यह सच है कि विवाह के वक्त लड़का-लड़की के परिवार वाले हर चीज जैसे- कैरियर, परिवार, स्वभाव आदि का मिलान करके ही रिश्ते को आगे बढ़ाते हैं लेकिन क्या आपको नहीं लगता कि इन सब बातों के साथ-साथ यदि राशि के अनुसार भी थोड़ी पड़ताल कर ली जाए तो इसमें बुराई क्या है? बल्कि कुछ न कुछ अच्छा ही छिपा होता है इसलिए आइए जानें राशि के अनुसार कैसे अपना जीवनसाथी चुनें-

तुला राशि महिला और सिंह राशि पुरुष 

 
अगर दोनों पार्टनर इन राशि के होते हैं तो यह जोड़ी स्वर्ग में बनी जोड़ी कहलाती है। यह रिश्ता प्यार, रोमांस और जुनून से भरा होगा। इनके बीच में बहुत अच्छी कैमेस्टी होगी और समस्याएं कम ही आती हैं। अगर आईं भी तो ये दोनों अपने स्वभाव के चलते उन पर जल्द ही काबू पा लेते हैं। तुला और सिंह को सामाजिक समारोह में भाग लेना पसंद होता है। ये प्रेमी के जैसा व्यवहार करना पसंद करते हैं, तुला महिला में निर्णय लेने की क्षमता कम होती है जबकि सिंह पुरुष इस मामले में पूर्ण होते हैं। तुला महिला पैसे को सोच-समझ कर खर्च करती है जबकि सिंह पुरुष पैसा बहाने को हर वक्त तैयार रहता है। एक-दूसरे के स्वभाव के विपरीत होने के कारण वे विपरीत परिस्थितियों का सामना करने में सक्षम होते हैं।

कुंभ महिला और मेष पुरुष

 
कुंभ राशि के चिह्न में एक व्यक्ति पानी के घड़े से पानी उलटते हुए दर्शाया गया है। यानी कि इनके अंतरमन को समझ पाना थोड़ा कठिन होता है, इन्हें मन से जीता जा सकता है ना कि तन से। यानी इनका मन पानी की तरह स्वच्छ और निर्मल होता है साथ ही प्रेम कूट-कूट कर भरा होता है। ये प्रकृति से प्रेम करने वाले और खुद स्वतंत्रता से जीवन जीने वाले होते हैं। अपने मित्र व पार्टनर के प्रति ये काफी ईमानदार होते हैं। मेष राशि वाले पुरुष आक्रामक और समझदार होते हैं। मेष राशि कुंभ के मन को पढऩे में भली भांति सक्षम होती है। कुंभ राशि की महिलाएं समर्पण का भाव रखती हैं इसलिए इन दोनों का वैवाहिक जीवन उत्तम रहेगा। ये दोनों अपने साथी को स्पेस देना भी पसंद करते हैं।

कन्या महिला और मकर पुरुष

 
इस मैच की अनुकूलता बहुत हद तक अच्छी है क्योंकि दोनों एक-दूसरे पर विश्वास करते हैं और दोनों में व्यक्तिगत दृष्टिकोण की पूरी परिपक्वता है। कन्या राशि की महिलाओं को अपनी क्षमताओं और कौशल पर विश्वास होता है। जीवन के प्रति गंभीर दृष्टिकोण उनके रिश्ते को कम रोमांटिक बनाता है। ये लड़कियां बहुत भावुक होती हैं और ज्यादातर मामलों में दिमाग के बजाय दिल से काम लेती हैं। ये लोग धर्म में रुचि तो रखते हैं लेकिन किसी विशेष मत से संबंध नहीं रखते। मकर राशि के पुरुष काफी महत्वाकांक्षी होते हैं, उन्हें घूमना फिरना काफी पसंद होता है। ये अपने हर काम को योजनाबद्ध तरीके से करते हैं। ये कम बोलते हैं लेकिन सुनते सबकी हैं। इस राशि के लोग रिजर्व रहना पसंद करते हैं। ये अपने लाइफ पार्टनर को काफी अच्छे से समझने का प्रयास करते हैं। ये अपने रिश्तों के प्रति काफी ईमानदार होते हैं। कुल मिलाकर दोनों में खूब पटती है।

वृषभ महिला और कर्क पुरुष

 
इन दोनों राशि के लोग अगर साथ में जीवन बिताएं तो मूलभूत स्वभाव और व्यक्तित्व में असमानताएं होने के बावजूद उनकी यह जोड़ी सफल कही जाएगी, क्योंकि जीवन के कई मोड़ पर इन दोनों के बीच मौजूद यही असमानताएं उन्हें सुरक्षित जीवन देंगी। भावनात्मक और शारीरिक दोनों प्रकार के संबंधों में यह जोड़ी एक-दूसरे को सपोर्ट करने वाली होगी। इसके अलावा कर्क के पुरुष में चंचलता व शरारत भरी होती है और वृष की स्त्री अपने काम से काम रखने वाली होती है। प्रेम को लेकर इनके जीवन में बहुत नोकझोंक रहती है। इन्हें प्रेम संबंधों में कुछ खास मजा नहीं आएगा लेकिन फिर भी जीवन ठीक से चलता है।

