गर्मी में घूमने का बना रहे हैं प्लान तो घूम आइए 117 साल पुरानी ट्रेन में! लोगों को खूब आ रहा पसंद: Railway Heritage Train
Railway Heritage Train In Summer

Railway Heritage Train: गर्मी का मौसम अपने चरम पर है। देशभर में कहीं तापमान 40 के ऊपर जा रहा है तो कहीं 50 तक पहुंच रहा है। ऐसे में लोग ठंडी जगहों पर जाने का प्लान बना रहे हैं। जिनका भी ऐसा प्लान है उनको देश के बाहर घूमने जाने की जरूरत नहीं होगी। अपने देश में हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू कश्मीर तो है ही। इसके साथ ही एक ऐसी जगह है जहां पर आपको अधिक गर्मी का भी अहसास नहीं होगा और परिवार के साथ आपका मनोरंजन भी हो जाएगा। आइए बताते हैं कौन सी है वो जगह, जहां आपको बच्चों-परिवार के साथ घूमने में मजा आएगा।

मुंबई, पुणे और आस-पास रह रहे लोगों के लिए सबसे पसंदीदा जगह है माथेरान। यहां पर आप रुकने की व्यवस्था बनाकर भी कहीं से आ सकते हैं। यहां पर जो सबसे स्पेशल है वह है 117 साल पहले शुरू हुई नेरल-माथेरान टॉय ट्रेन। यह भारत के कुछ हेरिटेज माउंटेन रेलवे में से एक है। यहां पर स्लीपिंग पॉड्स (पॉड होटल) को भी शुरू किए जाने की तैयारी है। इसमें सिंगल पॉड, डबल पॉड और फैमिली पॉड की सुविधा होगी। यहां पर आने वाले पर्यटकों को रुकने के लिए सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।

Also read : Kullu Me Ghumne ki Best Jagah: 20+ कुल्लू में घूमने के लिए बेहतरीन स्थान और प्रमुख दर्शनीय स्थल

पर्यटकों के लिए रहने की आधुनिक व्यवस्था

Railway Heritage Train In Summer
Modern accommodation for tourists

यहां पर घूमने आने वाले लोगों के लिए रहने-खाने की बेहतरीन सुविधाओं की व्यवस्था की जाएगी। पॉड होटल के माध्यम से पर्यटकों की आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए आवास विकल्प उपलब्ध कराया जाएगा। इसमें कई तरह के अलग-अलग सुविधाओं से युक्त पॉड की व्यवस्था होगी। ये पॉड वातानुकूलित डिजाइन किए गए हैं। इनमें लॉकर रुम, फायर अलार्म, मोबाइल चार्जिंग, इंटरकॉम सिस्टम, डीलक्स शौचालय और बाथरूम जैसी आधुनिक सुविधाओं की व्यवस्था रहेगी।

मध्य रेल माथेरान तक चलाता है ये सेवाएं

मध्य रेल, नेरल से माथेरान तक पहाड़ों में घूमने वाली नैरो गेज लाइन पर टॉय ट्रेन सेवाएं चलाता है। इसके साथ ही साथ अमन लॉज और माथेरान के बीच शटल सेवाएं चलती हैं। मध्य रेल नेरल-माथेरान-नेरल के बीच रोजाना लगभग 4 सेवाएं और अमन लॉज-माथेरान-अमन लॉज के बीच लगभग 16 सेवाएं चलती हैं। 12 सेवाएं रोज और 4 विशेष सेवाएं शनिवार और रविवार को चलती हैं। यहां पर आप इन सेवाओं का आनंद ले सकते हैं। इसमें बच्चों को भी अधिक मजा आएगा।

लगभग 5 लाख से अधिक पर्यटकों ने की यात्रा

अगर बात करें यहां पर आने वाले यात्रियों की तो इसे जानकर आप हैरान रह जाएंगे। एक ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, वित्तीय वर्ष 2023-2024 के दौरान 5 लाख से अधिक यात्रियों को माथेरान पहुंचाया गया है। इस यात्रा में अमन लॉज और माथेरान के बीच करीब 3.37 लाख यात्री और नेरल-माथेरान के बीच करीब 1.25 लाख यात्री शामिल हैं। वहीं अगर इनसे हुए आय की बात करें तो इसी वित्तीय वर्ष (2023-2024) में अमन लॉज-माथेरान के बीच 2.48 करोड़ रुपये और नेरल-माथेरान के बीच 1.06 करोड़ रुपये सहित कुल अर्जित राजस्व 3.54 करोड़ रुपये है।