तुरंत लोन देने वाली मोबाइल ऐप से सावधान, बन सकते हैं धोखाधड़ी के शिकार: Loan App Scam
Loan App Scam

Loan App Scam: अगर आपको अर्जेन्ट पैसों की जरूरत होती है तो लोन एप्लीकेशन से आपको तुरंत लोन मिल जाता है, वो भी बिना डॉक्टुमेंट वेरिफिकेशन और बिना समय गंवाए। इतनी आसानी से मिलने वाले लोन के बाद लोगों को छोटी-छोटी जरूरतों को पूरा करने के लिए लोन ऐप से कर्ज लेने का चस्का लग जाता है। अगर आप भी इस तरह के लोगों में शामिल हैं या आप भी लोन एप्लीकेशन के जरिये कर्ज लेने का सोच रहे हैं तो सावधान हो जाएं। क्योंकि आसानी से मिलने वाला यही कर्ज आपके गले की फांस बन सकता है। दरअसल, लोन एप्लीकेशन के जरिये कर्ज की आड़ में लोगों के साथ धोखाधड़ी होती है। इसके साथ ही कर्ज की उगाही के तरीके धमकी भरे होते हैं।

मोबाइल ऐप के जरिये लोन देने वाली एप्लीकेशन को ‘लेंडिंग ऐप्स’ कहते हैं, जो जरूरतमंदों को कुछ ही समय में कर्ज मुहैया कराती हैं। लेकिन इस तरह के ऐप्स जोखिम भरे होते हैं। दरअसल, ये ऐप्स बिना झंझट के कर्ज तो दे देते हैं लेकिन, कर्ज से जुड़े नियम और शर्तों की सही जानकारी नहीं देते। इसके साथ ही इस तरह से मिले कर्ज पर लगने वाला इंटरेस्ट लोन की रकम से कई गुना ज्यादा होता है। और वो इसको वसूलने के लिए धमकी भरी फोन कॉल्स करते हैं।

कैसे होता है फ्रॉड?

ऑनलाइन लोन देने वाले लोन एप्लीकेशन यूजर को बिना किसी झंझट के कर्ज देते हैं, वो भी बिना किसी डॉक्युमेंट वेरिफिकेशन के। जरूरतमंद इंसान अपनी जरूरत को देखते हुए लोन देने वाली ऐप के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं लेते जो उनके लिए परेशनी का कारण बन जाता है। इसका नतीजा ये होता है कि लोन की रकम पर आपसे भारी इंटरेस्ट की मांग की जाती है। कई बार तो ये इंटरेस्ट लोन रकम से भी ज्यादा होता है। इतना ही जब व्यक्ति लोन चुकाने में असमर्थ होता है तो उसको धमकी भरे तरीके से डराया जाता है। इस तरह से आसानी से मिला लोन आपके लिए बड़ी मुसीबत बन जाता है।

बरतें सावधानियां

Loan App Scam
  • किसी भी ऐप को डाउनलोड करते समय सावधान रहें और ऐप को अपने मोबाइल फोन से डेटा एक्सेस करने की अनुमति प्रदान न करें।
  • कसी भी गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनी(एनबीएफसी) से लोन लेने से पहले https://www.rbi.org.in/scripts/BS_NBFClist.aspx पर कर्ज देने वाली कंपनी के रजिस्ट्रेशन की जांच करें, जो नियम और शर्तों के लिए इस्तेमाल होते हैं।
  • बिना डॉक्युमेंट वेरिफिकेशन, क्रेडिट स्कोर और अन्य किसी जानकारी के बिना तुरंत लोन देने वाली मोबाइल एप्लीकेशन से कर्ज लेने से पहले उसके नियम और शर्तों को जरूर जांचे।
  • किसी भी तरह के साइबर क्राइम के बाद साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन और नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल https://cybercrime.gov.in पर सूचित करें।

वर्तमान में गृहलक्ष्मी पत्रिका में सब एडिटर और एंकर पत्रकारिता में 7 वर्ष का अनुभव. करियर की शुरुआत पंजाब केसरी दैनिक अखबार में इंटर्न के तौर पर की. पंजाब केसरी की न्यूज़ वेबसाइट में बतौर न्यूज़ राइटर 5 सालों तक काम किया. किताबों की शौक़ीन...