आइए आपको बताते हैं दिल्ली के आस – पास की कुछ ऐसी जगहें जहां क्रिसमस का अलग ही जश्न मनाया जाता है। 

किंगडम ऑफ ड्रीम्स

यदि आप इस क्रिसमस ख़ास  मनोरंजन की तलाश कर रहे हैं, तो इस गंतव्य पर आकर आपकी तलाश खत्म हो जाएगी । देश के पहले लाइव एंटरटेनमेंट काम्प्लेक्स  के तौर पर मशहूर “किंग्डम ऑफ ड्रीम्स” आपको असीमित मजे और आनंद का अनुभव कराता है। “किंगडम ऑफ ड्रीम्स” में भारतीय संस्कृति, कला, शिल्प, विरासत और पाक शैली एक ही छत के नीचे पाई जाती हैं। यहां का सबसे मशहूर शो है जंगूरा। जिसे देखने के लिए हर रोज लोगों की भीड़ इकट्ठा होती है। इसके साथ ही  यहां का स्वादिष्ट भोजन आपका दिल खुश कर देगा। 

डीएलएफ साइबर हब 

गुरुग्राम स्थित डीएलएफ साइबर हब का अपना एक अलग ही स्टाइल है , यहां का एम्बिएंस, कैफे, बार, और रेस्तरां लोगों को अपनी तरफ आकर्षित करता है। क्रिसमस में यहां  की नाइट पार्टी का नजारा बहुत शानदार होता है।  क्रिसमस और नए साल पर कुछ खास कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है। शाम के समय यहां ओपन पार्टियां भी होती हैं और  हर कोई जश्न में डूबा नजर आता है। 

सुल्तानपुर बर्ड सेन्चुरी 

अगर आपको भी प्रकृति से प्रेम है तो यह आपके लिए बेहतर ऑप्शन हैं।  यहां करीब 250 पक्षियों की अलग-अलग प्रजातियां पाई जाती हैं। यहां घूमने के लिए सबसे सही मौसम सर्दी है। गर्मियों में यहां का तापमान ज्यादा होता है। यहां सर्दियों में कई प्रवासी पक्षी आते हैं, जो मार्च-अप्रैल तक यहां ठहरते हैं, इसे देखने लोग दूर-दूर से आते हैं। 

सेक्रेड हार्ट कैथेड्रल चर्च

 सेक्रेड हार्ट कैथेड्रल चर्च राजधानी दिल्ली का सबसे पुराना चर्च है। कनॉटप्लेस में भाई वीर सिंह मार्ग पर यह रोमन कैथोलिक चर्च 14 एकड़ के क्षेत्र में फैला हुआ है। इसका निर्माण 1930 में शुरू हुआ था। यहां खास क्रिसमस के मौके पर चर्च परिसर में एक बड़ी सी स्‍क्रीन लगाई जाती है, जहां विजिटर्स चर्च के अंदर चल रही गतिविधियों को देख सकते हैं। चर्च में सभी लोग इकट्ठा होकर एक साथ मोमबत्ती जलाकर क्रिसमस के दिन प्रेयर  करते हैं।