Mor Pankh Vastu: मोर पंख जोकि दिखने में अति सुंदर होता है और प्रकृति से जुड़ा होता है। भगवान श्रीकृष्णा भी इसे अपने मुकुट में धारण करते थे, इसलिए इसे श्रीकृष्ण से जुड़ा आध्यात्मिक प्रतीक भी माना जाता है। वास्तु शास्त्र में भी मोर पंख को घर पर रखने के कई लाभ बताए गए हैं। इसलिए घर पर मोर पंख रखना अत्यंत शुभ, पवित्र और सकारात्मक ऊर्जा से भर देने वाला होता है। यह न केवल आध्यात्मिक शक्ति से भरा होता है बल्कि मोर पंख में वास्तु दोष, नकारात्मक ऊर्जा, नजर दोष और रोग-दोष आदि दूर करने की भी शक्त होती है।
लेकिन इसका शुभ फल तभी मिलता है जब आप इसे वास्तु अनुसार उचित दिशा और उचित संख्या में रखते हैं। मान्यता है कि मोर पंख को घर पर रखने से सुख-समृद्धि और धन में वृद्धि होती है। लेकिन कई लोग यह नहीं जानते कि आखिर घर पर कितने मोर पंख रखना और किस दिशा में रखना सही होता है। आइए आपको बताते हैं कि मोर पंख से जुड़े वास्तु नियमों के बारे में।
वैवाहिक जीवन के लिए:-

वास्तु शास्त्र में मोरपंख के कई लाभ बताए गए हैं। वैवाहिक जीवन में यदि किसी तरह की परेशानी चल रही है तो इसके लिए आप अपने बेडरूम में एक साथ दो मोरपंख रख सकते हैं। इससे पति-पत्नी के बीच प्रेम बढ़ता है और समस्याएं दूर होती है। इसके अलावा खुशहाल पारिवारिक जीवन के लिए आप मोरपंख से जुड़ा एक अन्य उपाय भी कर सकते हैं। इसके लिए 7 या 9 मोरपंख से निर्मित गोल मोरपंख का पंखा किसी भी महीने के शुक्ल पक्ष में पूजाघर में रख दें और एक सप्ताह बाद इसे अपने बेडरूम में बेड के पीछे वाली दीवार पर लगाएं। इस उपाय से भी दांपत्य जीवन में चल रही परेशानियां कम होती हैं।
नकारात्मक ऊर्जा होगी दूर:-

घर-परिवार की तमाम परेशानियों का एक मुख्य कारण नकारात्मक ऊर्जा का प्रवाह बढ़ना है, जिससे वास्तु दोष तो उत्पन्न होता ही है, साथ ही कई घर की खुशहाली और धन-समृद्धि भी रुक जाती है। वास्तु शास्त्र के अनुसार जब घर पर पंचतत्वों का अनुपात सही तरीके से नहीं होता है तो नकारात्मक ऊर्जा तेजी से बढ़ती है। इसके लिए आप पूजाघर में हमेशा 5 मोर पंख रखें। इससे सकारात्मकता आएगी और घर-परिवार में आनंदित रहेगा। पूजा घर के अलावा आप ड्राइंग रूम में भी 11 या 15 मोरपंख या फिर इससे अधिक मोर पंख लगा सकते हैं। इससे भी पारिवारिक प्रेम और स्नेह बढ़ता है।
वास्तु दोष उपाय:-

मोख पंख के उपाय से वास्तु दोष भी दूर होता है। घर के मुख्य द्वार पर यदि किसी प्रकार का वास्तु दोष है तो इसके लिए द्वार की चौखट के ऊपर बैठे हुए मुद्रा में गणेश जी की फोटो लगाएं और फोटो के ऊपर तीन मोर पंख लगा दें। इससे भी घर का वास्तु दोष कम होता है।
धन लाभ के लिए: धन की समस्या से परेशान हैं तो इसके लिए आग्नेय कोण में कम से कम पांच फीट ऊपर दो मोर पंख किसी भी महीने के शुक्ल में लगा दें। इससे उपाय से धन से जुड़ी परेशानी दूर होती है।
ध्यान रखें ये बातें

- मोर पंख लगाते समय इस बात का ध्यान रखें कि यह किसी तरह से टूटा या खंडित न हो।
- मोर पंख लगाते समय यह भी ध्यान रखें कि इसे हमेशा साफ और शुद्ध स्थान पर ही लगाएं।
- आप चाहे 2 मोर पंख लगाएं, 7, 11, 15 या फिर इससे अधिक। लेकिन यह ध्यान रखें कि मोर पंख को अलग-अलग न लगाकर एक साथ लगाना चाहिए।
