बारिश के मौसम में राजस्थान घूमने का अलहदा मज़ा
जिसके कई महत्वपूर्ण कारण है, पहला यह कि मौसम के लिहाज़ से पूरी तरह से सुरक्षित है। इस जगह पर बाढ़, भूस्खलन और मौसम से जुड़ा कोई ख़तरा नहीं है।
Monsoon Tourist Places: बारिश के मौसम में घूमने का अपना एक अलग ही मज़ा है, मानसून में घूमना भला किसे अच्छा नहीं लगता है। जुलाई का महीना शुरू होते ही इस बात की फ़िक्र होने लगती है इस बार कहाँ घूमने जायें? ऐसे में सबसे पहला ख़्याल राजस्थान का आता है। जिसके कई महत्वपूर्ण कारण है, पहला यह कि मौसम के लिहाज़ से पूरी तरह से सुरक्षित है। इस जगह पर बाढ़, भूस्खलन और मौसम से जुड़ा कोई ख़तरा नहीं है। दूसरा, इस जगह के पर्यटन स्थल और प्राकृतिक वातावरण जो बारिश की पहली फुहार पड़ने के साथ ही खिलखिला उठता है। यह मानसून में अपने दोस्तों और परिवार के साथ घूमने की सबसे बेहतरीन जगह है।
1. जालौर

जालौर राजस्थान के सबसे लोकप्रिय पर्यटन स्थलों में गिना जाता है। यह स्वर्णगिरि पर्वत की तलहटी में स्थित एक बहुत ही ख़ूबसूरत नगर है। इस जगह पर सबसे ज़्यादा लोग मानसून के समय आना पसंद करते हैं। इस समय इस जगह पर स्थित अरावली पर्वतमाला का सौंदर्य देखते ही बनता है। पूरी पहाड़ी हरे हरे ख़ूबसूरत और मनमोहक दृश्यों से भर जाती है। यह जगह पर्यटन के लिहाज़ से भी काफ़ी समृद्ध है। इस जगह पर घूमने के लिए जालोर किला, सुंधा माता मंदिर, तोपखाना, मलिक शाह की मस्जिद और सिरी मंदिर जैसी कई जगहें हैं। इस जगह पर आप जोधपुर से महज़ 2-3 घंटे में सकते हैं।
2. माउंट आबू

राजस्थान के सबसे लोकप्रिय पर्यटन स्थलों में एक नाम माउंट आबू का भी आता है। यह राजस्थान का एकमात्र हिल स्टेशन पर्यटकों के सबसे पसंदीदा स्थलों में से एक है। मानसून में तो इस जगह का नज़ारा देखते ही बनता है। इस जगह पर मौजूद नक्की झील इस जगह की सबसे ख़ूबसूरत और रोमांटिक जगहों में गिनी जाती है। इस झील का नीला पानी और आसपास का साफ वातावरण मन को रोमांचित कर देता है। माउंट आबू में नक्की झील, टॉड रॉक व्यू पॉइंट, गुरु शिखर, माउंट आबू अभयारण्य तथा दिलवाड़ा जैन मंदिर के साथ साथ घूमने की कई अन्य बेहतरीन जगहें मौजूद हैं।
3. उदयपुर

देश की बेहतरीन जगहों पर घूमने का ज़िक्र हो और उदयपुर का नाम ना आए तो कुछ अधूरा सा लगता है। यह हमारे देश के सबसे ख़ूबसूरत और लोकप्रिय जगहों में गिना जाता है। इस जगह पर वैसे तो पूरे साल पर्यटकों का आना जाना लगा रहता है लेकिन बारिश के मौसम में इसका नज़ारा देखते ही बनता है। इस जगह को झीलों का शहर कहा जाता है जिसे देखने मज़ा मानसून के आते ही बढ़ जाता है। प्रकृति की खूबसूरती को अपने आपमें सहेजने वाला यह शहर बारिश में भीगते हुए बहुत ही लुभावना लगता है।
4. पुष्कर

राजस्थान के सबसे लोकप्रिय पर्यटक स्थलों में एक नाम पुष्कर का भी आता है। बारिश के समय यहां का मौसम बहुत ही अच्छा हो जाता है। इस जगह पर आकर आप यहाँ के हरे भरे प्राकृतिक वातावरण का लुत्फ़ उठा सकते हैं। इस शहर में कई सांस्कृतिक और धार्मिक स्थान हैं जहां पर आप घूम सकते हैं। पुष्कर आने वाले लोग सबसे ज़्यादा झील, सावित्री मंदिर, भगवान ब्रह्मा मंदिर और रंगजी मंदिर जाना पसंद करते हैं। यह जयपुर से महज़ 146 किमी की दूरी पर स्थित है जहां पर बहुत ही आसानी से आप जा सकते हैं।
5. झालावाड़

राजस्थान और मध्य प्रदेश के बॉर्डर पर स्थित झालावाड़ को अपने प्राकृतिक वातावरण और जैवविविधता के लिए जाना जाता है। इस जगह पर आप हरे भरे ख़ूबसूरत वातावरण और तरह तरह के जीव जंतयों को देखने का मज़ा ले सकते हैं। इस जगह के आसपास का पूरा दृश्य लाल चट्टानों से घिरा हुआ है, जो मानसून में निखरकर बहुत ही सुंदर हो जाता है। इस जगह की घूमने की जगहों में झालावाड़ किला, कोलवी गुफाएं, गागरोन किला, चंद्रभागा मंदिर, द्वारकाधीश मंदिर, झालरापाटन और हर्बल गार्डन का नाम आता है।