बदलते मौसम के साथ हमारा पहनावा भी बदल जाता है। अब सर्दी के मौसम का आगाज़ हो गया है और इसी के साथ लोगों के वॉर्डरोब से लेकर मार्केट कलेक्शन तक में बदलाव होता नजर आ रहा है। लोगों को लगता है कि कंपकंपाती ठंड में फैशन कैसे संभव है। अपने आप को ठंड से बचाएं या फैशन करें। लेकिन असल में फैशन का असली मजा सर्दियों में ही आता है। सर्दियों में हमारे पास फैशन के कई ऑप्शन होते हैं। ठंड से बचाने वाले मफ्लर, स्वेटर्स और टोपी आदि ही हमें फैशनेबल लुक देते हैं, बशर्ते उन्हेें सही ढंग से पहना जाए।
आजकल लोग मोटे ऊनी कपड़े कम पसंद करते हैं। अभी हाल ही सर्दियों की शॉपिंग करने मार्केट गई तो मैंने विंटर कलेक्शन में कई तरह के बदलाव देखे। लोगों की जरूरत और पसंद को ध्यान में रखते हुए विंटर आउटफिट्स में कई तरह के इनोवेशन भी देखने को मिले। आजकल बाजार में कई ब्रांड ने अपने विंटर कलेक्शन कुछ ऐसे फैब्रिक में डिजाइन किए हैं जो कि देखने में जितने पतले होते हैं, पहनने में उतने ही गर्म भी होते हैं। वेस्टर्न विंटर कलेक्शन में इनवोशन के साथ कलर्स में भी डिफरेंट शेड देखने को मिले।
कलर पैलेट में ब्लैक, इंडिगो ब्लू, ग्रीन, यलो, डार्क पिंक, ब्राउन और कॉफी आदि कलर्स ज्यादा दिखे। वेस्टर्न में स्मार्ट लुक के लिए डिफरेंट स्टाइल के पोंचू भी डिजाइनर्स ने बाजार में उतारे हैं। पोंचू डैनिम जींस और लॉन्ग बूट के साथ अच्छे लगते हैं, जो कि ठंड से बचाने के साथ स्टाइलिश लुक भी देते हैं। इसे थोड़ा डिफरेंट लुक देने के लिए मर्जीना धोती पेंट के साथ भी पहना जा सकता है। बाजार में डिजाइनर स्कॉर्फ भी उपलब्ध हैं जो किसी को भी ज्यादा स्टाइलिश दिखाते हैं।
सर्दियों में फैशन और गर्माहट दोनों को ध्यान में रखते हुए ट्वीड्स फैब्रिक पर डिजाइन स्कर्ट, जैकेट और ब्लेजर भी काफी स्टाइलिश लगते हैं। इसके अलावा जंप सूट, सिंगल ड्रेस, क्रॉप टॉप, गाउन आदि भी विंटर फैब्रिक में डिजाइन किए गए हैं। इंडियन विंटर लुक्स में कई तरह के शॉल आजकल डिफरेंट डिजाइनस और वर्क के साथ उपलब्ध हैं। जो साड़ी और सूट दोनों पर अच्छे लगते हैं। कॉट्सवूल फैब्रिक पर डिजाइन किए गए सिंगल कलर के सूट के साथ यह दुपट्टा फैशनेबल लुक देता है। शॉल में भी थ्रेड, स्टड और स्वरोस्की का वर्क काफी पसंद किया जा रहा है। सर्दियों में बनारसी फैब्रिक भी काफी चलता है।
ट्रेंड को देखते हुए एथनिक लुक के लिए आजकल बनारसी फैब्रिक पर डिजाइन जैकेट और लॉन्ग कोट भी ट्रेंड में इन हैं। यह खास पार्टी जैसे फंक्शन के लिए है, इसे सूट, साड़ी या प्लेन सिल्क की लॉन्ग स्कर्ट पर कैरी किया जा सकता है। प्लेन सिल्क साड़ी पर भी इस बनारसी जैकेट को पहना जा सकता है। इस तरह के लुक्स आपको स्टाइलिश के साथ काफी डिफरेंट भी दिखाते हैं। इसके अलावा कॉट्सवूल फैब्रिक पर टैंपल, डोली, पत्ती और हाथी-घोड़े प्रिंट किए सूट भी खूब चल रहे हैं। वॄकग वूमेन के लिए यह अच्छा विकल्प है। कश्मीरी सूट और जैकेटभी इस बार काफी चलन में हैं।
इंडो वैस्टर्न में लिनेन और बनारसी फैब्रिक पर डिजाइन स्कर्ट-लैदर जैकेट, पलाज़ो पैंट-कोट, धोती पेंट-जैकेट, पेंट विद् क्रॉप टॉप-ब्लेजर और उसके एथनिक प्रिंट वाले स्टोल्स भी ट्रेंड में हैं। लिनेन पेंट के साथ निटेड डिजाइनर कुर्ती से भी स्टाइलिश लुक पाया जा सकता है। शादी जैसे फंक्शन के लिए वैल्वेट की स्कर्ट पर बनारसी विद निटेड लॉन्ग फ्रंट कुर्ती भी आजकल खूब चल रही है। आउटफिट्स के अलावा वूलन स्टोल, ग्लव्स और ठंड से बचाने वाले कैप में भी कई तरह के विकल्प हैं जो फैशनेबल लुक देने में मदद करते हैं। इन डिजाइनर स्टोल को अलग-अलग तरीके से ड्रेप करके प्लेन पुलोवर व स्वेटर्स को भी ट्रेंडी लुक दिया जा सकता है। कुल मिलाकर यही बात सामने आती है कि सर्दियों में फैशनेबल लुक के लिए बाजार में मोटे-मोटे स्वेटर्स के अलावा भी बहुत सारे ऑप्शन हैं। इस तरह के कलेक्शन खासतौर पर ज्यादा वजन वाली महिलाओं के लिए ज्यादा प्रभावकारी हैं, क्योंकि मोटे स्वेटर्स के लिए चलते फैटी महिलाएं और भी मोटी नजर आने लगती हैं।
