Summary: दिल्ली आसपास जगहों की ख़ास बात
दिल्ली जैसे शहर की खूबी ही यही है कि इसके आसपास कई ऐसी शानदार जगहें हैं जहाँ आप सिर्फ ₹2000 में एक यादगार ट्रिप कर सकते हैं।
Budget Trip Near Delhi: अगर आप घूमने के शौकीन हैं लेकिन बजट तंग है तो घबराने की कोई जरूरत नहीं। दिल्ली जैसे शहर की खूबी ही यही है कि इसके आसपास कई ऐसी शानदार जगहें हैं जहाँ आप सिर्फ 2000 रूपये में एक यादगार ट्रिप कर सकते हैं। बस थोड़ी सी प्लानिंग, थोड़ी समझदारी और ढेर सारा जज़्बा चाहिए। तो आइए जानते हैं कुछ लो-बजट डेस्टिनेशन जहाँ आप दिल्ली से सस्ते में घूम सकते हैं।
मथुरा-वृंदावन – भक्ति और शांति का संगम

दिल्ली से मथुरा की दूरी महज़ 180 किमी है जहां पर आप बस या ट्रेन से 100–200 रूपये में पहुंच सकते हैं। इस जगह पर श्रीकृष्ण जन्मभूमि, द्वारकाधीश मंदिर, प्रेम मंदिर और बाँके बिहारी मंदिर के दर्शन कर सकते हैं। यह धार्मिक नगरी सिर्फ आस्था का केंद्र नहीं बल्कि अपने खूबसूरत मंदिरों और संस्कृति के लिए भी प्रसिद्ध है। इस जगह खाने के लिए आपको 150 रूपए में थाली और धर्मशालाओं में 200-300 रुपये में रात रुकना भी संभव है।
अलवर – इतिहास और प्रकृति की झलक
दिल्ली से अलवर की दूरी महज़ 160 किमी है जहां पर आप बस या ट्रेन से 150–200 रूपये में पहुंच सकते हैं। इस जगह पर जाकर सिटी पैलेस, मोजमाबाद झील, सिलिसेढ़ झील और भानगढ़ देख सकते हैं। राजस्थान का यह छोटा शहर अपने किलों, झीलों और पुराने स्थापत्य के लिए जाना जाता है। इस जगह पर खाने के लिए आपको प्रति दिन 300-400 रूपये खर्च करना होगा। ठहरने के लिए 400-500 रूपए में कमरा मिल जाता है।
मुरथल – पेट पूजा के साथ रोड ट्रिप का मजा
दिल्ली से मुरथल की दूरी महज़ 50-60 किमी है जहां पर आप बस से 100–150 रूपये में पहुंच सकते हैं। इस जगह पर कई प्रसिद्ध ढाबे जैसे कि अमरीक सुखदेव, गरम धरम और हवेली स्थित है। अगर आपका मन शुद्ध देसी खाने का है और एक हल्का-फुल्का रोड ट्रिप करना चाहते हैं तो मुरथल से बेहतर क्या हो सकता है। दोपहर या रात का खाना 150–200 रूपये में मिल जाता है। इस जगह पर ज़्यादातर लोग आउटिंग के लिए जाते हैं यदि आप इस जगह पर एक दो दिन रुकना चाहें तो भी आपको 300-400 रूपये तक में कमरा मिल जाता है।
हरिद्वार – आध्यात्मिकता और प्रकृति दोनों
दिल्ली से हरिद्वार की दूरी महज़ 200 किमी है जहां पर आप बस या ट्रेन से 150–200 रूपये में पहुंच सकते हैं। इस जगह पर देखने लायक जगहों में हर की पौड़ी, गंगा आरती और मनसा देवी मंदिर का नाम सबसे पहले आता है। बजट ट्रैवल के लिए हरिद्वार एक बेहतरीन विकल्प है। यहाँ का माहौल, गंगा किनारे की शांति और आरती का दृश्य किसी भी थकान को दूर कर देता है। धार्मिक स्थल होने के कारण यहाँ खाना और ठहरने की व्यवस्था बेहद सस्ती है। कई धर्मशालाओं में तो रहने के साथ खाने की व्यवस्था फ्री रहती है।
कुरुक्षेत्र – इतिहास के पन्नों से जुड़ा शहर

दिल्ली से कुरुक्षेत्र की दूरी महज़ 160 किमी है जहां पर आप बस या ट्रेन से 100–150 रूपये में पहुंच सकते हैं। इस जगह पर देखने लायक जगहों में ब्रह्म सरोवर, ज्योतिसर, कुरुक्षेत्र युद्ध स्थली का नाम सबसे पहले आता है। महाभारत से जुड़ा यह ऐतिहासिक स्थल भी एक बेहतरीन वन-डे ट्रिप डेस्टिनेशन है। यहाँ कई धार्मिक और ऐतिहासिक स्थल हैं जहाँ आप शांति और ज्ञान की अनुभूति कर सकते हैं।
ट्रैवल के कुछ ख़ास टिप्स
बजट में यात्रा के लिए जनरल क्लास ट्रेन टिकट या सरकारी बसें चुनें। खुद का टिफिन ले जाएँ या लोकल स्ट्रीट फूड खाएँ। रात रुकना है तो धर्मशाला या होस्टल चुनें। दोस्तों के साथ ग्रुप में जाएँ तो खर्च और भी कम होगा और आप महज़ 2000 के बजट में अपनी यात्रा कर पाएँगे।