मिथुन महिला और तुला पुरुष

 
मिथुन राशि की महिलाएं किसी भी व्यक्ति के साथ आसानी से मिक्सअप हो जाती हैं। उनका स्वभाव काफी अच्छा और सरल होता है। ये महिलाएं बुद्धिमान और सूझबूझ से काम लेने वाली होती हैं, वहीं तुला राशि वाले लोग खुशमिजाज होंते हैं। लेकिन कुछ भी गलत होने पर ये लोग बहुत जल्दी टेंशन में भी आ जाते हैं। यह भी सच है कि ये लोग जीवन की अच्छी बुरी घटनाओं के बीच संतुलन बनाकर चलते हैं और यही इनकी खूबी भी है। अगर इन दोनों राशियों का संबंध बनता है तो यकीन मानिए यह जोड़ी प्रेम संबंधों के लिए ही बनी है। आप दोनों के बीच अगर प्रेम संबंध स्थापित होता है तो आप दोनों बहुत से लोगों के लिए मिसाल बन सकते हैं।
 
 
 
 

वृश्चिक महिला और मीन पुरुष

 
ये दोनों जल राशियां हैं इसलिए इन दोनों के बीच संबंध हमेशा अच्छे ही रहेंगे। मीन वृश्चिक को पूरी तरह से समझते हैं और हमेशा खुश रखने की कोशिश करते हैं। हालांकि मीन पुरुष थोड़े संकोची स्वभाव के होते हैं लेकिन अपने शर्मीले स्वभाव में भी वे वृश्चिक महिला के सामने सहज होते हैं लेकिन वृश्चिक महिला को मीन का यूं संकोची होना और खुल कर प्रेम का इजहार ना करना थोड़ा अखरता जरूर है। लेकिन वृश्चिक महिलाएं अपने प्यार के प्रति पूरी तरह से समर्पित और वफादार होती हैं। वृश्चिक महिलाओं के साथ बहस में पड़ने से बचें क्योंकि वे जल्दी से माफ नहीं करतीं। इनमें काम करने की अपार क्षमता होती है। वाणी की कटुता होती है लेकिन फिर भी ये दिल की साफ होती हैं। ये दोनों शादी के बाद अपनी जिम्मेदारियां बखूबी निभाते हैं।

सिंह महिला और मिथुन पुरुष

 
सिंह और मिथुन राशि वाले मनोरंजन और एन्जॉय करना बेहद पसंद करते हैं और साहसी स्वभाव के होते हैं। इस रिश्ते में बोरियत की कोई संभावना नहीं है। यह महिला थोड़ी शक करने वाली होती है और पुरुष थोड़े ज्यादा ही चंचल, इसमें दोनों को ही अपने-अपने स्वभाव पर नियंत्रण करना होगा। मिथुन पुरुष उत्साही जीवन से भरा होता है अगर आप एक ऊर्जावान और गतिशील औरत हैं तो यह आपके लिए एक आदर्श साथी हो सकता है। हां, एक बात अवश्य है मिथुन राशि के पुरुषों में निर्णय लेने की क्षमता थोड़ी कम होती है। लेकिन सिंह महिला साथ दें तो उसकी यह कमी भी पूर्ण हो सकती है।

मेष महिला और धनु पुरुष

 
मेष और धनु काफी योग्य जोड़ी बना सकते हैं। उनके रिश्ते में बहुत आवेग, उत्साह और ऊर्जा होगी। ये रिश्ता गहरा और मजबूत बनाने के बहुत अच्छे लक्षण हैं। मेष और धनु दोनों एक दूसरे के साथ का आनंद उठाते हैं और जैसे-जैसे रिश्ता बढ़ता है इनका आपसी रोमांच भी बढ़ता जाता है। ये दोनों ही अपने जीवनसाथी को बहुत प्यार देते हैं।

मीन महिला और वृश्चिक पुरुष

 
मीन राशि की महिला का वृश्चिक राशि वाले पुरुष से संबंध सहयोगपूर्ण होता है और आपसी समझ भी आसानी से बन जाती है। मीन राशि वाले काफी सहयोगी स्वभाव के होते हैं और ये बात अपनी पार्टनर में वृश्चिक राशि वालों को खूब भाती है।

धनु महिला और वृषभ पुरुष

 
इन दोनों राशि वालों का साथ अच्छा बन सकता है अगर ये दोनों एक दूसरे को बदलने का विचार छोड़कर एक दूसरे की प्रशंसा करें। धनु राशि की महिलाओं को सामाजिक मेलजोल बढ़ाना अच्छा लगता है लेकिन वृषभ पुरुष को इसके विपरीत घर पर बैठना ज्यादा पसंद होता है लेकिन दोनों एक दूसरे की इन विपरीत बातों या स्वभाव के साथ एडजस्ट कर लेते हैं।