Mirror Vastu Tips: वास्तु शास्त्र के अनुसार, घर में रखी हर वस्तु में से ऊर्जा का संचार होता है। वस्तुओं की सकारात्मक ऊर्जा हमें ऊर्जावान बनाती है। लेकिन, गलत दिशा में रखी गई वस्तुएं घर में नकारात्मक ऊर्जा को बढ़ाती है। जिससे हमें कई तरह की मानसिक और शारीरिक परेशानियां उठानी पड़ती है। घर की ऐसी ही वस्तुओं में एक है आइना। आइना हर घर में सजावट और सौंदर्य का एक साधन है जो खासकर महिलाओं के सौभाग्य से जुड़ा हुआ होता है। जब हम आईने में अपना प्रतिबिंब देखते हैं, तो एक तरह की ऊर्जा का प्रवाह होता है जो हमारी सकारात्मक सोच को बढ़ाता है। ऐसे में घर में गलत दिशा और गलत जगह पर रखा आइना वास्तु दोषों के साथ साथ घर के सभी सदस्यों के लिए मुसीबतें पैदा करता है। आईने से जुड़े वास्तुदोष घर में नकारात्मकता के साथ धन, वैभव और मान-सम्मान की हानि करते हैं। इसलिए घर में आइना लगाते समय कुछ वास्तु नियमों का ध्यान रखना बेहद जरूरी है।
आईने से जुड़े नियम

वास्तु शास्त्र में बताया गया है कि ब्रह्मांड की सकारात्मक ऊर्जा हमेशा उत्तर से दक्षिण और पूर्व से पश्चिम की तरफ बहती है। ऐसे में यह बहुत जरूरी है कि घर में उत्तर या पूर्व दिशा में ही आइना लगाएं। दक्षिण या पश्चिम दिशा में लगे हुए आईने से घर के लोगों को मानसिक तनाव होता है। आईने को हमेशा साफ-सुथरा रखना चाहिए। धूल जमे और धुंधले आईने में खुद को देखने से व्यक्ति की समाज में प्रतिष्ठा खराब होती है। घर में गोल, अंडाकार, आयताकार आकार के आईने रखने से बचना चाहिए। घर में हमेशा चौकोर आकार वाला आइना लगाना चाहिए। यह आईने से जुड़े वास्तुदोषों से बचाता है। सही दिशा में आइना लगाने से व्यक्ति को धन संपत्ति और तनाव से जुड़ी परेशानियां नहीं होती।
इन बातों का भी रखें ध्यान

अगर आइना टूट जाए तो उसे तुरंत घर के बाहर फेंक देना चाहिए। टूटा हुआ आइना घर में रखने से वास्तुदोष होते हैं। साथ ही टूटे हुए आईने से पारिवारिक झगड़े भी बढ़ते हैं। घर के अंदर विवाहित दंपति के कमरे में आइना लगाने से बचना चाहिए। यदि विवाहित जोड़े के कमरे में आइना है तो यह ध्यान रखा जाना चाहिए कि उनके बेड की छाया आईने में न बने। यदि किसी कारणवश ऐसा होता है तो आईने पर पर्दा लगा के रखना चाहिए। सुख-शांति और सौभाग्य से जुड़े हुए आईने को कभी भी एक दूसरे के सामने नहीं लगाना चाहिए। इससे घर में नकारात्मकता फैलती है जो घर के लोगों के लिए आर्थिक संकट बढ़ाती है। साथ ही किसी भी कमरे के दरवाजे की ओर मुंह करके आईने को नहीं लगाना चाहिए। इससे बाहर से आने वाली सकारात्मक ऊर्जा आईने से टकराकर वापस बाहर ही चली जाती है। पढ़ने वाले बच्चों के कमरे में लगा आइना बच्चों की एकाग्रता को कम करता है।
यह भी पढ़ें: सुबह उठते ही दंपति को करने चाहिए अपनी हथेली के दर्शन, होते हैं अनेक लाभ: Hand Vastu