चूड़ा। नई शादीशुदा लड़कियों की ऐसी निशानी, जिसमें सुहाग को लेकर श्रद्धा दिखती है तो पति के लिए प्यार भी। यही चूड़ा नई दुल्हन की खूबसूरती भी बढ़ाता है और भीड़ में भी उन्हें अलग दिखाता है। चूड़ा जब इतना कुछ करता है तो उसे साधारण तो बिलकुल नहीं होना चाहिए। उसमें बहुत कुछ खास होना चाहिए और खूबसूरत भी। इनकी खरीदारी भी कुछ खास होनी चाहिए। इसकी खरीदारी देश के दिल दिल्ली के उन बाजारों से की जानी चाहिए, जो चूड़े की अनोखी क्वालिटी के लिए ही जाने जाते हैं। यहां लड़कियां देश के अलग-अलग शहरों से सिर्फ चूड़े की शॉपिंग के लिए ही आती हैं। आपकी भी शादी का समय पास आ रहा है तो आपको भी इन मार्केट के बारे में पता होना चाहिए। दिल्ली के इन मार्केट को पहचान लीजिए-

लाजपत नगर की वाह भाई वाह-
वैसे तो लाजपत नगर का बाजार पूरे देश में पहचाना जाता है। शादी की शॉपिंग करने तो अक्सर ही लोग यहीं आते हैं। यहां की पूरी सड़क तरह-तरह की दुकानों से सजी हुई हैं। इस मार्केट में सिर्फ चूड़ा ही नहीं कई सारी दूसरी एक्सेसरीज भी आसानी से मिल जाती हैं। यहां की बाबू चूड़ी वाला नाम की दुकान बाजार में काफी दमखम रखती है। मतलब ज़्यादातर लोग यहीं से चूड़ा खरीदते हैं। यहां आपको चूड़े की ढेर सारी डिजाइन तो मिलेंगी ही रंग भी अनोखे-अनोखे मिलेंगे। आप यहां अपने बाकी कपड़ों के साथ की चूड़ी भी खरीद सकती हैं।

करोल बाग में दिल बाग-बाग-
दिल्ली का करोल बाग एक ऐसा एरिया है, जो मानो दिल्ली की पहचान सी ही बन गया है। यहां का हनुमान मंदिर तो लोगों का ध्यान खूब खींचता है लेकिन यहां का मार्केट भी कुछ कम नहीं है। इस मार्केट में खरीदारी करने का मन बने तो समझ लीजिए कि सबकुछ मिल जाएगा। यहां मिलने वाली कलीरें भी बेहद खास डिजाइन की होती हैं। एक खास बात ये भी है कि यहां हर आइटम में पंजाबी टच जरूर मिलेगा। ये भी माना जाता है कि दीपिका पादुकोणे यहीं पर अपनी चूड़ा खरीदारी के लिए आई थीं।

चांदनी चौक की चकाचौंध-
चांदनी चौक एक ऐसा मार्केट है, जहां लहंगे के डिजाइनर पीस मिलते हैं। जिन लहंगों को अपने टीवी पर हीरोइनों को पहने देखा होगा, उन्हें खरीदने का मौका दिल्ली का चांदनी चौक देता है। लेकिन यही बाजार चूड़े के बेस्ट पीसेज के लिए भी जाना जाता है। वैसे शादी में जिन भी चीजों का इस्तेमाल होता है, उनका नाम लीजिए, यहां वो सब मिल जाती हैं। अगर आपको बेस्ट चीजें चुननी हैं तो यहां थोड़ा समय निकाल कर आइएगा।

राजौरी गार्डेन जाना है जरूरी-
दिल्ली का राजौरी गार्डेन में कई सारे डिजाइनर चूड़ा स्टोर मौजूद हैं। अच्छी बात ये है कि आप चूड़ा अपने हिसाब से भी बनवा सकती हैं। यहां की एक शॉप नेहा बैंगल कॉर्नर चूड़ा के लिए बेस्ट शॉप में से एक है। उसके लिए बेस्ट डिजाइन का सुझाव भी आपको जरूर मिल जाएगा।
ये भी देखें-
