Sabyasachi: भारत में लाल रंग को काफी शुभ माना जाता है। वहीं जब शादी की बात होती है तो दुल्हनों को भी लाल जोड़े में ही तैयार किया जाता है। कहा जाता है कि लाल जोड़े के बिना दुल्हन का श्रृंगार अधुरा सा लगता है लेकिन अब समय बदल रहा है। समय के साथ ही अब दुल्हनें बोल्ड हो गई हैं। अब सबकी पसंद भी बदल चुकी है। हर लड़की चाहती है कि जब वह दुल्हन बने तो सबसे अलग और सबसे हटकर दिखें। इसके लिए अब ज्यादातर लड़कियों में डिजाइनर लहंगे पहनने पर ज्यादा जोर देती हैै। ऐसे में जब दुल्हनों के लहंगों के लिए डिजाइन के नाम आते हैं। सब्यसाची मुखर्जी का नाम सबसे पहले जहन में आता है। सब्यसाची की कई दुल्हने ऐसी भी है जो कि लाल नहीं बल्कि सफेद रंग के जोड़े में दुुल्हन बनी है।
ईशा

सब्यसाची की दुल्हन ईशा मुंबई में रहती है। अपनी शादी में ईशा ने लाल रंग के लहंगे की जगह सफेद रंग का लहंगा पहना। इस लहंगे के हेम पर क्रिमसन और कमर पर एक्वा की डिजाइन की गई थी। लहंगे पर की गई मधुबनी पेंटिंग की तरह की गई कढ़ाई इस लहंगे को सबसे हटके लुक दे रही थी। इसके साथ ही ईशा के इस सफेद लहंगे पर नीले रंग के सुंदर ज्यामितीय पैटर्न बने हुए थे, जो उसे यूनिक टच दे रहे थे। सब्यसाची ने इस लहंगे के साथ नीले रंग की चोली को डिजाइन किया। ईशा की रॉयल वेडिंग में उनका लहंगा भी रॉयल ही लग रहा था।
अदिति शाह

सब्यसाची की दुल्हनों में अदिति शाह भी है जिन्होंने अपनी शादी में लाल नहीं बल्कि सफेद रंग का लहंगा पहन कर नया ट्रेंड सेट किया। अदिति ने अपनी शादी में सब्यसाची का डिजाइन किया हुआ सफेद फ्लॉवर लहंगा कैरी किया। सब्यसाची ने सफेद रंग के इस लहंगे पर लाल रंग के फूलों, हरे पत्तों और मल्टी कलर के पक्षियों के साथ फ्लोरा फौना की बारीक कढ़ाई की। इस लहंगे की कमर और हेमलाइन पर गोटा-पट्टी का काम किया गया था। सब्यसाची ने इस लहंगे के साथ सेमी स्लीव ब्लाउज और व्हाइट नेट दुपट्टे को डिजाइन किया।
सुखी कौर

सब्यसाची की अगली दुल्हन सुखी कौैर ने भी अपनी शादी में एक सफेद सब्यसाची लहंगा पहना था। सब्यसाची ने इस लहंगे को ऑर्गेना फैब्रिक में बनाया था। जिस पर आड़ू और गुलाबी रंग के गुलाब के फूलों के प्रिंट बने हुए थे। लहंगे की स्कर्ट के हेम में गुलाबी और सोने का कटवर्क बॉर्डर था।
मेहा पटेल

सब्यसाची के सफेद रंग के लहंगे में सजी मेहा पटेल अपनी शादी में बेहद खूबसूरत नजर आ रही थी। मेहा के इस लहंगे में गुलाबी और हरे फूलों की कढ़ाई की गई थी। उनके लहंगे में एक चौड़ा बॉर्डर था, जिस पर रेड और गोल्डन वर्क किया गया था। जिसके साथ हैवी कढ़ाई वाला ब्लाउज और एक व्हाइट दुपट्टा पेयर किया गया था।
प्रब्लीन कौर

प्रब्लीन कौर ने अपनी शादी में सब्यसाची का डिजाइन किया हुआ लहंगा पहना था। हालांकि यह लहंगा एक्ट्रेस आलिया भट्ट के लहंगे से मिलता जुलता था। आलिया भट्ट ने सोनम कपूर की रिसेप्शन पार्टी में सब्यसाची का एक नियॉन कलर का लहंगा पहना था, ठीक उसी तरह का सफेद रंग का लहंगा प्रब्लीन ने अपनी शादी में पहना था। सब्यसाची के इस लहंगे में ऑर्गेंजा और सिल्क की कढ़ाई हाथ से की गई थी। इस लहंगे के हेम और ब्लाउज की आस्तीन एक सफेद और सोने की बॉर्डर लाइन के साथ तैयार की गई थी। जिसके साथ सफेद दुपट्टे को पेयर किया गया था।