रात में घूमने का क्रेज है, तो यहां विजिट करें
हम आपको कुछ ऐसी जगहों के बारे में बताने वाले हैं जो दिन में तो अच्छी लगती ही हैं लेकिन रात के समय उनके आकर्षण में चार चाँद लग जाता है।
Tourist Places: हमारे देश भारत को विविधताओं का देश कहा जाता है और यह विविधता सिर्फ़ बात व्यवहार ही नहीं बल्कि पर्यटन के क्षेत्र में भी देखने को मिलती है। जिसकी वजह से दुनिया भर से पर्यटक हमारे यहाँ पर आते और अपनी घुमक्कड़ी को एंजोय करते हैं। आज हम आपको कुछ ऐसी जगहों के बारे में बताने वाले हैं जो दिन में तो अच्छी लगती ही हैं लेकिन रात के समय उनके आकर्षण में चार चाँद लग जाता है, जिसकी वजह से उन लोगों को काफ़ी सहूलियत मिलेगी जो रात के समय में घूमना और जगहों को देखना पसंद करते हैं, जिनको नाइटलाइफ़ पसंद है।
गोल्डन टेम्पल, अमृतसर

पंजाब के अमृतसर में स्थित स्वर्ण मंदिर को देश के सबसे लोकप्रिय धार्मिक स्थलों में गिना जाता है। यही वजह है कि इस जगह पर देश दुनिया से हर साल लाखों लोग मंदिर दर्शन के लिए आते हैं। ख़ास बात यह कि इस मंदिर की सुंदरता दिन में जितनी अच्छी लगती है उससे भी कहीं ज़्यादा रात में लगती है। सूर्यास्त के बाद इस जगह को देखने का जो मज़ा है वह रात की चाँदनी में और भी ज़्यादा निखरकर आता है। सोने का रंग रात के दरमियाँ जब बिखरता है तो आसपास बस ख़ूबसूरती ही ख़ूबसूरती बिखरी नज़र आती है।
अम्बा विलास पैलेस, मैसूर

कर्नाटक राज्य में स्थित मैसूर के बारे में भला कौन नहीं जानता। यह देश का एक बहुत बड़ा और प्रमुख पर्यटन स्थल है। इस जगह पर वैसे तो काफ़ी कुछ है लेकिन मैसूर के महल अम्बा विलास पैलेस की बात ही निराली है। इस जगह को देखकर मन हर्ष से भर उठता है लेकिन इस संरचना को दिन की बजाय रात में देखना एक अनूठा अनुभव होता है। ये महल अंधेरे में कुछ अलग ही तरह से निखर जाता है। इस जगह पर कुल 100,000 से अधिक रोशनी जगमगाती है, ऐसे में आप सहज ही इस बात का अनुमान लगा सकते हैं कि क्या नज़ारा होता होगा।
ताजमहल, आगरा

उत्तरप्रदेश के आगरा जिले में स्थित ताजमहल का दीदार हर किसी ने किया होगा। यह दुनिया के सात अजूबों में भी शुमार किया जाता है। यही कारण है कि इसे देखने के लिए दुनिया भर से हर साल लाखों की संख्या में पर्यटक आते हैं। यह इतना ख़ूबसूरत है कि हर कोई मंत्रमुग्ध हो जाता है। लेकिन इसे दिन की बजाय कभी रात के समय देखने का जो मज़ा है वह अनोखा होता है। ऐसा लगता है चाँदनी रात की दूधिया रोशनी पूरी इमारत पर उतर आयी है। यह इतना ख़ूबसूरत हो जाता है कि किसी का भी मन खो जाये।
हर की पौड़ी, हरिद्वार

हरिद्वार और ऋषिकेश वैसे तो हर कोई अपनी धार्मिक आस्था के लिए आता है। लेकिन पिछले कुछ सालों में पर्यटन का यह स्वरूप बदला है और लोग इन जगहों पर तरह तरह की गतिविधियों के लिए आने लगे हैं। जिसमें साहसिक पर्यटन और स्टार गेजिंग भी शामिल है। इस बार अगर आप इधर आते हैं तो हर की पौड़ी, त्रिवेणी घाट और परमार्थ आश्रम आकर रात के वक़्त जगमगाते दिये और गंगा आरती को देखना। यह ख़ूबसूरती इतनी मौलिक और सात्विक होती है कि आपका मन आस्था और विश्वास से भर जायेगा।
मरीन ड्राइव, मुंबई

मुंबई में स्थित मरीन ड्राइव के बारे में भला कौन नहीं जानता होगा। यह ख़ूबसूरत पर्यटन स्थल लोगों के बीच क्वीन्स नेकलेस के नाम से भी जाना जाता है। समुद्र के साथ साथ चलना ऐसा लगता है कि हम किसी अलग ही दुनिया में आ गए हैं, इस जगह पर हमेशा चहल पहल रहती है लेकिन सबसे जयदा लोग इस जगहर पर रात को आना पसंद करते हैं। इस जगह पर आपको रात के समय मरीन ड्राइव का एक अलग ही नज़ारा देखने को मिलेगा।
