Spend moments: अकसर मन करता है कि दो-चार दिन के लिए कहीं घूमने निकल जाएं। ऐसे में सबसे पहला ख्याल किसी नजदीक के पर्यटन स्थल का ही आता है। चलिए आज आपको दिल्ली और एनसीआर के आसपास के हिल स्टेशन पर लेकर चलते हैं।
अगर आप लागातार काम करते-करते ऊब चुके हैं और पहाड़ों पर जाने का मन बना रहे हैं तो यह मौसम आपके लिए एकदम सही है। इस समय मौसम बहुत सुहाना रहता है, इसलिए इस दौरान आप पहाड़ों में जाने का मन बना सकते हैं। यदि आप दिल्ली या नोएडा में रहते हैं और वहां से केवल कुछ घंटों की दूरी तय करके आप उत्तराखंड और हिमाचल में रोमांच का अनुभव करना चाहते हैं, तो इन जगहों का रूख करना न भूलें। नोएडा से ये जगह न केवल नजदीक हैं बल्कि आप पांच से छह घंटे के अंदर यहां का रास्ता तय करके मन मुताबिक अपनी छुट्टियां बिता सकते हैं।
लैंसडाउन

अगर आप हरी-भरी वादियां, ऊंचे पहाड़ और कल-कल करते झरनों का खूबसूरत नजारा देखने का मन बना रहे हैं, तो उत्तराखंड का लैंसडाउन आपकी इस हसरत को पूरा कर सकता है। समुद्र तल से 1700 मीटर की ऊंचाई पर बने इस हिल स्टेशन की खूबसूरती को निहारने के लिए दूर-दूर से लोग यहां पहुंचते हैं और यहां के प्राचीन चर्च, हैंडीक्राफ्ट बाजार और कैंपिंग का भी मजा लेते हैं। कैंपिंग के दौरान आप क्लिफ जंपिंग और फॉक्स फ्लाइंग समेत कई बेहतरीन एक्टिविटीज का भी अनुभव कर सकते हैं। वहीं अगर आप बोटिंग का आनंद लेना चाहते हैं, तो यहां की भुल्ला ताल झील का रूख जरूर करें। इसके अलावा आप झील के किनारे घंटों वक्त बिता सकते हैं। लैंसडाउन की सबसे ऊंची पहाड़ी पर बना संतोषी माता मंदिर में आप दर्शनों के अलावा यहां से सनसेट का मनोरम दृश्य भी निहार सकते हैं। प्रकृति की गोद में बसे इस हिल स्टेशन को देखने के लिए पर्यटकों का तांता लगा रहता है। दिल्ली और नोएडा से लैंसडाउन की दूरी मात्र 243 किमी है और आप लगभग 6 घंटे की ड्राइव करके यहां पहुंच सकते हैं।
नारकंडा

नोएडा से 449 किमी की दूरी पर स्थित नारकंडा एक छोटा और एक्टिविटिज से भरपूर हिल स्टेशन है। शिवालिक रेंज से घिरा नारकंडा शिमला से 65 किमी दूर एनएच 22 ओल्ड हिंदुस्तान तिब्बत रोड पर है, जो सर्दियों में स्कीइंग के लिए खासतौर से जाना जाता है। अगर आप ट्रेकिंग ट्रेल्स का अनुभव करना चाहते हैं, तो यहां करीबन 7 किमी लंबा हाटू पीक ट्रेकिंग ट्रेल बना हुआ है। यहां खड़े होकर आप दूर-दूर तक फैली वादियों का खूबसूरत दृश्य निहार सकते हैं। इसके अलावा यहां के ताजे और रसेदार सेब भी बेहद मशहूर हैं। यहां पर आन वाले पर्यटक स्टोक्स फार्म के ताजे सेब का स्वाद जरूर चखते हैं। यहां का चेरी ब्लॉसम सीजन भी लोगों को बेहद पसंद आता है। नोएडा से नारकंडा की दूरी तय करने में आपको ज्यादा से ज्यादा 10 घंटे का वक्त लग सकता है।
नैनीताल

