गोवा के अंजुना बीच की खासीयत
हिप्पी संस्कृति का मज़ा लेना चाहते हैं तो यह आपके लिए गोवा की सबसे ख़ास और आपके लिए अनुकूल जगह है। यह बीच लम्बे समय से हिप्पी कल्चर को देख रहा है।
Anjuna Beach Goa: गोवा के तमाम लोकप्रिय समुद्र तटों में एक नाम अंजुना बीच का भी आता है। हालाँकि कि यह समुद्र तट उतना लोकप्रिय नहीं है, जितना कि गोवा के अन्य समुद्री तट हैं। लेकिन यदि आप हिप्पी संस्कृति का मज़ा लेना चाहते हैं, तो यह आपके लिए गोवा की सबसे ख़ास और आपके लिए अनुकूल जगह है। यह बीच लम्बे समय से हिप्पी कल्चर को देख रहा है। अंजुना बीच पर लगने वाला पिस्सू बाजार अभी भी इस जगह का नंबर एक बाजार है। यह बीच विदेशी सैलानियों और सोलो ट्रैवलर, बैक-पैकर्स, लॉन्ग-स्टेयर्स और हिप्पी लोगों के बीच ज्यादा प्रसिद्ध है। यह उन लोगों के लिए भी अनुकूल जगह है जो रुकने के लिए सस्ते गेस्टहाउस की तलाश में रहते हैं। पणजी से तक़रीबन 21 किलोमीटर की दूरी पर स्थित इस बीच पर जाइए, यहाँ आपके लिए सागर की ख़ूबसूरती के अलावा भी काफ़ी कुछ है।
अंजुना बीच क्यों है ख़ास

अंजुना बीच पर सबसे ज़्यादा भीड़ विदेशी सैलनियों की होती है और इस जगह पर लगने वाला बाज़ार सभी के बीच बहुत ही ज़्यादा लोकप्रिय है। इस बाज़ार में ओजरान के गहने मिलते हैं, जिसके लिए यह काफ़ी प्रसिद्ध है। इस जगह पर आकर लोग दुनिया भर से यहां आए सैलानियों से मेलजोल बढाना पसंद करते हैं। इस जगह पर आपको चारों तरफ़ हिप्पी कल्चर की ही झलक मिलेगी। इस बीच पर घूमते हुए आप कब ट्रान्स संगीत की धुन में खो जाएँगे आपको भी नहीं पता चलेगा। बाकी इस जगह पर होने वाले साहसिक खेल भी लोगों का ध्यान अपनी तरफ़ खींचते हैं। बंजी जंपिंग, पैराग्लाइडिंग, विंडसर्फिंग जैसी गतिविधियां गोवा के इस बीच को लोगों के बीच पॉप्युलर बनाती हैं।
अंजुना बीच पर क्या-क्या कर सकते हैं?

एडवेंचर: अंजुना बीच का दो किलोमीटर तक का समुद्री किनारा कैफे, कॉफी शॉप, बार, गेस्टहाउस जैसी विभिन्न तरह की गतिविधियों के लिए जाना जाता है। इस बीच पर स्कीइंग और पैरा ग्लाइडिंग का नाम सबकी ज़ुबान पर होता है। इन दोनों ही साहसिक खेलों को अंजुना बीच की सबसे ज़्यादा संचालित की जाने वाली गतिविधियों में आता है। यह बीच बाकी बीच की तुलना में बजट फ़्रेंड्ली भी है।
सूर्योदय देखें: अंजुना बीच को समुद्र के किनारे पर पायी जाने वाली अपनी छोटी छोटी चट्टानों के लिए भी जाना जाता है। लोग इस जगह पर आकर इन चट्टानों को देखना पसंद करते हैं। इस जगह पर होने वाला सूर्यास्त भी काफ़ी आकर्षक होता है, बीच के आसपास ठहरने वाले पर्यटक अपने मन में उगते हुए सूर्य को देखने की उत्सुकता रखते हैं। बीच पर सुबह की पहली चाय और फ़ोटोग्राफ़ी के लिए भी अनुकूल पाया गया है।

नैचुरल थरेपी: अंजुना बीच पर देशी-विदेशी हर तरह के सैलानी योग, स्पा, नैचरल थरेपी जैसी गतिविधियों का भरपूर लाभ उठा सकते हैं। इस जगह पर कई ऐसे सेंटर हैं जो काफ़ी लोकप्रिय हैं और अच्छी सेवाएँ देते हैं। इस जगह पर लम्बे समय तक यदि आप रुकते हैं तो साप्ताहिक, कम समय के लिए हैं तो दैनिक सुविधाएँ ले सकते हैं।
नाइट लाइफ़: अंजुना बीच अपनी नाइट लाइफ़ और कैफ़े के लिए भी काफ़ी फ़ेमस है। इस जगह पर आप रात में घूमने का मज़ा ले सकते हैं। इस जगह पर आकर लोग टेक्नो डाँस करना पसंद करते हैं। कैफे डिओगो, बनयान सोल और होल बीन टोफू जैसे इस जगह पर कुछ पॉप्युलर कैफ़े भी स्थित हैं जो आपको तरह तरह के खाने पीने की चीज़ों से रूबरू कराएँगे।
अंजुना बीच पर शॉपिंग

