भारत के टॉप 5 संग्रहालय,जहाँ देखने और सीखने के लिए है बहुत कुछ: International Museum Day 2023
International Museum Day 2023

जरूर देखें भारत के ये 5 प्रसिद्ध संग्रहालय

भारत में वैसे तो आपको कई शहरों में संग्रहालय देखने को मिल जाएँगेI लेकिन अगर आप भारत की प्राचीन संस्कृति और इतिहास के बारे में गहराई से जानना चाहते हैं तो ये भारत के 5 प्रसिद्ध संग्रहालय हैं, जहाँ आपको देखने व सीखने के लिए बहुत कुछ खास मिलेगाI

International Museum Day 2023: ऐसा कहा जाता है कि अगर किसी शहर के इतिहास के बारे में जानना है, तो सबसे पहले वहां स्थित म्यूजियम देखने जाना चाहिएI म्यूजियम यानी संग्रहालय वह जगह होता है, जहाँ हमारी सभ्यता और संस्कृति को संजो कर रखा जाता हैI संग्रहालयों की विशेषता और उनके महत्व को समझते हुए संयुक्त राष्ट्र ने 1983 में ‘18 मई’ को ‘अंतर्राष्ट्रीय संग्रहालय दिवस’ के रूप में मनाने का निर्णय किया थाI संग्रहालय न केवल भारतीय पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र होते हैं बल्कि ये विदेशी पर्यटकों को भी काफी लुभाते हैंI संग्रहालय के माध्यम से ही उन्हें भारतीय संस्कृति के बारे में गहराई से जानने व देखने का मौका मिलता हैI

भारत में वैसे तो आपको कई शहरों में संग्रहालय देखने को मिल जाएँगेI लेकिन अगर आप भारत की प्राचीन संस्कृति और इतिहास के बारे में गहराई से जानना चाहते हैं, तो ये भारत के 5 प्रसिद्ध संग्रहालय हैं, जहाँ आपको देखने व सीखने के लिए बहुत कुछ खास मिलेगाI

भारतीय संग्रहालय, कोलकाता

International Museum Day 2023
Indian Museum in Kolkata

भारतीय संग्रहालय, भारत का पहला और सबसे बड़ा म्यूजियम है> यह “सिटी ऑफ़ जॉय” के नाम से प्रसिद्ध शहर कोलकाता में स्थित हैI कोलकाता के हावड़ा स्टेशन से 4 किलोमीटर दूर स्थित एशिया के इस सबसे पुराने भारतीय संग्रहालय में 4 हजार वर्ष पुराने जीवाष्म, बुद्ध की अस्थियों के अवशेष, ममी, युद्धसामग्री, आभूषण, सिक्कों की गैलरी, संगीत वाद्ययंत्र गैलरी, मुगल चित्रकारी गैलरी, मुखौटा गैलरी और जीवाश्म- मनुष्य विज्ञान गैलरी पर्यटकों द्वारा पसंद की जाने वाली गैलरियाँ हैंI

भारतीय संग्रहालय सोमवार को छोड़कर हर दिन खुला रहता हैI मार्च से नवम्बर के बीच आप यहाँ सुबह 10 बजे से शाम के 5 बजे तक घूमने के लिए आ सकते हैंI लेकिन दिसम्बर से फरवरी के महीने में यह सुबह 10 बजे से शाम 4.30 बजे तक ही खुला रहता हैI इस संग्रहालय को देखने के लिए 1- 2 घंटे का समय लगता हैI यह संग्रहालय राष्ट्रीय अवकाश वाले दिन बंद रहता हैI आप यहाँ जाने के लिए टैक्सी या मेट्रो का इस्तेमाल कर सकते हैंI पार्क स्ट्रीट मेट्रो स्टेशन यहाँ का सबसे नजदीकी मेट्रो स्टेशन है, यहाँ से आगे जाने के लिए आपको बस या टैक्सी का उपयोग करना होगाI

राष्ट्रीय रेल संग्रहालय, नई दिल्ली

National Rail Museum
National Rail Museum

देश की राजधानी दिल्ली में स्थित यह संग्रहालय काफी खास हैI यह देश का एकमात्र ऐसा संग्रहालय है, जो भारतीय रेलवे की 161 सालों की कहानी को दर्शाता हैI यहाँ पुराने रेलवे के डिब्बे, भाप के पुराने इंजन उपकरण व अन्य चीजें संभाल कर रखी गईं हैंI इस संग्रहालय के मुख्य आकर्षण हैं फेयरी क्वीन, पटियाला राज्य के मोनो रेल ट्रेनवेज़, अग्निशामक इंजन, क्रेन टैंक, कालका-शिमला रेल बस, अग्निरहित वाष्प लोकोमोटिवI

यहाँ पर्यटकों के लिए 3 डी वर्चुअल ट्रेन की सवारी, स्टीम लोको सिम्युलेटर, टॉय ट्रेन और एक इनडोर गैलरी की सुविधा भी हैI यह सुबह 10 बजे से शाम के 5.00 बजे तक खुला रहता हैI यह प्रत्येक सोमवार को बंद रहता है. यहाँ भारतीय पर्यटकों के लिए 50 रूपये प्रति व्यक्ति एंट्री फीस है और 3-12 वर्ष तक के बच्चों के लिए 10 रूपये का एंट्री फीस लगता हैI

