Vintage Theme
Vintage Theme for Home

Vintage Theme: आप चाहती हैं कि आपके घर को एक नया लुक मिले। इस कोशिश में आप बार- बार बाजार जा रही हैं, ऑनलाइन बाजारों में हटके चीजें ढूंढ रही हैं लेकिन आपको कुछ समझ नहीं आ रहा है। हां, यह जरूर है कि आपको अपने घर में चिक लुक जरूर चाहिए। सच यह है कि आपकी पसंद उम्दा है और अलग है। ऐसे में आप क्यों नहीं अपने घर को विंटेज थीम के अनुसार सजाने के बारे में सोचती हैं। इसमें पुराने जमाने का शायराना अंदाज भी घर में दिखेगा, साथ ही दिखेगा कायदा, सलीका और घर को सजाने का आपका हटके अंदाज। यदि आप सोच रही हैं कि इस तरह से आपकी जेब को अच्छी- खासी चपत लगेगी तो आप गलत सोच रही हैं। अपने घर को विंटेज लुक देने के लिए आपको कुछ ज्यादा करने की जरूरत नहीं है। ब्रास, ब्रॉन्ज या लकड़ी के डेकोरेटिव पीसेज इसमें आपकी मदद करते हैं। साथ ही पुराने गत्ते, सूटकेस, तार के बने बास्केट और पुराने फ्रेम का प्रयोग करके आप अपने घर को कमाल का रेट्रो लुक दे सकती हैं। यहां तक कि आपके घर की दीवारों पर लगा रंग भी इसमें आपकी मदद करता है। पेस्टल शेड्स, ब्लू और गोल्डन शेड्स न आपके घर को केवल ब्राइट लुक देते हैं बल्कि विंटेज टच भी देने में सक्षम हैं।

आईना

Vintage Theme
Mirror

यदि आपके घर की एक दीवार बिल्कुल खाली है और आप उसे सजाना चाहती हैं तो किसी डेकोरेटिव पीस की बजाय वहां दीवार जितनी बड़े आकार का आईना ही लगवा लें। यह ट्रेंड इन दिनों इंटीरियर में इन होने के साथ ही आपके घर को बड़ा और विंटेज लुक भी देता है। यदि नहीं, तो फिर फिगरिन्स नक्काशी वाले आईने भी बाजार में मिलते हैं, जिनमें से मैट गोल्ड फिनिश वाले खरीदें और एक सादी दीवार पर बड़ा सा आईना लगवा लें। यह एकमात्र आईना आपके कमरे का फोकल प्वाइंट होगा और इस तरह से आपको किसी हेवी फर्नीचर या आर्ट पीस की जरूरत नहीं पड़ेगी।

रेडियो, टाइपराइटर, ग्रामोफोन, क्लॉक

Vintage Theme
Radio, Typewriter, Gramophone, Clock

इन दिनों टीवी पर रेडियो का इस्तेमाल विज्ञापनों में खूब किया जाने लगा है। आपके पास भी बचपन का पुराना रेडियो पड़ा हुआ है। स्टोर रूम में बंद उस रेडियो को निकालने का समय आ गया है। या संभव है कि उसी स्टोर रूम में आपके परिवार का पुराना रखा टाइपराइटर या ग्रामोफोन रखा हो। उन सबको निकालिए और अपने घर के डेकोर का हिस्सा बनाइए। ये सब न हो तो पुराना कैमरा तो जरूर रखा होगा। एंटीक लुक वाली दीवार घड़ी को दीवार पर टांगिए। दो साइड वाली घड़ी इन दिनों बाजार में खूब मिल रही है। इसे खरीद लीजिए और कमरे में टांग लीजिए।

फर्नीचर

Vintage Theme
Furniture

दादाजी की पुरानी आराम कुर्सी घर के किसी कोने में रखी है तो उसे लिविंग रूम के एक कोने में सजाने का वक्त आ गया है। चाहें तो इसे बालकनी में भी रखा जा सकता है। आस- पास कुछ गमले रखकर बालकनी की खूबसूरती बढ़ाई जा सकती है। यदि आपको कंफर्ट का ज्यादा ध्यान रहता है तो इस पर मुलायम गद्दी और कुशन रखें। इनके रंग पर विशेष ध्यान देना जरूरी है, पेस्टल शेड्स के सेल्फ डिजाइन वाले कुशन कवर अच्छे लगेंगे। फैंसी सोफा सेट की जगह टीक या ओक वुड का सोफा लें, जो आपके घर को ओल्ड कंट्री लुक देगा। इस पर मनमर्जी का कवर ले सकते हैं लेकिन पेस्टल शेड्स रेट्रो लुक के लिए परफेक्ट है। एंटीक ओक डाइनिंग टेबल लें, जो गोल आकार का हो। फैंसी अलमारियों की बजाय लकड़ी या धातु के बने कबर्ड पर ही पैसे लगाना सही है। रफ और एंटीक फिनिश वाली अलमारियां कमाल का लुक देती हैं। चाहें तो पुरानी अलमारी पर पेंट करके भी उस तरह का लुक पाया जा सकता है। चाहें तो इसमें कपड़े रखें, किताबें रखें या फिर जब आपके दोस्त आएं तो इसे बार में तब्दील कर दें। पुराने रखे ट्रंक का प्रयोग भी आप स्टोरेज के लिए करें। इस पर मनमर्जी का पेंट करा लें।

