Plants Tips for Home: प्रकृति के साथ-साथ घर की सुंदरता बढ़ाने में भी पेड़-पौधों का विशेष योगदान है। हम सभी अपने घरों में अलग-अलग प्रकार के पेड़-पौधे लगाते हैं। जिससे घर का वातावरण हरा-भरा रहता है। वास्तु शास्त्र में पेड़-पौधों से जुड़े कई नियम बताए गए हैं। वास्तु शास्त्र के अनुसार, कुछ पौधे बहुत उपयोगी होती है जो घर में सकारात्मक ऊर्जा बढ़ाकर घर के सदस्यों की तरक्की में सहायता करते हैं। जैसे तुलसी के पौधे को घर में लगाना बेहद शुभ माना जाता है। लेकिन, ऐसे पौधों को घर में लगाने से बचना चाहिए जिन पौधों के पत्तों से दूध निकलता हो और जो पौधे कांटेदार हो। क्योंकि ऐसे पौधे घर में नकारात्मक ऊर्जा को बढ़ाते हैं, जिससे पारिवारिक कलह बढ़ती है और आर्थिक उन्नति में रुकावट आती है। आज इस लेख के माध्यम से हम जानेंगे कि वास्तुशास्त्र के अनुसार ऐसे कौनसे पेड़-पौधे हैं, जिनको घर में लगाने की मनाही है।
नागफनी, बोनसाई और मदार का पौधा

वास्तु शास्त्र में बताया गया है कि घर में कभी भूलकर भी नागफनी का पौधा नहीं रखना चाहिए। इसमें लगे कांटे घर के सभी सदस्यों के बीच मन मुटाव और तनाव पैदा करते हैं। साथ ही, नागफनी के पौधे से नकारात्मक ऊर्जा निकलती है जो घर में चारों ओर फैल कर घर का वातावरण खराब कर देती है। नागफनी की तरह ही बोनसाई का पौधा भी घर के लिए अशुभ है। बोनसाई का पौधा दिखने में बहुत सुंदर लगता है लेकिन इस पौधे को घर में लगाने से घर के सदस्यों की तरक्की में बाधा उत्पन्न होती है। वास्तुशास्त्र में बताया गया है कि घर में मदार का पौधा नहीं लगाना चाहिए। क्योंकि इसके पत्तों से दूध जैसा पदार्थ निकलता है, जो घर के सदस्यों में बीमारी फैलाता है। साथ ही ऐसे पौधे बुरी शक्तियों को आकर्षित करते हैं, जो परिवार के सदस्यों के लिए मानसिक अशांति का कारण बनती है। इस तरह के पौधे घर में लगाने से परिवार की खुशहाली और सुख चैन पर विपरीत प्रभाव पड़ता है।
इमली, पीपल और खजूर के पेड़

खट्टी-मिट्ठी इमली सभी को बहुत पसंद होती है। लेकिन, इसका पेड़ घर पर लगाना बिल्कुल भी शुभ नहीं होता। वास्तु शास्त्र के अनुसार, इमली का पेड़ घर में लगाने से घर के सदस्यों के बीच खटास आ जाती है। जिसके कारण परिवार के सदस्यों के आपसी रिश्ते खराब होते हैं। वास्तुशास्त्र में धार्मिक दृष्टि से उपयोगी माने जाने वाले पीपल के पेड़ को भी घर में या घर के आस-पास लगाने से मना किया जाता है। माना जाता है कि रात के समय पीपल के पेड़ में बुरी शक्तियां रहती हैं, जो घर में प्रवेश कर घर के सदस्यों का मानसिक संतुलन खराब कर सकती है। इसके साथ ही खजूर के पेड़ को भी घर में लगाने की मनाही है क्योंकि खजूर के पेड़ की ऊंचाई व्यक्ति के मन में अहंकार को जन्म देती है।
यह भी पढ़ें: सुबह उठते ही दंपति को करने चाहिए अपनी हथेली के दर्शन, होते हैं अनेक लाभ: Hand Vastu