छत्रपति शिवाजी महाराज वास्तु संग्रहालय, मुंबई 

छत्रपति शिवाजी महाराज वास्तु संग्रहालय, मुंबई 
छत्रपति शिवाजी महाराज वास्तु संग्रहालय, मुंबई 

छत्रपति शिवाजी महाराज वास्तु संग्रहालय या द प्रिंस ऑफ़ वेल्स संग्रहालय मुंबई में इंडिया गेट के समीप करीब 3 एकड़ क्षेत्र में स्थित हैI यहां प्राचीन भारतीय इतिहास के साथ विदेशी करीब 50 हजार वस्तुओं का अद्भुत संग्रह प्रदर्शित किया गया हैI इस संग्रहालय में सिंधु घाटी सभ्यता के प्राचीन अवशेष,मध्य युग के मिट्टी के बर्तन और चीनी मिट्टी की शानदार मूर्तियाँ, कलाकृति और लघु चित्रकारी और भारतीय युद्ध के प्राचीन हथियारों का एक अच्छा संग्रह हैI

इस संग्रहालय में स्थित गुंबदाकार संरचना हिंदू, इस्लामी और ब्रिटिश वास्तुकला के एक सुंदर मिश्रण को दर्शाती हैI यहाँ आप सुबह के 10.15 से शाम के 5 बजे तक घूमने के लिए जा सकते हैंI यहाँ भारतीय पर्यटकों के लिए एंट्री फीस 85 रूपये और विदेशी पर्यटकों के लिए 650 रूपये हैI

पुरातत्व संग्रहालय, दिल्ली

लाल किले के पास स्थित इस संग्रहालय को भारत के सबसे पुराने संग्रहालयों में गिना जाता हैI यह देश के उन संग्रहालयों में एक है जहां आपको 1000 ईसवीं से लेकर मौर्य और मुगल कालीन प्राचीन तक की वस्तुएं देखने को मिलेंगीI यहां प्राचीन चित्रों, वस्त्र-आभूषण, हथियारों, शिल्प आदि वस्तुओं को रखा गया हैI इस संग्रहालय का एक भाग ऐसा भी है जहां प्रथम विश्व युद्ध के दृश्यों को दर्शाया गया हैI पुरातत्व संग्रहालय सोमवार को छोड़ बाकी सभी दिन आपको खुला मिलेगाI आप सुबह 10 बजे से लेकर शाम के 5 बजे तक यहां प्रवेश कर सकते हैंI

कैलिको टेक्सटाइल म्यूजियम, अहमदाबाद

एयरपोर्ट रोड पर रिट्रीट में स्थित कैलिको टेक्सटाइल संग्रहालय, अहमदाबाद का सबसे पुराना कपड़ा संग्रहालय हैI इस संग्रहालय में विभिन्न बुनाई सामग्री, देश के विभिन्न हिस्सों से डिजाइनर और रंगीन कपड़े की एक सरणी को संरक्षित किया गया हैI वस्त्रों के अलावा यहाँ दक्षिण भारतीय कांस्य कला, मंदिर के लटकने, फर्नीचर, लघु कलाकृतियों और जैन कलाकृतियां भी देखने के लिए हैंI कैलिको टेक्सटाइल म्यूजियम में गैलरी सेक्शन के साथ एक लाइब्रेरी भी हैI यह सुबह 10.00 बजे से दोपहर 1.00 बजे तक ही खुला रहता हैI और हर बुधबार और राष्ट्रीय अवकाश में बंद रहता हैI यहाँ किसी तरह का एंट्री फीस नहीं लगता है,आप यहाँ फ्री में घूम सकते हैंI  

संग्रहालय घूमने जाएं तो ये गलतियाँ करने से बचें

  • जब भी घूमने जाएं, तो संग्रहालय में रखी चीजों को कभी भी छूने की कोशिश ना करेंI अगर आप ऐसा करते हैं तो इससे संग्रहालय में रखी चीजों को नुकसान पहुंचता हैI इसलिए दूर से ही देखेंI
  • बिना परमिशन के फोटो क्लिक ना करेंI संग्रहालय में फोटो क्लिक करने की अनुमति नहीं होती हैI अगर आप ऐसा करते हैं, तो आपको जुर्माना भी भरना पड़ सकता हैI
  • बच्चों को संग्रहालय घुमाने लेकर जाएं तो इस बात का अवश्य ध्यान रखें कि बच्चे यहाँ दौड़-भाग ना करेंI उनका हाथ पकड़ कर रखेंI

ए अंकिता को मीडिया इंडस्ट्री में 9 वर्षों का अनुभव है। इन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की और खास तौर पर लाइफस्टाइल और एंटरटेनमेंट बीट में रुचि रखती हैं। लेखन के अलावा वेब सीरीज़ देखना, घूमना, संगीत सुनना और फोटोग्राफी...