आज से यूपीआई से पैसे ट्रांसफर करने की लिमिट होगी डबल
आप भी अगर अब तक यूपीआई से 5 हजार से ज्यादा का ट्रांजेक्शन करना चाहते हैं तो अब आप 1 जनवरी से आसानी से इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं।
UPI Transaction Limit: नये साल के साथ ही बहुत से क्षेत्रों और चीज़ों में बदलाव आता है। कई पुराने नियम बदल जाते हैं। इस साल भी आज यानी 1 जनवरी से बहुत से पुराने नियम बदलने जा रहे हैं। इन्हीं में से एक अच्छा बदलाव यूपीआई से ट्रांजेक्शन में होने जा रहा है। अगर आप भी यूपीआई से पैसों का लेन-देन करते हैं तो आज की यह जानकारी आपके काम की है। चलिए जानते हैं इस बारे में-
यूपीआई 123पे की लिमिट हुई डबल
1 जनवरी से आप अपने फ़ोन से यूपीआई से 10 हजार रुपये तक का लेन-देन कर सकते हैं। यानी अब लोग ज्यादा पैसों का ट्रांजेक्शन कर सकेंगे। पहले यह सीमा सिर्फ़ 5 हजार रुपये थी।
स्मार्टफ़ोन के बिना भी कर पायेंगे ट्रांजेक्शन
वैसे तो अधिकांश लोग आजकल स्मार्टफ़ोन का इस्तेमाल करते हैं लेकिन अब वो यूजर्स जो स्मार्टफोन इस्तेमाल नहीं करते, यानी जिनके पास बेसिक या बटन वाला फीचर फोन है तो यह खबर आपके काम की है। इस नियम के ज़रिए भारतीय रिजर्व बैंक ने फीचर फोन यूजर्स के लिए बड़ी खुशखबरी दी है।
क्या है यूपीआई 123पे
बेसिक फीचर फोन यूजर्स और सीमित या बिना इंटरनेट कनेक्टिविटी वाले यूजर्स के लिए यूपीआई 123पे एक इंस्टैंट पेमेंट सिस्टम है। इसके द्वारा यूजर्स बहुत आसानी से यूपीआई पेमेंट कर सकते हैं। यह सिस्टम यूपीआई पेमेंट की सुविधा 4 तरीके से देता है। फीचर फोन यूजर्स आईवीआर नंबर के जरिए यूपीआई ट्रांजैक्शन कर सकते हैं। इसका इस्तेमाल करने के लिए आपको आईवीआर नंबर (080-45163666, 08045163581 और 6366200200) पर कॉल करके पहले अपना यूपीआई आईडी वेरीफाई कराना होगा। कॉल पर दिये गये निर्देशों को फॉलो करने के बाद पेमेंट कर सकते हैं। इसके अलावा आप फीचर फ़ोन पर एप, मिस्ड कॉल से या साउंड बेस्ड पेमेंट सुविधा का भी इस्तेमाल कर सकते हैं।
ओटीपी की होगी ज़रूरत
रिज़र्व बैंक ने हालाँकि ट्रांजेक्शन को आसान तो बनाया है लेकिन इसके साथ ही ओटीपी-बेस्ड सर्विस को भी ऐड किया है। मतलब अब आपको पेमेंट करने के लिए ओटीपी की जरूरत पड़ेगी। यूज़र्स की सिक्योरिटी को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है।
कब शुरू हुआ यूपीआई
यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस यानी यूपीआई की शुरुआत 2016 में हुई थी। यह नेशनल पेमेंट कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया द्वारा ऑपरेट किया जाता है। वित्त मंत्रालय के अनुसार जनवरी 2024 से नवंबर तक 223 लाख करोड़ रुपये के 15,547 करोड़ से ज्यादा ट्रांजैक्शन हुए हैं।
तो, आप भी अगर अब तक यूपीआई से 5 हजार से ज्यादा का ट्रांजेक्शन करना चाहते हैं तो अब आप आसानी से इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। हाँ, बस ट्रांजेक्शन करते समय अपनी सिक्योरिटी का ध्यान रखिएगा जिससे ग़लत आईडी पर ट्रांजेक्शन नहीं चला जाये।
