Shukrawar Ke Niyam: शुक्रवार का दिन धन, वैभव, सुख,समृद्धि की देवी मां लक्ष्मी को समर्पित होता है। मां लक्ष्मी की पूजा कर उन्हें प्रसन्न करने के लिए शास्त्रों में इस दिन को सबसे उत्तम बताया गया है। शुक्रवार के दिन लोग व्रत रखते हैं। कई लोग इस दिन मां लक्ष्मी के साथ ही वैभव लक्ष्मी और माता संतोषी का व्रत भी रखते हैं। धन-समृद्धि से जुड़ा वार होने के कारण हिंदू धर्म में शुक्रवार को कुछ कार्यों को करने की मनाही होती है। मान्यता है कि शुक्रवार को किए इन कामों से मां लक्ष्मी नाराज हो जाती हैं, जिससे आर्थिक तंगी, परेशानी और असफलताओं का सामना करना पड़ता है। खासकर इस दिन कुछ चीजों के लेन-देन में विशेष सावधानी रखनी चाहिए।
अगर आप अपने घर पर स्थिर धनलक्ष्मी की कृपा चाहते हैं तो जान लीजिए कि शुक्रवार के दिन किन कामों में सावधानी बरतनी चाहिए और किन चीजों का लेन-देन नहीं करना चाहिए। इन नियमों का पालन करने पर निश्चित रूप से मां लक्ष्मी का वास आपके घर पर होगा और धन-समृद्धि में अपार वृद्धि होगी।
शुक्रवार के दिन नहीं करें इन चीजों का लेन-देन
धन: शुक्रवार के दिन न ही किसी से पैसे उधार लेने चाहिए और ना ही किसी को कर्ज देना चाहिए। शुक्रवार के दिन धन का लेन-देन करने से मां लक्ष्मी नाराज होती हैं। इसलिए इस दिन इन कामों से बचें।
नहीं खरीदें ये चीजें: शुक्रवार का दिन कई कामों के लिए बहुत शुभ होता है। लेकिन इस दिन रसोई घर या पूजा से जुड़े सामान नहीं खरीदने चाहिए। मान्यता है कि इससे घर की बरकत में कमी आती है।
किसी को न दें ये सफेद चीजें: ज्योतिष के अनुसार शुक्रवार के दिन किसी को भी चीनी या शक्कर देने से बचें। अगर आप जाने-अनजाने में भी किसी को शुक्रवार के दिन चीनी या शक्कर का दान कर देते हैं तो इससे शुक्र ग्रह से अशुभ प्रभाव मिलते हैं और भौतिक सुख-सुविधा से जुड़ी समस्या झेलनी पड़ सकती है।

शुक्रवार को ये काम करना शुभ
- शुक्रवार के दिन अगर आप व्रत नहीं भी रखते हैं तो स्नानादि कर विधि-विधान से माता लक्ष्मी की पूजा करें।
- शुक्रवार के दिन कमल के फूल, मखाने, कौड़ी, बताशे आदि अर्पित कर मां लक्ष्मी की पूजा करें। साथ ही इस दिन श्री लक्ष्मी सूक्त का पाठ करना शुभ माना जाता है।
- शुक्रवार को मां लक्ष्मी के साथ ही भगवान विष्णु की भी पूजा-अर्चना जरूर करें। ऐसा करने से लक्ष्मीनारायण की कृपा से सफलता के मार्ग खुलने लगेंगे और दिन दोगुनी रात चोगुनी तरक्की होगी।
- शुक्रवार को मंदिर में घी के दीप का दान करना, घर के मुख्य द्वार और तुलसी के पास घी का दीप जलाना, काली चींटियों को शक्कर खिलाना आदि शुभ माना जाता है।
