Dreams During Navratri 2023: हिंदू धर्म में नवरात्रि को मां दुर्गा की भक्ति व शक्ति के लिए सर्वश्रेष्ठ काल माना गया है। शारदीय नवरात्रि का पर्व 15 अक्टूबर से लेकर 23 अक्टूबर तक चलेगा। नवरात्रि में नौ दिन तक मां दुर्गा की भक्ति की जाती है। कहते हैं कि नवरात्रि में उपासना व उपवास करके मां दुर्गा से मनोवांछित फल प्राप्त कर सकते हैं। पंडित दिनेश जोशी का कहना है कि नवरात्रि के समय मां दुर्गा धरती पर आती हैं और भक्तों का कल्याण करती हैं। जो भी भक्त मां दुर्गा की सच्ची श्रद्धा से आराधना करता है, उसे मां विशेष संकेत के माध्मय अपनी कृपा का आभास करवाती हैं। ऐसे संकेत आपको सपनों के माध्यम से भी मिल सकते हैं। नवरात्रि में कुछ विशेष सपने दिखाई देने का अर्थ है कि मां दुर्गा आपसे प्रसन्न हैं और शीघ्र ही आपकी हर मनोकामना पूर्ण होने वाली है। स्वप्न शास्त्र और धर्म शास्त्रों में ऐसे ही कुछ सपनों का उल्लेख मिलता है, जो नवरात्रि में दिखाई देना शुभ माना जाता है। तो चलिए जानते हैं इन सपनों के बारे में।
यह सपने देते हैं शुभ संकेत

- नवरात्रि के समय यदि रात्रि में सोते समय सपने में आपको मां दुर्गा शेर पर सवार होते हुए दिखाई देती हैं, तो यह बेहद ही शुभ संकेत होता है। इसका अर्थ कि मां आपकी भक्ति से प्रसन्न हैं और उनका आशीर्वाद आपको मिलने वाला है। यह संकेत देता है कि आपके अटके हुए काम जल्दी ही पूरे होंगे। आप शत्रुओं पर विजय प्राप्त करेंगे।
- इसी तरह अगर आपको सपने में सिंदूर, लाल चुनरी या चूड़ियां दिखाई देती हैं, तो यह मां दुर्गा की कृपा का संकेत है। इसका मतलब है कि मां आपकी हर मनोकामना पूरी करने वाली है। आपके जीवन में सुख—समृद्धि व सौभाग्य की वृद्धि होने वाली है। साथ ही दांपत्य जीवन खुशहाल रहेगा।
- नवरात्रि के दौरान सपने में अगर आप कोई छोटी बच्ची देखते हैं तो यह बहुत शुभ होता है। नवरात्रि में कन्या पूजन का बड़ा महत्व होता है, इसलिए सपने में छोटी कन्या का दिखाई देने का अर्थ कि मां दुर्गा की कृपा आप पर बरसने वाली है।
- नवरात्रि में जलता हुआ दीपक देखना भी बहुत शुभ माना जाता है। इसका अर्थ होता है कि आपकी आर्थिक उन्नति होने वाली है। आपको जल्दी ही धन लाभ हो सकता है।
- नवरात्रि के दौरान अगर आपको सपने में हाथी दिखाई पड़ जाए, तो यह शुभ संकेत होता है। अगर आपको माता हाथी पर सवार होकर आती हुई दिखाई दे तो यह आपके कार्य सिद्ध होने का संकेत है। इसका अर्थ कि आप जीवन में तरक्की प्राप्त करने वाले हैं।
- इसी तरह अगर नवरात्रि के दौरान आपको सपने में दूध या दूध से बनी मिठाई दिखाई देती हैं तो यह शुभ संकेत माना गया है। इसका अर्थ है कि आपके मान सम्मान और प्रतिष्ठा में वृद्धि हो सकती है। साथ ही आपका कोई रुका हुआ काम भी पूरा हो सकता है।
यह भी पढ़ें: जब भगवान श्रीराम ने रखे थे नवरात्रि के व्रत, बताया था इसका महत्व, जानें यह पौराणिक कथा: Navratri 2023 Katha
