Overview: टूटी शादी के बाद वेडिंग सीजन में खुद को कैसे संभालें
शादी टूटने के बाद दूसरों की शादी में जाना मुश्किल लग सकता है। जानें वे तरीके, जिनसे आप इस वेडिंग सीजन में अपनी मानसिक शांति को बनाए रख सकती हैं।
Healing Through Weddings: शादी के सीजन में हर किसी में मन में एक अलग तरह का उत्साह होता है। इस दौरान कई तरह की भावनाओं का सैलाब उमड़कर सामने आता है। लेकिन अगर हाल ही में आपकी शादी टूटी या कैंसिल हुई हो तो ऐसे में दूसरों की शादी में शामिल होना थोड़ा मुश्किल भरा हो सकता है। शादी का शोर मन ही मन आपको परेशान कर सकता है और इस बीच लोगों की बिन मांगी सलाह और बेवजह की पूछताछ आपको और भी ज्यादा तकलीफ दे सकती है।
हो सकता है कि आप भी इस समय ऐसे ही मुश्किल दौर से गुजर रही हों, तो आपको बिल्कुल भी परेशान होने की जरूरत नहीं है। यकीनन यह वेडिंग सीजन सिर्फ दूसरों की खुशियों में शामिल होने का नहीं है, बल्कि खुद को संभालने का भी है। तो चलिए आज इस लेख में हम आपको बता रहे हैं कि शादी के इस सीजन में आप अपनी मानसिक शांति बनाए रखने के लिए किन उपायों को आजमा सकती हैं-
सीखें ना कहना
शादी के सीजन में घर में कई वेडिंग कार्ड आते हैं लेकिन अगर आपको ऐसा लगता है कि अभी आप अपने दर्द से पूरी तरह से उबर नहीं पाई है या अभी खुद को संभालने की स्थिति में नहीं है तो ऐसे में आप ना कहना सीखें। याद रखें कि हर फंक्शन में जाना आपके लिए जरूरी नहीं है और आपकी सबसे पहली जिम्मेदारी खुद के प्रति है। इसलिए, खुद को ठीक होने का थोड़ा समय दें।
सवालों के जवाब रखें तैयार

जब आप किसी की शादी में जाती हैं तो वहां पर आपको बहुत सारे रिश्तेदार मिलते हैं, जो अपने सवालों से आपके जख्मों को कुरेदने के लिए तैयार बैठे रहते हैं। इसलिए, कोशिश करें कि आप ऐसे सवालों के लिए एक छोटा और सीधा जवाब पहले से रट लें। आप कह सकते हैं कि चीजें वैसी नहीं रहीं जैसी सोची थीं, पर मैं अब आगे बढ़ चुकी हूं। इस तरह जब आप स्मार्टली जवाब देती हैं तो सामने वाले को आपको और ज्यादा कुरेदने का मौका नहीं मिल पाता है।
साथ में लें जाएं सेफ्टी पार्टनर

अगर अभी आप मानसिक तौर पर पूरी तरह से अपने दर्द से उबर नहीं पाई हैं तो ऐसे में शादी में अपने बेस्ट फ्रेंड या भाई-बहन को साथ ले जाएं। इससे आपको असहज महसूस नहीं होगा। साथ ही, अगर कोई आपसे शादी कैंसिल होने से जुड़े सवाल पूछता है तो ऐसे में आपका दोस्त या भाई-बहन स्थिति को बेहतर तरीके से संभाल पाएंगे।
रस्मों से बनाएं दूरी

जब आप शादी में जा रही हैं तो यह बिल्कुल भी जरूरी नहीं है कि आप सभी रस्मों का हिस्सा बनें। अगर सात फेरे या विदाई देखकर आपको अपना दर्द याद आता है, तो उन रस्मों के दौरान अपनी मौजूदगी ना रखें। आप चाहें तो रिसेप्शन में जा सकती हैं, या फिर शादी में खाना और गाना एन्जॉय करके वापस आ जाएं।
