एक बार नज़र घुमाइए, ये बीमा आपके पास हैं या नहीं

चलिए जानते हैं कौन से ज़रूरी बीमा हैं, जो हम सभी को लेने चाहिए।

Insurance tips: अपने और अपने परिवार की आर्थिक सुरक्षा के लिए आपको बीमा लेना जरूरी है। आजकल पैसे से और पैसा बनाने के चक्कर में लोग अधिक से अधिक निवेश करना चाहते हैं लेकिन निवेश के पहले ये सुनिश्चित कर लें कि आपने कुछ जरूरी बीमा ले रखे हैं या नहीं, क्योंकि भले ही ये आपको जल्दी रिटर्न नहीं देते, लेकिन लंबे समय में आपके परिवार की पूरी सुरक्षा तय करते हैं। चलिए जानते हैं कौन से ज़रूरी बीमा हैं, जो हम सभी को लेने चाहिए-

जीवन बीमा

यह किसी अप्रत्याशित घटना से आपके परिवार को संरक्षण प्रदान करना है। व्यक्ति को अपनी सालाना आमदनी का कम से कम 10 गुना जीवन बीमा कवर जरूर लेना चाहिए। यह आपके बाद आपके परिवार को वित्तीय जोखिम से सुरक्षा देता है। अगर किसी बीमारी या दुर्घटना की वजह से व्यक्ति की मृत्यु हो जाती है, तो उसके नहीं रहने की स्थिति में उसके आश्रित को बीमा कंपनी से अच्छा मुआवजा मिल सकता है। आपकी उम्र जितनी कम होगी जीवन बीमा पॉलिसी में आपका प्रीमियम उतना ही कम होगा।

स्वास्थ्य बीमा

हेल्‍थ इंश्‍योरेंस लेना आजकल सबसे ज्यादा जरूरी हो गया है। अगर आपको अचानक कोई बीमारी हो जाए तो एकदम से इलाज के लिए पैसे जुटाना संभव नहीं होता है। ऐसे में अगर आपके पास स्वास्थ्य बीमा होगा तो आप वित्तीय संकट से बच जाएंगे। इसमें आपको सालाना स्वास्थ्य चेकअप भी मुफ्त में मिल जाता है। कोरोना महामारी के बाद से हेल्‍थ इंश्‍योरेंस का महत्त्व सभी को समझ आ चुका है।

व्हीकल इंश्‍योरेंस

अगर आपके पास कोई भी वाहन है, तो उसका बीमा करवाना अनिवार्य है। यह कानूनी तौर पर तो जरूरी है ही, एक्सीडेंट या कार चोरी हो जाने के बाद होने वाली परेशानी से बचने के लिए भी बहुत काम आता है। एक्सीडेंट होने के बाद कार रिपेयर का बजट काफी ज्यादा बैठ जाता है। अगर आपकी कार इंश्योर्ड है, तो आप अपने इस भारी नुकसान की भरपाई कर सकते हैं। कार इंश्योरेंस में आपको भले ही थोड़ा बहुत प्रीमियम देना हो लेकिन यह किसी अनहोनी के समय बड़े खर्च से बचा लेता है।

होम इंश्‍योरेंस

आपको अपने घर की सुरक्षा को लेकर भी सजग रहना जरूरी है। होम इंश्योरेंस लेकर आप किसी भी प्राकृतिक आपदा से होने वाले नुकसान के समय निश्चिन्त रह सकते हैं। अच्छे होम इंश्‍योरेंस में ज्यादातर प्राकृतिक आपदाओं जैसे भूकंप, तूफान, बाढ़, भूस्खलन आदि के लिए सुरक्षा मिल जाती है। इसके साथ आग, धमाका आदि पर भी कवर मिलता है। होम इंश्योरेंस पॉलिसी में पॉलिसी के तहत कवर होने वाली किसी घटना से नुकसान होने पर घर की मरम्मत या दोबारा बनाने के लिए भुगतान किया जाता है।

ट्रैवल इंश्‍योरेंस

अगर आप यात्रा करने के शौकीन हैं या ऑफिस या पर्सनल काम से अक्सर यात्रा पर जाते हैं, तो आपके लिए ट्रैवल बीमा लेना बेहद जरूरी है। ट्रैवल इंश्योरेंस में आपकी यात्रा कवर होती है, अगर इस दौरान आपके साथ कोई घटना जैसे एक्सीडेंट, स्वास्थ्य समस्या या सामान चोरी होना, फ्लाइट छूट जाना हो जाती हैं, तो आपको मुआवजा मिल जाता है। ये इंशोरेंस सिर्फ विदेश यात्रा के लिए ही नहीं, बल्कि घरेलू सफर में भी कवर किया जाता है।

तो आप भी देख लें कि आपने ये सभी जरूरी बीमा ले रखे हैं या नहीं।

अभिलाषा सक्सेना चक्रवर्ती पिछले 15 वर्षों से प्रिंट और डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। हिंदी और अंग्रेज़ी दोनों भाषाओं में दक्षता रखने वाली अभिलाषा ने करियर की शुरुआत हिंदुस्तान टाइम्स, भोपाल से की थी। डीएनए, नईदुनिया, फर्स्ट इंडिया,...