Uttar Pradesh Places to Visit: उत्तरप्रदेश को इसकी आस्था, खूबसूरत इमारतों और कला के लिए जाना जाता है। सबसे बड़ी वजह उत्तरप्रदेश का भ्रमण करने की ये है कि यहां के खूबसूरत शहर आपको हैरान कर देंगे,यहां हर शहर की अपनी खूबी है। इस लेख में आप उन शहरों के बारे में जानेंगे जो उत्तरप्रदेश की शान है।
1 ) लखनऊ

शुरुआत करते हैं राज्य की राजधानी लखनऊ से। लखनऊ अपनी तहजीब के लिए किस कदर जाना जाता है ये आप जानते ही होंगे। ये शहर “मुस्कुराइए आप लखनऊ में हैं” के साइन बोर्ड से आपका स्वागत करता है। लखनऊ का खूबसूरत रूमी दरवाजा शहर की शान है, सूरज का उदय और अस्त होना इस दरवाजे से देख लें तो इसके अलावा और कुछ खूबसूरत नजर नहीं आता है। इसी तरह ये शहर अपने खूबसूरत इमामबाड़े के लिए भी प्रसिद्द है और साथ ही लजीज कबाब खाने के लिए भी इस शहर का रुख आप कर सकते हैं। यहां के मशहूर बाजार,अमीना बाजार की रौनक देखते ही बनती है, लखनवी चिकन लिए बगैर जाना बाजार न घूमने जैसा ही है।
2) आगरा

“एक शहंशाह ने बनवा के हसीं ताजमहल…” ये खूबसूरत गीत आगरा के ताजमहल और इससे जुड़ी प्रेम कहानी का जिक्र है। ताजमहल दुनिया के अजूबों में से एक है। खूबसूरत संग ए मरमर से बना ताजमहल पर्यटकों का आकर्षण केंद्र बना रहता है। इसकी सुंदरता पर कायल होना लाजमी है ये वो खूबसूरत जगह है जिसे हर प्रेमी जीवन में एक दफा तो देखना ही चाहता है। यूं ही इसे मोहब्बत का सुबूत नहीं कहा जाता। जब बात करें स्वाद की और आगरा के पेठे का जिक्र न हो ये हो नहीं सकता। आगरा के पेठे की बात ही निराली है। खूबसूरत किलों का दीदार करने के साथ स्वादिष्ठ पेठा खाना हो तो घूम आइए शहर आगरा।
3)वाराणसी

पौराणिक मान्यताओं के अनुसार शहर बनारस, भगवान शिव के त्रिशूल पर टिका हुआ है। ये वो शहर है जहां व्यक्ति शान्ति के लिए आता है। बनारस, गायन के क्षेत्र में कितना समृद्ध है इससे हम सभी अवगत हैं। यहां के खूबसूरत घाट आपका मन मोह लेते हैं ये घाट इस शहर की आत्मा हैं,यहां आप जो सुकून पाते हैं वो और कहीं नहीं मिल सकता। वाराणसी घूमने जाएं तो गंगा आरती का अनुभव जरूर करें। शहर का काशी विश्वनाथ मंदिर बहुत प्रसिद्ध है यहां दर्शन करने के लिए भक्तजन हमेशा द्वार पर खड़े होते हैं। यहां की चाट और लस्सी लोगों को बहुत पसंद आती है।
4) अयोध्या

अयोध्या एक ऐसी पावन जगह है जहां भगवान राम ने जन्म लिया था। यहां का सुन्दर सरयू तट शाम के वक्त और खूबसूरत दिखता है,यहां बैठकर दूर तक डूबते सूरज की लालिमा देखना अत्यंत मोहक लगता है। यहां स्थित कनक भवन और हनुमान गढ़ी के दर्शन करने के लिए लोग दूर-दूर से आते हैं। अयोध्या 5 तीर्थकरों (आदिनाथ,अजितनाथ,अभिनन्द नाथ,सुमतिनाथ और अनंतनाथ) की जन्मस्थली है। मशहूर गजल गायिका बेगम अख्तर भी इसी शहर की शान थीं जिन्होंने फैजाबाद का नाम रोशन किया। यहां की चटपटी चाट,दाबेली का आनंद लेते हुए सुन्दर दशरथ महल,गुलाब बाड़ी,मोती महल जैसे खूबसूरत महल देखने के लिए अयोध्या का भ्रमण करना अच्छा विकल्प हो सकता है।
5) प्रयागराज

शहर प्रयागराज त्रिवेणी संगम के लिए जाना है। त्रिवेणी संगम यानी गंगा, जमुना और सरस्वती नदियों के संगम के लिए जाना जाता है। यहां हर 12 साल में महाकुम्भ मेला लगता है जहां केवल देश ही नहीं बल्कि विदेश से भी लोग इस मेले में शामिल होते हैं। यहां स्थित खुसरो बाग घूमने के लिए बेहद अच्छी जगह है। अगर आप वास्तुकला को पसंद करते हैं तो खुसरो बाग में स्थित तीन खूबसूरत डिजाइन के मकबरे आपको बेहद पसंद आएंगे। यहां मुगल वास्तुकला को देखने का अवसर मिलता है। ये बाग गुलाब और अमरुद के पेड़ों से सजा हुआ है। प्रयागराज का आनंदभवन, किला और यहां स्थित ऑल सेंट कैथेड्रल चर्च भी घूम सकते हैं।
