Haryana Tourism
Haryana Tourism

Haryana Tourism: भारत के लगभग हर राज्य और शहर में अनेक प्रसिद्ध ऐतिहासिक स्थल हैं। उत्तर प्रदेश, राजस्थान, गुजरात और मध्य प्रदेश की तरह ही, दिल्ली से सटे हरियाणा में भी कई महत्वपूर्ण ऐतिहासिक स्थान मौजूद हैं। हरियाणा की ऐतिहासिक विरासत न केवल भारत में बल्कि दुनियाभर में प्रसिद्ध है। पानीपत, हिसार और रोहतक जैसे शहरों में स्थित ऐतिहासिक इमारतें, किले और अन्य धरोहरें काफी लोकप्रिय हैं। आज हम आपको हरियाणा के सबसे प्रसिद्ध ऐतिहासिक स्थलों के बारे में बताएंगे। तो आइए, इन स्थानों के बारे में जानते हैं।

कुरुक्षेत्र

हरियाणा में स्थित कुरुक्षेत्र एक ऐतिहासिक और धार्मिक स्थल है, जहां महाभारत का महायुद्ध लड़ा गया था। यही वह पवित्र भूमि है, जहां भगवान श्रीकृष्ण ने अर्जुन को श्रीमद्भगवद गीता का दिव्य उपदेश दिया था। कुरुक्षेत्र अपनी ऐतिहासिक और आध्यात्मिक महत्व के कारण बड़ी संख्या में पर्यटकों को आकर्षित करता है। यहां घूमने के लिए कई दर्शनीय स्थल हैं, जिनमें बिरला मंदिर, श्रीकृष्ण म्यूजियम और धरोहर हरियाणा म्यूजियम प्रमुख हैं।

मोरनी हिल्स

मोरनी हिल्स हरियाणा का एकमात्र हिल स्टेशन है, जो न केवल राज्य के निवासियों बल्कि दिल्ली के पर्यटकों के बीच भी बेहद लोकप्रिय है। यह खूबसूरत स्थान पंचकुला से लगभग 35 किमी दूर स्थित है और अपने पड़ोसी शहरों, पंचकुला और चंडीगढ़ की तुलना में अधिक ठंडा रहता है। यदि आप गर्मी से राहत पाना चाहते हैं, तो वीकेंड पर यहां घूमने का आनंद ले सकते हैं।

गुजरी महल

हरियाणा के हिसार में स्थित गुजरी महल एक महत्वपूर्ण ऐतिहासिक धरोहर है। इसका निर्माण फिरोजशाह तुगलक ने करवाया था। दिलचस्प बात यह है कि ताजमहल की तरह इसे भी प्रेम की निशानी माना जाता है, क्योंकि फिरोजशाह तुगलक ने इसे अपनी प्रेमिका गुजरी के लिए बनवाया था। इस महल के भीतर दीवान-ए-आम और बरदारी भवन जैसी आकर्षक संरचनाएं भी देखने लायक हैं।

करनाल झील

करनाल झील न केवल ऐतिहासिक महत्व रखती है, बल्कि इसका पौराणिक महत्व भी है। कहा जाता है कि महाभारत काल में महान योद्धा कर्ण ने इस झील की स्थापना की थी, और करनाल शहर की नींव भी उन्हीं के द्वारा रखी गई थी। यह झील हरियाणा में एक लोकप्रिय पर्यटन स्थल है, जहां दूर-दराज से लोग घूमने आते हैं। झील के समीप स्थित यमुना कैनाल भी पर्यटकों के बीच खासा प्रसिद्ध है।

अग्रोहा धाम मंदिर

हरियाणा के प्रमुख पर्यटन स्थलों में अग्रोहा धाम मंदिर का विशेष स्थान है। यह मंदिर महाराज अग्रसेन और मां लक्ष्मी को समर्पित है और इसे वर्ष 1976 में बनवाया गया था। हिसार में स्थित यह भव्य मंदिर श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र है। हरियाणा की यात्रा के दौरान यहां दर्शन अवश्य किए जा सकते हैं।

रानी तालाब

हरियाणा के जींद में स्थित रानी तालाब न केवल ऐतिहासिक महत्व रखता है, बल्कि इसे जींद की शान भी माना जाता है। इसका निर्माण राजा रघुवीर सिंह द्वारा अमृतसर के स्वर्ण मंदिर की तर्ज पर कराया गया था। कहा जाता है कि यह तालाब रानी के स्नान के लिए बनवाया गया था। तालाब के मध्य में स्थित मंदिर इसे और भी आकर्षक बनाता है।

मेरा नाम श्वेता गोयल है। मैंने वाणिज्य (Commerce) में स्नातक किया है और पिछले तीन वर्षों से गृहलक्ष्मी डिजिटल प्लेटफॉर्म से बतौर कंटेंट राइटर जुड़ी हूं। यहां मैं महिलाओं से जुड़े विषयों जैसे गृहस्थ जीवन, फैमिली वेलनेस, किचन से लेकर करियर...