हर्ब्स को लगाने का सही तरीका क्या है।
घर में हर्बल गार्डन तैयार करनें के लिए हल्के गमले का चयन करें और ग्रो बैग का इस्तेमाल एक बेहतर ऑप्शन हो सकता है।
Herbal Garden: अगर आप गार्डनिंग के शौकीन है और चाहते हैं कि आपके घर में भी छोटा-सा हर्बल गार्डन हो, तो आप भी इसे बड़ी आसानी से बना सकते है। आपकी चाहे छोटी-सी बालकनी हो या फिर छत बस थोड़ी-सी मेहनत से आपका हरा भरा हर्बल गार्डन तैयार हो सकता है। अगर आपके घर की छत पर रेलिंग लगी हुई है, तो आप उस रेलिंग पर भी पॉट या बक्से लटकाकर हर्ब्स के पौधे लगा कर टैैरेस गार्डनिंग कर सकते हैं, जिससे कि कम जगह में भी आप बहुत से हर्बल प्लांट को आसानी से उगा सकते हैं। साथ ही उनके लिए किस तरह के गमले का इस्तेमाल करें।
हर्ब्स के लिए पर्याप्त धूप की जरुरत
गार्डन तैयार करने के लिए ऐसे स्थान को चुनें, जहाँ पर्याप्त सूर्य का प्रकाश आता हो, क्योंकि अधिकांश हर्बल प्लांट को उगने के लिए धूप की आवश्यकता होती है। हालांकि कुछ हर्ब ऐसे भी होते हैं, जो आंशिक छाया में उग जाते हैं, लेकिन हर्ब प्लांट की अच्छी ग्रोथ के लिए आप धूप वाले स्थान या फिर खुली जगह पर हर्बल गार्डन तैयार कर सकते हैं।
हल्के गमलों का करें इस्तेमाल
अगर आप हर्ब प्लांट्स को इनडोर लगाने जा रहे हैं, तो इन्हें उगाने के लिए आप सिरेमिक, क्ले या अन्य धातुओं जैसे- तांबा, पीतल, जस्ता, स्टेनलेस स्टील के बर्तन का उपयोग कर सकते हैं, लेकिन क्ले या सिरेमिक के पॉट वजन में काफी भारी होते हैं। इससे यह इनडोर प्लांट लगाने के लिए तो सही हैं, लेकिन बालकनी या टैरेस पर इनके गिरकर टूटने का खतरा अधिक होता है तथा इन्हें एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जाने में भी कठिनाई हो सकती है।
इनके अलावा अगर आप धातुओं से बने गमले का उपयोग करते हैं, तो यह मजबूत तो होते हैं, लेकिन इनमें ड्रेनेज होल्स नहीं होते हैं, इन छिद्रों को आपको बनाना पड़ता है। एक या दो पौधे लगाने के लिए तो यह यह कंटेनर ठीक हैं, लेकिन बहुत से पौधे लगाने के लिए इन्हें खरीदना आपके लिए महंगा हो सकता है।
हर्ब्स के लिए ग्रो बैग बेहतर ऑप्शन
आमतौर पर हर्बल प्लांट लगाने के लिए एचडीपीई या फैब्रिक ग्रो बैग्स अच्छे गमले होते हैं। यह वजन में काफी हल्के होते हैं, जिससे इन्हें मूव करना काफी आसान होता है। आप इनका इस्तेमाल इनडोर या आउटडोर दोनों जगह हर्बल प्लांट्स लगाने के लिए कर सकते हैं। इन ग्रो बैग्स में जल निकासी की उत्तम व्यवस्था होती है, अन्य गमलों की अपेक्षा इनका उपयोग कई सालों तक किया जा सकता है।
गमला चुनते वक्त इन बातों का रखें ध्यान
- इन पौधों को लगाने के लिए आप जो भी गमला या ग्रो बैग खरीदते हैं, वह ड्रेनेज होल युक्त होना चाहिए।
- नम मिट्टी पसंद करने वाली जड़ी-बूटियों को आप प्लास्टिक के कंटेनर में लगा सकते हैं।
- सूखी मिट्टी में उगने वाली हर्ब्स के लिए टेराकोटा या थर्माफॉर्म पॉट सबसे अच्छे होते हैं।
- आप जिस भी कंटेनर का उपयोग करते हैं, वह पौधे से थोड़ा बड़ा होना चाहिए, जिससे पौधे को सीधे रहने के लिए पर्याप्त सहारा मिल सके।
- छोटे रूट सिस्टम वाली हर्ब के लिए उथले कंटेनर सबसे अच्छे होते हैं, जबकि लंबाई में बढ़ने वाले पौधों के लिए गहराई वाले पॉट की आवश्यकता होती है।
