Silver-Gold Coin
Silver-Gold Coin

कुछ दिनों बाद दिवाली की धूम शुरू हो जाएगी। कहीं घर की पुताई हो रही होगी तो कहीं साफ-सफाई का दौर चल रहा होगा। कोई नए कपड़े खरीद रहा होगा तो कोई बच्चों के लिए पटाखे खरीदने की प्लानिंग में बिजी होगा। लेकिन इन सबके बीच पूजा को लेकर भी तैयारियां जोरों पर चलेंगी। और पूजा की तैयारियों में शामिल होंगे चांदी के सिक्के। वो चांदी के सिक्के जो पूजा का जरूरी हिस्सा होते हैं। इन सिक्कों को दिवाली की पूजा से पहले साफ भी किया जाता है। लेकिन ये सफाई थोड़ी कठिन होती है। इतनी कठिन की कई बार पूरा के समय भी सिक्के काले ही लग रहे होते हैं। ऐसे में आपको वो तरीके पता होने चाहिए जो आसानी से चांदी के सिक्कों की सफाई कर देते हैं। दादी-नानी इन्हीं नुस्खों से चांदी के सिक्के साफ किया करती थीं। इन नुस्खों से सिक्के बिलकुल चमक उठते थे। इसके कुछ खास टिप्स ये रहे-

टूथपेस्ट भी करेगा कमाल-

आपके दांतों को चमकाने वाला टूथपेस्‍ट अगर चांदी के सिक्के भी चमकाएगा तो आपको डबल फायदा होगा न। दिवाली पर पूजा में रखने वाले सिक्के टूथपेस्ट से अच्छे से साफ हो जाते हैं। शायद ही आपको ये बात पता होगी। लेकिन यकीन मानिए ये उपाय पूरी तरह से कारगर है। इसके लिए आपको ब्रश पर टूथपेस्ट और नमक लगाना है अब इससे सिक्कों को साफ कीजिए। कुछ देर ब्रश से रगड़ते रहें। फिर साफ पानी से धोकर पोंछ लें सिक्के पूरी तरह से चमक उठेंगे। आप संतुष्ट रहेंगी, इस बात की गारंटी है।

डिटर्जेंट से कपड़े नहीं सिक्के धुलेंगे-

डिटर्जेंट से कपड़े धोना तो आम बात है लेकिन सिक्के धोना आम बात नहीं लगती होगी। मगर ये नुस्खा काम करता है। इसके लिए एक गहरे बर्तन में गरम पानी लें अब इसमें डिटर्जेंट डाल लें। चांदी के सिक्के इसमें डाल कर रख दें। कुछ देर बाद बाहर निकाल कर ब्रश से रगड़ दें। साफ पानी से इसे धोकर आपको ये बिलकुल साफ दिखेगा। आपके चांदी के सिक्के नए जैसे ही हो जाएंगे।  

सैनिटाइजर सिक्कों को ये नयापन-

सैनिटाइजर भी हर घर में होता ही है। चांदी के सिक्कों की सफाई में आप इनको इस्तेमाल कर सकती हैं। इसके लिए ज्यादा मेहनत भी नहीं करनी है। बल्कि सैनिटाइजर को सिर्फ सिक्कों पर छिड़क दें और फिर हाथों से मल कर सिक्कों की सफाई कर दें। पुराने से पुराना सिक्का चमक उठेगा। आपके सैनिटाइजर का एक और सही इस्तेमाल भी हो जाएगा। यकीन न हो तो एक बार आजमा लीजिए। आप जरूर खुश होंगी।

नींबू भी देगा चमक

नींबू वैसे भी कई सारे काम आता है। जैसे स्किन से जुड़े घरेलू नुस्खों में तो इसको इस्तेमाल किया ही जाता है, मेटल के बर्तन भी नींबू से साफ किए जाते रहे हैं। चांदी के सिक्के भी इन्हीं में से एक हैं और नींबू के रस से आसानी से साफ हो जाते हैं। इसके लिए नींबू के रस में थोड़ा बेकिंग सोडा मिलाना होगा। अब इन सिक्कों के दोनों तरफ ये मिश्रण मिलाकर रख दें। फिर थोड़ी देर बाद ब्रश से रगड़कर पानी से धो लें। चांदी के सिक्कों में रौनक आ जाएगी।

टिफिन वाला फॉयल आएगा काम-

टिफिन वाला फॉयल तो अब हर घर में मिल ही जाता है। इसमें खाना फ्रेश रहता है इसलिए ज्यादातर महिलाएं टिफिन के लिए इसका इस्तेमाल करती ही हैं। अब आप इसको चांदी के सिक्के साफ करने में भी इस्तेमाल कीजिए। इसके लिए चांदी के सिक्कों पर टेल्कम पाउडर छिड़क दीजिए। अब फॉयल को मोड़ कर एक बॉल बना लीजिए। इस बॉल से पाउडर लगे सिक्कों को रगड़िए। कुछ देर ऐसा करने से सिक्के चमक उठेंगे। इन सिक्कों को फिर साफ करने के लिए ज्वेलर के पास ले जाने की जरूरत बिलकुल नहीं पड़ेगी। आप घर पर ही इसे चमकदार बना सकेंगी। पक्की बात है।

बेकिंग सोडा है बड़े काम का-

बेकिंग सोडा किचन में होता ही है और अक्सर छोले या ढोकला आदि बनाने में काम आ जाता है। लेकिन अब इसको चांदी के सिक्के साफ करने में भी भरपूर इस्तेमाल कीजिए। इसके लिए बेकिंग सोडा को पानी में मिलाकर पेस्ट तैयार कर लें। अब पेस्ट को सिक्कों पर लगा दें। कुछ देर बाद ब्रश से साफ कर दें। सिक्के चमक जाएंगे। लेकिन बेकिंग सोडा का एक उपयोग और है। इससे भी सिक्कों की रौनक वापस आ जाती है। इसके लिए एक मुलायम कपड़े पर बेकिंग सोडा छिड़क लें। अब चांदी के सिक्कों को इस कपड़े में रखकर रगड़ दें। सिक्के साफ हो जाएंगे।

टोमैटो सॉस से स्वाद नहीं चमक भी-

टोमैटो सॉस भी बहुत अनोखी चीज नहीं है। हर घर में ये होती ही है। अब इस टोमैटो सॉस से चांदी के सिक्के भी साफ कीजिए। इसके लिए आपको सिक्के पर टोमैटो सॉस लगाकर थोड़ा रगड़ना है। फिर कपड़े से पोंछ कर धो लें। सिक्के चमकने लगेंगे। आपको ज्यादा खर्चा भी नहीं करना पड़ेगा और काम भी आसानी से हो जाएगा। सिक्कों को चमकाने का ये तरीका बेहद आसान और कारगर है।

धर्म सम्बन्धी यह आलेख आपको कैसा लगा?  अपनी प्रतिक्रियाएं जरूर भेजें। प्रतिक्रियाओं के साथ ही  धर्म से जुड़े सुझाव व लेख भी हमें ई-मेल करें-editor@grehlakshmi.com

Leave a comment