अधिकतर लोग अपने हनीमून के लिए नैनीताल जैसी रोमांचक और खूबसूरत जगह का चुनाव करते हैं। चारों ओर फैली हरियाली से सराबोर इस क्षेत्र में हल्की सी बारिश से भी ठंड का माहौल बन जाता है। अगर आप यहां घूमने की तैयारी में हैं, तो नैनीताल की शान और पहचान नैनी झील में आप बोटिंग का अनुभव कर सकते हैं। इसके अलावा कई ट्रैकिंग ट्रेल्स का लुत्फ उठा सकते हैं, जो आपके सफर में नयापन और रोमांच पैदा कर सकते हैं। इसके अलावा आप यहां शॉपिंग और लजीज खाने का भी मजा उठा सकते हैं। आप भीड़ से दूर रहना चाहते हैं, तो आप भीमताल में फुर्सत के चंद लम्हे बिता सकते हैं। वहीं अगर आप हॉर्स राइडिंग के शौकीन हैं, तो यहां बारापत्थर से घोड़े किराए पर
लेकर नैनीताल की अलग-अलग चोटियों की सैर कर सकते हैं। वहीं नैनीताल का चिड़ियाघर भी बेहद मशहूर है। जहां भालू, तेंदुए, साइबेरियाई बाघ, घोरल, हिरण, सांभर, भेड़िया और लोमड़ी जैसे जानवर भी दिखते हैं। नोएडा से नैनीताल की दूरी 294 किमी है जिसे आप महज 7 घंटे की ड्राइव करके दूरी तय कर सकते हैं।
कसौली

अपने सुहावने और मनभावन मौसम के लिए मशहूर कसौली पल भर में बादलों से घिर जाता है और पल भर में सूरज की तेज रोसनी से चमक जाता है। शिमला से कसौली करीब 60 किलोमीटर की दूरी पर है। शहर की भीड़ और शोर से दूर कसौली खूबसूरत हिल स्टेशन है। कसौली में मंकी पॉइंट सबसे ऊंचा स्थान है, जहां से पर्यटकों को आकर्षक और मनमोहक दृश्य देखने को मिलता है।
मैक्लॉडगंज

बौद्ध मठों और खूबसूरत वादियों से घिरा मैक्लॉडगंज कुदरती खूबसूरती का एक नायाब नमूना पेश करता है। हिमाचल की धर्मशाला से मात्र नौ किलोमीटर की दूरी पर स्थित इस हिल स्टेशन की तुलना अगर धरती पर स्वर्ग से की जाए तो गलत नहीं होगा। अगर आप नोएडा के नजदीक किसी
हिल स्टेशन में घूमने का प्लान बना रहे हैं तो मैक्लॉडगंज को चुनें। यहां की प्राकृतिक सुंदरता को निहारने के अलावा आप रोमांचक एडवेचरस स्पोर्टस का भी आनंद उठा सकते हैं। मैक्लॉडगंज के नजदीक आपको ट्रैकिंग स्पॉट्स मिल जाएंगे। ज्यादातर पर्यटक आपको पैराग्लाइडिंग और
पैरासेलिंग जैसे एडवेंचर स्पोर्ट्स करते नजर आएंगे। अपने मौसम के लिए विषेश रूप से प्रसिद्ध मैक्लॉडगंज बारिश की फुहार पड़ते ही और भी दिलकश लगने लगता है। मैक्लॉडगंज दो हिस्सों में बंटा हुआ है। जहां निचला हिस्सा धर्मशाला के नाम से जाना जाता है, तो वहीं ऊपरी भाग को मैक्लॉडगंज कहकर ही पुकारा जाता है। हरी भरी वादियों से घिरे इस हिल स्टेशन में पर्यटक मौज
मस्ती के अलावा बौद्ध धर्म और उनके मठों से जुड़ी कई जानकारियां भी हासिल कर सकते है। अगर आप इतिहास में रुचि रखते हैं, तो आप इस छोटे से शहर में पैदल चलकर यहां के मठों को निहार सकते हैं और यहां के बेहतरीन कैफे में चाय की चुस्कियां ले सकते हैं। यहां की चाय भी लोगो को खूब भाती है। इसके अलावा यहां का प्रसिद्ध त्रिउंड ट्रैक किसी एडवेंचर से कम नहीं है। दिल्ली और एनसीआर से मैक्लॉडगंज की दूरी 510 किमी है, जहां आप 10 घंटे 40 मिनट की ड्राइव करके
पहुंच सकते हैं।
