Overview: सिर्फ 2.5 घंटे में सीखें डिजिटल सुरक्षा के जरूरी टिप्स और पाएं सरकारी सर्टिफिकेट बिल्कुल मुफ्त
भारत सरकार का 2.5 घंटे का फ्री साइबर हाइजीन कोर्स करें और सीखें ऑनलाइन फ्रॉड से बचने के आसान तरीके। कोर्स पूरा करने पर मिलेगा सर्टिफिकेट।
Cyber Hygiene Certificate Course: आज के दौर में लोगों की पूरी जिन्दगी उनके हाथों में ही रहती है। फोन अब पहले से बहुत ज्यादा स्मार्ट हो गया है और लोग इससे सिर्फ बात ही नहीं करते हैं, बल्कि पेमेंट और बैंकिंग से लेकर शॉपिंग तक सब कुछ अपने स्मार्टफोन और इंटरनेट से करने लगे हैं। इस बात में कोई दोराय नहीं है कि इंटरनेट की वजह से लोगों को डिजिटली बहुत अधिक सुविधाएं मिली है, लेकिन इसके साथ-साथ साइबर अपराध भी पहले की अपेक्षा काफी बढ़ गए हैं। जानकारी के अभाव में अक्सर लोग इंटरनेट पर एक छोटी सी भूल कर बैठते हैं और ऐसे में देखते ही देखते उनका पूरा बैंक अकाउंट खाली हो जाता है या फिर इससे उनकी निजी जानकारी सार्वजनिक हो जाती है और ऐसे में उन्हें नुकसान उठाना पड़ता है।
इसी को ध्यान में रखते हुए और ऑनलाइन फ्रॉड से नागरिकों को बचाने के लिए भारत सरकार के गृह मंत्रालय के तहत आने वाले भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C) ने एक शानदार पहल शुरू की है। दरअसल, अब नागरिकों के लिए एक फ्री साइबर हाइजीन कोर्स शुरू किया गया है और यह कोर्स हर उस व्यक्ति के लिए उपयोगी है जो स्मार्टफोन या इंटरनेट का उपयोग करता है। तो चलिए विस्तार में जानते हैं इसके बारे में-
साइबर हाइजीन कोर्स क्या है?

जिस तरह हम सभी अपनी सेहत का ख्याल रखने के लिए हाइजीन मतलब साफ-सफाई का ख्याल रखते हैं। ठीक उसी तरह, डिजिटल की दुनिया में खुद का ख्याल रखने के लिए इस कोर्स की शुरुआत की गई है। यह एक फ्री ऑनलाइन कोर्स है जिसे विशेष रूप से आम भारतीय नागरिकों के लिए तैयार किया गया है।
इस कोर्स में क्या सीखने को मिलेगा ?
यह कोर्स आम जनता के लिए बेहद ही कारगर है। इसे बेहद ही सरल भाषा में तैयार किया है, जिससे हर व्यक्ति आसानी से सीखकर खुद को ऑनलाइन दुनिया में सुरक्षित रख सके। कोर्स में लगभग 2.5 घंटे के छोटे-छोटे वीडियो और प्रैक्टिकल मॉड्यूल मौजूद हैं, जिससे किसी भी व्यक्ति के लिए इसे सीखना आसान और रोचक बनाता है –
साइबर सुरक्षा के आसान व प्रभावशाली टिप्स, जैसे धोखाधड़ी वाली कॉल्स और लिंक की पहचान किस तरह की जाए।
डिजिटल प्लेटफॉर्म का सुरक्षित उपयोग किस तरह किया जाए। साथ ही, सुरक्षित तरीके से डिजिटल पेमेंट किस तरह की जाए। यूपीआई, नेट बैंकिंग और कार्ड का इस्तेमाल करते समय किन बातों का ध्यान रखना चाहिए।
ऑनलाइन की दुनिया में अपने पर्सनल डेटा जैसे फोटो, पासवर्ड और जरूरी दस्तावेजों को चोरी होने से किस तरह बचाएं।
कोर्स की खास बातें

यह कोर्स कई मायनों में बेहद खास है। मसलन-
यह मात्र 2.5 घंटे का कोर्स है। इसलिए, आपको अपना बहुत अधिक समय खर्च करने की जरूरत नहीं है।
इसमें आसान वीडियो और प्रैक्टिकल मॉड्यूल दिए गए हैं। जिसकी वजह से कोई भी व्यक्ति आसानी से इसे देखकर सीख सकता है।
कोर्स को पूरा करने और असेसमेंट पास करने के बाद आपको सरकार की ओर से एक सर्टिफिकेट भी मिलता है।
यह कोर्स पूरी तरह से मुफ्त है, इसलिए खुद को ऑनलाइन सुरक्षित रखने के तरीकों को सीखने के लिए आपको पैसे खर्च करने की जरूरत नहीं होगी।
कोर्स में किस तरह करें एनरोल?

अगर आप भी खुद को डिजिटली सुरक्षित रखने के लिए कोर्स करना चाहते हैं तो इसके लिए आप https://learning.cte-i4c.live/ लिंक पर जाकर रजिस्टर करें।
साइबर फ्रॉड का शिकार होने पर क्या करें?

अगर आप या कोई जानकार किसी तरह के ऑनलाइन फ्रॉड का शिकार हो जाता है तो ऐसे में आप बिना देर किए तुरंत कार्यवाही करें। इसके लिए आप तुरंत 1930 हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करें। इसके अलावा, आधिकारिक वेबसाइट पर https://cybercrime.gov.in शिकायत दर्ज करें।

