जा रहे हैं धर्मशाला और मैक्लोडगंज घूमने, तो इन 10 होमस्टे में ठहरने की बनाएं योजना: Homestay Planning
Homestay Planning

Homestay Planning: पहाड़ों में घूमने की बात आती है तो पहाड़ प्रेमियों के लिए हिमाचल प्रदेश पसंदीदा जगह के तौर पर सबसे पहले सामने आती है। हो भी क्यों न पहाड़ों की सुंदरता और शांत माहौल आपको एक अलग ही दुनिया में होने का एहसास कराता है। इसके साथ ही पहाड़ी राज्य की संस्कृति और स्थानीय लोगों का सादगी भरा रहन-सहन हर टूरिस्ट को अपनी ओर आकर्षित कर ही लेता है। लेकिन, कुछ लोग बाहर निकलने के बावजूद घर जैसे माहौल की उम्मीद करते हैं। दरअसल, होटल में आपको बहुत ही औपचारिक वातावरण नजर आता है, जो कई हद तक लोगों को नीरस लगता है। अगर आप भी बाहर जाकर घर जैसा ही माहौल चाहते हैं तो हम आपको धर्मशाला और मैक्लोडगंज के कुछ होमस्टे के बारे में बताते हैं, जहां आप बिल्कुल अपने घर जैसा महसूस करेंगे।

होमस्टे में ठहरने के फायदे

होमस्टे में ठहरने पर मिलने वाला अनुभव होटल और रिसोर्ट में मिलने वाले अनुभव से बिल्कुल अलग होता है। होमस्टे में आपको उस जगह की संस्कृति को करीब से जानने का मौका मिलता है। हम जहां भी घूमने जाते हैं वहां के खाने से जुड़ी अच्छी बुरी यादों को हम कभी नहीं भूलते। लेकिन होटल में रुकने पर आपको वहां के मेन्यू के हिसाब से खाना मिलता है लेकिन होमस्टे में आप अपनी पसंद और स्थानीय खाने का लुफ्त उठा सकते हैं। जो जाहिर है आपको एक अलग स्वाद देगा। इसके अलावा होटल में रुकने पर आपको हर चीज़ के इस्तेमाल पर अतिरिक्त बिल चुकाना पड़ता है जबकि होमस्टे में रुकने पर ऐसा नहीं होता। तो ऐसे में होटल या रिसोर्ट में रुकने के बजाय होमस्टे आपके लिए अच्छा विकल्प हो सकता है।

धर्मशाला के ये 5 होमस्टे

Dharmsala Homestay
Dharmsala Homestay

1)कपूर होमस्टे

घर से बाहर जाकर भी घर जैसे माहौल की चाह रखने वाले लोगों के लिए कपूर होमस्टे बेस्ट ऑप्शन है। बजट में फिट और लोकेशन में हिट कपूर होमस्टे धर्मशाला के जोगीबारा में स्थित है। यहां से दिखने वाले शानदार दृश्य किसी भी टूरिस्ट का मन मोह ले। यहां फ्रेश फूड के साथ, धुले कपड़े और फ्री वाईफाई की सुविधा भी मिलती है।

2) दा उन्माद

हिमाचल के धर्मशाला में होमस्टे के लिए ‘दा उन्माद’ ठहरने के लिए अच्छा विकल्प है। कामकाज और शहरों की किचकिच से दूर शान्ति की तलाश कर रहे लोगों के लिए ये जगह बेस्ट है। यह जगह देवदार के बड़े-बड़े पेड़ों के बीच मौजूद है। यहां के कमरों की रंगीन सजावट देखने लायक है। इसके साथ ही खुली छत पर आसपास के नज़रों का मजा लिया जा सकता है।

3) शोवा नेस्ट

शोवा नेस्ट धर्मशाला में डल झील के बेहद करीब है। यहां 4 बड़े और शानदार कमरे हैं, जिसमें 10 लोग आरामदायक तरीके से रह सकते हैं। यहां रुकने वाले टूरिस्ट सुबह की सैर के लिए झील के आस-पास जा सकते हैं। सुविधा और बेहतरीन सेवा के चलते ‘शोवा नेस्ट’ होमस्टे के तौर पर सबसे ज्यादा पसंद की जाने वाली जगह है।

