हिन्दू धर्म में सावन का महीना बहुत ही पवित्र माना गया है। सावन के सोमवार को विधिपूर्वक व्रत करने से भगवान शिव प्रसन्न होकर भक्तों के जीवन की सभी परेशानियों को खत्म कर देते हैं। मान्यताओं के अनुसार सावन का महीना शुरू होते ही अगर घर में कुछ ख़ास चीज़ें लाई जाएं, तो भगवान भोले प्रसन्न होते हैं। आज हम आपको कुछ ऐसी ही चीजें बता रहे हैं, जिन्हें सावन के पहले दिन घर में लाने से भगवान भोलेनाथ प्रसन्न होते हैं और जीवन में शुभता आती है-
 
त्रिशूल
 
सावन के महीने के पहले दिन चांदी से बना त्रिशूल घर लाएं, उसकी विधि-विधान से पूजा करके घर के मंदिर में रखने से पूरे साल आपदाओं से रक्षा होती है।
 
 
भस्म 
 
भस्म (राख) को काफी पवित्र माना गया है इसलिए सावन का महीना शुरू होते ही पहले दिन किसी शिव मंदिर में जाकर भस्म ले आएं और उसे चांदी की डिब्बी में रख दें। कभी-कभी इसी भस्म से तिलक करें, इससे मानसिक शांति मिलती है। 
 
 
डमरू
 
भगवान शिव का प्रिय वाद्य यंत्र डमरू है और इसकी आवाज से नेगेटिव एनर्जी दूर भागती है। सावन के महीने के पहले दिन घर में डमरू जरुर लायें और सावन के आखिरी दिन यह डमरू किसी बच्चे को उपहार के रूप में दे दें, इससे घर की नेगेटिविटी दूर हो जाती है।
 
 
चांदी के नंदी 
 
सावन के पवित्र महीने के पहले ही दिन चांदी के बने छोटे से नंदी घर लाएं। इससे आपके अंदर शक्ति और कर्मठता आती है।
 
 
 
रुद्राक्ष 
 
रुद्राक्ष धारण करने के लिए सावन का यह महीना बहुत ही उपयुक्त होता है। इससे भगवान शिव का विशेष आशीर्वाद बना रहता है आप इसे घर पर भी रख सकते हैं।
 
 
सर्प
 
सावन के महीने के पहले दिन चांदी के बने नाग-नागिन का जोड़ा घर लेकर पूरे सावन उसकी पूजा करें। सावन के आखिरी दिन इसे किसी शिव मंदिर में ले जाकर रख दें। ऐसा करने से  पितृ दोष और कालसर्प योग से मुक्ति मिलती हैं।
 
 
जल पात्र
 
सावन-महीने के पहले दिन गंगाजल घर लायें और पूरे महीने उसका पूजन करें। अगर आप गंगाजल नहीं ला सकते हैं, तो पीतल, चांदी या तांबे के पात्र में साफ़ पानी भरकर हर दिन भगवान शिव को अर्पित करें. इससे धन सम्बन्धी समस्याएं समाप्त होती हैं।