आगरा, ऐतिहासिक शहरों में एक महत्वपूर्ण नाम
वर्तमान में यह शहर दुनिया भर में ताजमहल की वजह से जाना जाता है जो कि प्रेम की निशानी के साथ-साथ एक बहुत ही ख़ूबसूरत और भव्य ऐतिहासिक स्थल है।
Agra Travel Guide: हमारे देश के तमाम ऐतिहासिक शहरों में एक महत्वपूर्ण नाम आगरा का भी है। इस जगह पर लम्बे समय तक मुग़लों का शासन रहा है जिसकी वजह से इस शहर में उनके द्वारा बनवाई गई कई इमारतें हैं जहां पर पर्यटक जाना पसंद करते हैं। इस जगह को सबसे ज़्यादा लोकप्रियता शाहजहां के शासनकाल में मिली जब उसने ताजमहल बनवाया। वर्तमान में यह शहर दुनिया भर में ताजमहल की वजह से जाना जाता है जो कि प्रेम की निशानी के साथ-साथ एक बहुत ही ख़ूबसूरत और भव्य ऐतिहासिक स्थल है। इस लेख के माध्यम से हम ताजमहल के साथ साथ आपको उन जगहों के बारे में भी बताएँगे जोकि आगरा की शान कही जाती हैं।
1- ताज महल

ताज महल को दुनिया के साथ अजूबों में गिना जाता है। यूनेस्को की विश्व धरोहर में शामिल इस इमारत को शाहजहाँ और मुमताज़ के प्रेम की निशानी के तौर पर देखा जाता है। यह एक बहुत ही ख़ूबसूरत और भव्य इमारत ही जिसका निर्माण शाहजहां ने अपनी पत्नी मुमताज महल की मृत्यु के करवाया था। कहा जाता है कि इस इमारत को बनने में कुल 17 साल का समय लगा था। सन 1632 में इस इमारत का निर्माण शुरु हुआ था और ये 1648 में बनकर तैयार हुई थी। वर्तमान में इस जगह पर हर साल लाखों लोग आते हैं।
2- आगरे का किला

आगरे के किले को लाल किला के नाम से भी जाना है। यह आगरा में स्थित एक बहुत ही लोकप्रिय पर्यटन स्थल है जिसक निर्माण अकबर ने करवाया था। इस ऐतिहासिक इमारत को देखने के लिए देश और दुनिया से हर दिन हज़ारों लोग आते हैं। बताया जाता है कि यह एक सैन्य चौकी हुआ करती थी लेकिन इस जगह पर शाही लोग भी निवास करते थे। ये किला देखने में काफ़ी ख़ूबसूरत और भव्य है। यह किला अपनी स्थापत्य कला के लिए भी जाना जाता है। इस जगह पर आकर शीश महल, अंगूरी बाग, नगीना देखना बिल्कुल भी नहीं भूलें।
3- जामा मस्जिद

जामा मस्जिद को देश की सबसे बड़ी मस्जिदों में गिना जाता है। यह मस्जिद आगरे के किले के बिलकुल विपरीत दिशा में स्थित है। बताया जाता है कि इस मस्जिद का निर्माण शाहजहां ने अपनी अपनी बेटी जहांनारा बेगम के लिए करवाया था। लाल बलुआ पत्थर से बनी इस मस्जिद को सफेद संगमरमर से सजाया गया है। देखने में यह मस्जिद काफ़ी ख़ूबसूरत लगती है जिसकी वजह से इसे देखने के लिए देश भर से लोग आते हैं। जामा मस्जिद के आसपास एक बहुत ही सुंदर बाज़ार भी लगता है। इस जगह पर घूमने के साथ आप शोपिंग भी कर सकते हैं।
4- पंच महल

पंच महल फतेहपुर सीकरी के पश्चिमी छोर पर स्थित एक पांच मंजिला इमारत है। बताया जाता है कि इस महल को अकबर की रानियों के लिए बनवाया गया था। यह एक बहुत ही ख़ूबसूरत और हवादार इमारत है। इस जगह से मौसम का भरपूर आनंद लिया जा सकता है। इस इमारत में कुल 176 खंभे भी लगाए गए थे ताकि बाहर के खूबसूरत नज़ारों का लुत्फ़ लिया जा सके। इस महल के आंगन में मुग़लों के समय में नृत्य आदि का आयोजन होता था और अकबर चेकर बोर्ड खेलते थे।
5- जहांगीर महल

जहांगीर महल आगरा के किले का एक हिस्सा है जिसे जहांगीर पैलेस के नाम से भी जाना जाता है। इस इमारत को अकबर ने अपने बेटे जहांगीर के लिए बनवाया था। जिसमें जहांगीर की पत्नी नूर जहां रहा करती थी। लाल रंग के बलुआ पत्थरों से बना ये महल मुगल स्थापत्यकला का एक खूबसूरत उदाहरण है। जहांगीर महल में आपको हिंदू और इस्लामकि शैली में बने चित्र देखने को मिलेंगे। इस जगह पर आकर आपको बहुत ही अच्छा लगेगा।