अंजुना बीच पर लगने वाला पिस्सू बाजार एक बहुत ही खूबसूरत बाज़ार है। यह बाज़ार तमाम तरह की आकर्षक वस्तुओं से भरा हुआ है। इस बाजार में आपको कश्मीरी, गुजराती, तिब्बती सामानों और दुकानों का शानदार मिश्रण देखने को मिलता है। इस बाजार में कलात्मक आभूषण, स्मृति चिन्ह, हिपहॉप वाले कपड़े और सजावट की तरह-तरह की वस्तुएं आप खरीद सकते हैं।
अंजुना बीच पर शैक कैफ़े

अंजुना बीच पर सबसे प्रसिद्ध करीला बीच शैक कैफ़े है, जहां की छत पर बैठकर आप अद्भुत कॉकटेल पीने का लुत्फ़ उठा सकते हैं। इस जगह से समुद्र का किनारा और तट की खूबसूरत रेत को देखने का जो मज़ा है वह आपको गोवा की किसी और जगह से शायद ही मिलेगा। इस जगह का खाना भी काफ़ी स्वादिस्ट होता है और यदि आप ठहरना चाहते हैं तो बहुत ही आसानी से किराए पर कमरा मिल जाता है। इस बीच पर स्थित आप सी हॉर्स, सनसेट पॉइंट और पर्पल मार्टिनी जैसे कैफ़े में भी जा सकते हैं।
अंजुना बीच पर नाइटलाइफ

यह बीच अपनी अद्भुत चीजों और क्रियाकलापों के लिए जाना जाता है। इस बीच पर पेय पदार्थ से लेकर आप स्वादिष्ट भोजन और हिप्पी संगीत तक का मज़ा ले सकते हैं। लेकिन इन सबसे जो सबसे ख़ास है वह है अंजुना बीच की नाइट लाइफ़, इस जगह पर आते हैं तो यहाँ की नाइट लाइफ़ को ज़रूर एंजोय करें। यदि आप नाइट लाइफ़ का मज़ा लेना चाहते हैं, तो नेक्स बीच क्लब, कैफे कैफे कोटिंगा, लिलिपुट, करीला बीच शेक और क्लब जीरो ग्रेविटी जैसी जगहों पर जा सकते हैं।
अंजुना बीच के आसपास घूमने की जगह

गोवा अपने यहाँ आने वाले देशी विदेशी सैलानियों के लिए जाना जाता है। जिसकी वजह से इस जगह पर अच्छा ख़ासा पर्यटन विकसित हो चुका है। गोवा के अंजुना बीच घूमने के बाद यदि आप यहाँ की अन्य जगहों को देखना अथवा एक्सप्लोर करना चाहते हैं तो इन जगहों पर जा सकते हैं।
मंदिर और चौपाल: गोवा में आप यहां के खूबसूरत मंदिर और चौपालों की यात्रा भी कर सकते हैं। इस जगह पर स्थित सबसे प्रमुख मंदिर में जिनका नाम आता है वह श्री राम मंदिर, कुटेश्वर मंदिर, महादेव मंदिर और भूमिका मंदिर है। इस जगह पर मंदिर के साथ साथ चर्च में भी जा सकते हैं।

कैलंगुट बीच: कैलंगुट बीच इस जगह पर स्थित एक और ख़ास बीच है। इस जगह पर आप साहसिक खेलों का आनंद ले सकते हैं। इस जगह पर उठने वाली समुद्री लहरों पर खेलों का जो लुत्फ़ होता है, वह आपको कहीं और नहीं मिलेगा। इस जगह पर लोग घूमने के साथ साथ रेत की मूर्तियाँ बनाते दिख जाएँगे।
बागा बीच: अंजुना और कैलंगुट बीच के मध्य में बागा बीच स्थित है। यह एक छोटा मगर काफ़ी खूबसूरत और शांतिपूर्ण समुद्री तट है। इस जगह पर आकर लोग शांति के साथ बैठना और आसपास की प्राकृतिक सुंदरता को देखना पसंद करते हैं। इस जगह को वनाना बोट राइडिंग के लिए भी जाना जाता है।
गोवा के अंजुना बीच कैसे पहुंचे

यदि आप गोवा के पर्यटन स्थल अंजुना बीच जा रहे है तो हम आपको बता दें कि अंजुना बीच जाने के लिए आप फ्लाइट, ट्रेन, बस और अपने निजी साधन के माध्यम से गोवा के अंजुना बीच तक आसानी से पहुंच जायेंगे। गोवा शहर का डाबोलिम एयरपोर्ट सबसे नजदीक एयरपोर्ट है। ट्रेन के माध्यम से अंजुना बीच जाने के लिए सबसे नजदीकी रेलवे स्टेशन थिविम है। अगर आपने सड़क मार्ग का चुनाव किया है, तो अंजुना बीच से लगभग 20 किलोमीटर की दूरी पर पणजी का बस स्टैंड हैं।
