाइबर दीवारों को चमकाए

अक्सर घर की दीवारों पर जमा धूल दिखाई नहीं देती लेकिन जब इसकी सफाई की जाती है तब समझ आता है सबसे ज्यादा गंदगी यही जमा थी। दीवारों और कांच पर जमी धूल और गन्दगी माइक्रो फाइबर के इस्तेमाल से हटाएं। इसके इस्तेमाल से ना आपको ज्यादा मेहनत करनी पड़ेगी और ना ही समय की बर्बादी होगी। कुछ ही समय में घर और भी खूबसूरत नज़र आने लगेगा। बेहद आसानी से मिलने वाली इन सभी चीज़ों का इस्तेमाल कर के आप अपने घर को इसी तरह चमकदार और साफ़ सुथरा बनाए रख सकती हैं।
