Living Room Decoration Tips: लिविंग रूम किसी भी घर का ऐसा स्पेस होता है, जहां फॅमिली मेम्बर सबसे ज्यादा समय बिताते हैं। चाय पीने, गपशप करने, टीवी देखने या अन्य कई गतिविधियों के लिए लिविंग रूम का इस्तेमाल होता है। ऐसे में इस स्पेस का अच्छा दिखना बेहद जरूरी है। लोग अपने घर के लिविंग एरिया को घर के अन्य हिस्सों से ज्यादा सुव्यवस्थित रखते हैं लेकिन फिर भी एक समय बाद लिविंग रूम की सजावट बोरिंग और आउट फैशन लगने लगती है। कई लोग समय के साथ लिविंग रूम की सजावट में बदलाव करते रहते हैं लेकिन उसमें काफी खर्च आता है, जिस वजह से कुछ लोग ऐसा नहीं कर पाते। लेकिन आज हम आपको लिविंग रूम को डेकोरेट करने के लिए बजट फ्रेंडली टिप्स के बारे में बताएंगे, जिनका इस्तेमाल कर आप भी अपने लिविंग रूम की सजावट को बेझिझक बदल सकती हैं।
छोटे पेड़ और पौधों का इस्तेमाल

सजावट के लिए पेड़-पौधों का इस्तेमाल करना लिविंग रूम को बेहद आकर्षक दिखा सकता है। आप अपने लिविंग रूम में रखी गईं टेबल पर छोटे पौधे या फूल वाले पौधों को चुन सकती हैं। लिविंग रूम की सेंटर टेबल के बीच में आप किसी भी आकर्षक पौधा रख सकती हैं। साथ ही आप बोनसाई प्लांट का भी इस्तेमाल कर सकती हैं। अगर आप असली पौधों की देखरेख करने में असमर्थ हैं तो आप असली पौधों की तरह दिखने वाले नकली पौधों को भी अपने लिविंग रूम की सजावट के लिए इस्तेमाल कर सकती हैं।
नोट: आप ऐसे पौधों का चुनाव करें, जो बिना धूप के पनपते हैं।
पुराने फर्नीचर के साथ करें काम

अपने लिविंग रूम में बदलाव लाने के लिए आप पुराने फर्नीचर के साथ काम कर सकते हैं। पहले से ही मौजूद फर्नीचर की जगह में बदलाव कर सकते हैं या फिर गैर-जरूरी होने पर पुराने फर्नीचर को हटा भी सकते हैं। फर्नीचर की जगह आप लिविंग रूम में बीन बैग्स रख सकते हैं। ऐसा करने से लिविंग रूम को काफी कूल लुक मिलेगा। साथ ही अव्यवस्थित जगह को व्यवस्थित करने पर भी लिविंग रूम में नयापन महसूस होता है।
नोट: आप पुराने फर्नीचर को पेंट कर नया लुक दे सकते हैं।
पेंट का उपयोग

लिविंग रूम की सजावट के लिए उसकी दीवारों का रंग बेहद अहमियत रखता है। इसलिए लिविंग रूम की दीवारों के लिए आकर्षक और हल्के रंग का चुनाव करें। साथ ही आप 3 डी पेंट का भी इस्तेमाल कर सकते हैं। पेंट के रंगों का चुनाव फर्नीचर के रंग और लिविंग रूम के इंटरियर के हिसाब से ही चुने।
नोट: अगर आपको पेंट बड़ा खर्च लग रहा है तो आप वॉलपेपर का चुनाव कर सकते हैं।
DIY आर्ट

लिविंग रूम की सजावट के लिए आप डीआईवाय (DIY) का इस्तेमाल कर अपनी कला को प्रदर्शित कर सकती हैं। खुद की बनाई पेंटिंग और केनवास को आप अपने हिसाब से सजा सकते हैं। साथ ही आप पुरानी चीज़ों के साथ कुछ क्रिएटिव कर सकती हैं, जो आपके लिविंग रूम की सजावट का हिस्सा बन सकते हैं।
नोट: घर पर रखी पुरानी चीज़ों को नयापन देकर लिविंग रूम को सजा सकती हैं।
फॅमिली फोटोज का इस्तेमाल

आप कभी न कभी अपने परिवार के सदस्यों और दोस्तों के साथ घूमने जरूर गए होंगे और तस्वीरें भी खींची होंगी। आप इस तस्वीरों का इस्तेमाल लिविंग रूम की सजावट के तौर पर कर सकते हैं। तस्वीरों को तरह-तरह के फोटो फ्रेम, जिन्हें आप खुद बना सकती हैं, का इस्तेमाल कर सकती हैं। ये कोना लिविंग रूम का सबसे आकर्षक केंद्र बन सकता है।
