Kapoor Upay: हिंदू धर्म में धार्मिक कार्यों से जुड़ी हुई चीजों को बहुत ही पवित्र माना जाता है। धूप, दीपक, कपूर और अगरबत्ती पूजा अर्चना के लिए जरूरी सामग्री है। इन सभी का अपना अलग अलग महत्व है। पूजा करते समय कपूर जलाना बहुत ही शुभ फल देता है। जलते हुए कपूर के धुएं से घर में मौजूद सभी बुरी शक्तियां और नकारात्मक ऊर्जा खत्म हो जाती है। साथ ही बैक्टीरिया और कीटाणु भी खत्म होते हैं। इससे घर में सुगंधित वातावरण बनता है जिसके कारण घर में सकारात्मक ऊर्जा बढ़ती है और घर में खुशहाली और शांति आती है। आज इस लेख के माध्यम से हम जानेंगे कि कपूर जलाने के धार्मिक ही नहीं, वैज्ञानिक फायदे भी हैं।
कपूर जलाने का धार्मिक और ज्योतिष महत्व

ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, पूजा में कपूर जलाने का अर्थ है व्यक्ति के अहंकार का जलना। जिस प्रकार कपूर के जलने पर कोई राख नहीं बचती, उसी प्रकार पूजा करते समय खुद को भगवान को समर्पित कर देने से व्यक्ति का मन शुद्ध हो जाता है और उसमें अहंकार नहीं बचता है। व्यक्ति के मन में दूसरों के लिए दया और प्रेम जागता है। पितृदोष से मुक्ति पाने के लिए घर में रोजाना सुबह, शाम और रात के समय घी में मिलाया हुआ कपूर जलाना चाहिए। इससे धीरे धीरे पितृदोष से राहत मिलती है। गाय के गोबर से बने उपलों के साथ कपूर जलाने से घर का वातावरण शुद्ध हो जाता है और घर पर लगी बुरी नजर हट जाती है।
ज्योतिषशास्त्र में बताया गया है कि शाम के समय घी और लौंग के साथ कपूर जलाने से घर में सुख समृद्धि के साथ देवी लक्ष्मी का वास होता है और घर में शांतिमय माहौल बना रहता है। यदि किसी व्यक्ति को नींद नहीं आती या बुरे सपने आते हैं तो रात के समय कमरे में कपूर जलाकर सोने से इन समस्याओं में राहत मिलती है। साथ ही यदि कोई धन लाभ चाहता है तो उसे सोमवार के दिन गुलाब के फूल में कपूर रखकर जलाना चाहिए। इससे आर्थिक समस्या दूर होती है।
कपूर जलाने का वैज्ञानिक महत्व

आज के युग में विज्ञान भी यह मानता है कि कपूर के जलने से स्वास्थ्य लाभ होता है। घर में इस्तेमाल होने वाले भीमसेनी कपूर के धुएं से घर में मौजूद सभी तरह के कीट पतंगे और वायरस दूर होते है। इसके धुएं से हमारे आस पास की हवा भी शुद्ध होती है और प्रदूषण से छूटकारा मिलता है। आयुर्वेद में कपूर के तेल को बहुत ही गुणकारी बताया गया है। कपूर जलाने से गर्दन के दर्द, मांसपेशियों में खिंचाव, कफ जैसी कई स्वास्थ्य समस्याओं में फायदा होता है।
यह भी पढ़ें: सुबह उठते ही दंपति को करने चाहिए अपनी हथेली के दर्शन, होते हैं अनेक लाभ: Hand Vastu
