Dating App Scams: डेटिंग ऐप्स पर प्यार की तलाश करना आज के समय में बहुत ही आम है। हर तरह के लोग इन ऐप्स पर अपने लिए परफेक्ट पार्टनर ढूढंते हैं। लेकिन वैलेंटाइन वीक से पहले डेटिंग ऐप्स पर लोगों की इंगेजमेंट ज्यादा बढ़ जाती है। ऐसे में डेटिंग ऐप्स और ऐसे ही प्लेटफार्म हैकर्स के निशाने पर हैं। अगर आप भी डेटिंग ऐप्स पर अपने लिए लव पार्टनर की तलाश कर रहे हैं तो कुछ सावधानियां बरतना जरूरी है। इस आर्टिकल के जरिये हम आपको साइबर अटैक का निशाना बनने से सतर्क कर रहे हैं।
भारत में बंबल, टिंडर, मैच ग्रुप और हिन्ज जैसे डेटिंग प्लेटफॉर्म और ऐप्स मौजूद हैं, जिनके करोड़ों की संख्या में यूजर्स हैं। इन ऐप्स पर लोग अपनी पसंद के आधार पर प्रोफाइल स्वाइप करते हैं। अक्सर यह सिलसिला मैसेज से शुरू होकर मुलाकातों और निजी जानकारी साझा करने तक पहुंच जाता है। इसी भरोसे का फायदा उठाकर साइबर अपराधी आपकी निजी जानकारी में सेंध लगाते हैं।
साइबर अपराधियों के निशाने पर डेटिंग ऐप्स

दरअसल, वैलेंटाइन वीक से ठीक पहले डेटिंग ऐप्स पर साइबर अटैक की कोशिश हुई है। ऐसे में उन यूजर्स को सावधान होने जरूरत है जो नियमित इन ऐप्स का इस्तेमाल करते हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पॉपुलर ऐप बंबल के एक कॉन्ट्रैक्टर को फिशिंग मेल के जरिये जाल में फंसाया गया और इंटरनल नेटवर्क तक अपनी पहुंच बनाई। हालांकि बंबल ने समय रहते हुए इस घटना को संभाल लिया और किसी भी यूजर के डाटा को नुकसान नहीं पहुंचा। बंबल के अलावा मैच ग्रुप ने भी खुद पर साइबर अटैक होने की जानकारी दी थी।
क्यों किया जाता है डाटा चोरी
- पहचान की चोरी कर अवैध गतिविधियों में इस्तेमाल करने के लिए।
- किसी बड़े वित्तीय फ्रॉड को अंजाम देने के लिए।
- डार्क वेब पर बेचने के लिए।
- निजी जानकारी लीक करने की धमकी देकर फिरौती मांगने के लिए।
डेटिंग ऐप्स पर कुछ बातों का रखें ध्यान

- विभिन्न अकाउंट का पासवर्ड एक ही न रखें।
- डेटिंग ऐप के पासवर्ड को बदलें।
- अनजान व्यक्ति से अपनी निजी और वित्तीय जानकारी साझा न करें।
- अंतरंग तस्वीरों को शेयर करने से बचें।
- फर्जी प्रोफाइल से दूर रहें।
- मुलाकात से पहले मुमकिन हो तो वीडियो कॉल्स पर बात करें।
- अगर वह आपसे किसी भी कारण पैसों की मांग करे तो इसे खतरे की घंटी समझें।