4)विला संतुष्टि

विला संतुष्टि, धर्मशाला के कंडी गांव में मौजूद है। यहां रुकने वाले टूरिस्टों को बेड एंड ब्रेकफास्ट सुविधा दी जाती है। 2 मंजिला इस होमस्टे में 6 कमरे हैं। इसके साथ ही यहां माइक्रोवेव, रेफ्रिजरेटर और इलेक्ट्रिक केतली के साथ रसोईघर की सुविधा मिलती है, जहां आप अपनी पसंद का नाश्ता खुद तैयार कर सकते हैं। बिजी लाइफ में एक ब्रेक के लिए ये जगह अच्छा विकल्प हो सकती है।

5) हिलसाइड रिट्रीट

धौलाधार रेंज और कांगड़ा घाटी के पास स्थित हिलसाइड रिट्रीट होमस्टे के लिए परफेक्ट प्लेस है। यहां आपको टैंट हाउस की सुविधा के साथ घर का बना खाना मिलता है। आरमदायक होने के साथ यहां का माहौल काफी शांतिपूर्ण है, जो इसे लोगों के बीच और लोकप्रिय बनाता है।

मैक्लोडगंज के ये 5 होमस्टे

1) सोशल खोर हाउस

मैकलोडगंज धर्मकोट की ऊपरी तलहटी पर स्थित सोशल खोर हाउस होमस्टे के लिए एक अच्छा विकल्प है। यहां ठहरने वाले टूरिस्ट को कमरों से पहाड़ी के शानदार दृश्य नजर आते हैं। ये आरामदायक होने के साथ-साथ काफी किफायती भी है। तमाम तरह की सुविधाओं से लेस सोशल खोर हाउस में ठहरने पर फ्री वाईफाई की सुविधा भी मिलती है।

2) आनंदम होमस्टे

अगर आप किफायती आवास के तौर पर किसी होमस्टे की तलाश कर रहे हैं तो आनंदम होमस्टे आपके लिए परफेक्ट है। मैक्लोडगंज के हीरू गांव के शांतिपूर्ण माहौल में स्थित आनंदम होमस्टे परिवार और दोस्तों के साथ आने वाले टूरिस्ट के लिए एक अच्छा विकल्प है। यहां आपको शानदार मेहमाननवाज़ी के साथ स्वादिष्ट खाना और शांतिपूर्ण माहौल मिलता है।

3) राम योग हाउस

होमस्टे के लिए राम योग हाउस भी एक अच्छा विकल्प है। एक बड़ी छत्त के साथ यहां आपको बड़े-बड़े कमरों के साथ वाई-फाई की सुविधा मिलती है। यहां रुकने वाले मेहमानों को भारतीय खाने के साथ मैक्सिकन फूड भी मिलता है। राम योग हाउस, शहर के केंद्र और धर्मशाला के पास है।

4) हिमालयन होमस्टे

सुंदर कांगड़ा घाटी में स्थित हिमालयन होमस्टे आपको पारिवारिक माहौल के साथ लग्जरी सुविधा मिलती है। यहां के बड़े-बड़े और सुसज्जित कमरे किसी का भी मन मोह लें। बालकनी और आउटडोर फर्नीचर के साथ एक सन टैरेस भी है, जहां आराम से बैठकर चाय पीते हुए पहाड़ी नजारों का मजा लिया जा सकता है। परिवार और दोस्तों के साथ यहां रुकने की योजना किसी के लिए भी परफेक्ट साबित हो सकती है।

5) द डिवाइन हिमा

द डिवाइन हिमा एक शानदार बुटीक होटल, मजेदार फूड, कैफे और आर्ट गैलरी की सुविधा देता है। यहां सबसे खास है यहां के 12 अलग-अलग थीम वाले भव्य कमरे। इनकी खूबसूरती और सजावट किसी का भी मन मोह लें। जितनी सुंदरता बाहर है उतनी ही खूबसूरती द डिवाइन हिमा के कमरों में भी मौजूद है।