किचन

Vintage Theme
Kitchen

जब बात रेट्रो की हो रही है तो ब्रास, ब्रॉन्ज और मिट्टी के बर्तनों को खरीदना तो बनता ही है। ये स्वास्थ्य के लिहाज से अच्छे होते हैं बल्कि इसमें पकने के बाद भोजन का स्वाद भी कई गुणा बढ़ जाता है। पुराने फोटो फ्रेम के फ्रेम को निकालकर किचन में चम्मचें टांगने का काम लिया जा सकता है। यहां भी पुरानी अलमारी रखकर उसमें बर्तन रखे जा सकते हैं। हां, अलमारी को पेंट जरूर करा लें ताकि जंग लगने की परेशानी का सामना न करना पड़े। र्इंट जैसे दिखने वाले टाइल्स का प्रयोग भी किचन की दीवारों पर कर सकते हैं। या फिर पत्थर जैसे लुक वाले टाइल्स का, यह प्राकृतिक लुक आपके किचन को परफेक्ट विंटेज लुक देगा।

शैंडलियर

Vintage Theme
Chandelier

शैंडलियर अब सिर्फ फाइव स्टार होटल में ही नहीं दिखते। घरों को भी शैंडलियर से सजाया जा सकता है। यह एक डेकोरेटिव पीस बन चुका है। हां, यह जरूर है कि रेट्रो थीम के हिसाब से शैंडलियर सादा ही होना चाहिए, न कि डिजाइनर। एकाध चंक और स्पायरल डाउनवार्ड वाले शैंडलियर इस लिहाज से कमाल के लगते हैं। बड़े मेटल के फनल्स, बोहेमियन बास्केट, रस्टेड पेंट कैन आदि भी एंटीक दुकान से खरीदने के बाद इसमें सही तरीके से वायरिंग कराकर आप इन्हें शैंडलियर में तब्दील कर सकते हैं। शैंडलियर को हमेशा कमरे का फोकल प्वाइंट होना चाहिए।

दरवाजे

Vintage Theme
Door

दरवाजे तो सादे से ही लगे हैं, फिर भी आप इसे रेट्रो टच दे सकते हैं। बस जरूरत है ब्रास के डोर नॉब्स की, जिस पर विक्टोरियन फिगरिन्स का डिजाइन रहता है। चाहें तो ऑरनेट कास्ट ब्रास के नॉब, नॉकर और हिंजेज लगवाए जा सकते हैं। ये आपके घर को क्लासी और एलीगेंट लुक देने में सक्षम हैं। यहां तक कि किचन के कैबिनेट और ड्रॉअर के हैंडिल और नॉब को भी मेटल का रखिए।

विंटेज थीम से जुड़ी कुछ जरूरी बातें

Vintage Theme
Importance things to know about vintage theme

जो भी एंटीक दिख रहा है, जरूरी नहीं कि आपके घर की खूबसूरती को बढ़ाए ही, घटा भी सकता है। साथ ही अधिक एंटीक चीजों का इस्तेमाल घर को कबाड़ सा लुक भी दे सकता है।

सोच- समझ कर पैसे खर्च करें। ऐसी चीज लें जो पुराना दिखने के साथ ही आपके आज की जरूरतों को पूरा करने में सक्षम हो।

कम चीजें घर को खुला और कंफर्टेबल लुक देती हैं। खरीदारी करते या घर को सजाते समय इसका ध्यान रखना सबसे ज्यादा जरूरी है।

विंटेज चीजें खरीदना चैलेंज भरा काम है क्योंकि खरीदते समय आप सोच नहीं पाते हैं कि घर के किस कोने में फलां चीज अच्छी लगेगी।

एंटीक फर्नीचर भारी लुक देते हैं। इसलिए फर्नीचर की खरीदारी सोचकर करें।

आईना या वॉल हैंगिंग जैसी चीजें कम कीमत में मिलती हैं, साथ ही घर को खूबसूरत लुक भी देती हैं। इन्हें जरूर खरीदें।

ये भी पढ़ें – 

अपने घर को सजायें विभिन्न होम डेकोर स्टाइल से 

Celebrity Home : शिल्पा शेट्टी के घर में पॉजिटिविटी की यह है वजह, देखें ये वीडियोज

इंटीरियर संबंधी टिप्स कैसे लगे?अपनी प्रतिक्रियाएं हमें जरूर भेजें। ब्यूटी-मेकअप से जुड़े टिप्स भी आप हमें ई-मेल कर सकते हैं- editor@grehlakshmi.com