Summary: अब जेब नहीं, फोन में Aadhaar: Google Wallet लाने वाला है बड़ा बदलाव
Google Wallet में जल्द Aadhaar कार्ड स्टोर करने का फीचर जुड़ सकता है, जिससे यूजर्स अपने जरूरी दस्तावेज़ और पेमेंट एक ही ऐप में संभाल सकेंगे।
Aadhaar Card Goes Digital: डिजिटल इंडिया के दौर में अब पहचान पत्र और जरूरी दस्तावेज़ भी धीरे-धीरे जेब से निकलकर मोबाइल फोन में शिफ्ट हो रहे हैं। इसी दिशा में एक बड़ा बदलाव सामने आ रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, गूगल अपने वॉलेट ऐप में आधार कार्ड को स्टोर करने का फीचर जोड़ने की तैयारी कर रहा है। अगर यह अपडेट रोलआउट होता है, तो यूजर्स अपने फोन में ही आधार सुरक्षित रूप से रख सकेंगे और फिजिकल कार्ड साथ रखने की जरूरत काफी हद तक खत्म हो सकती है।
गूगल वॉलेट में आधार सपोर्ट की तैयारी
जानकारी के अनुसार, यह संकेत Google Wallet ऐप के लेटेस्ट कोड में मिले हैं। ऐप के कोड में कई जगह आधार से जुड़े रेफरेंस पाए गए हैं, जिससे माना जा रहा है कि कंपनी इस फीचर पर सक्रिय रूप से काम कर रही है। हालांकि गूगल की ओर से अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन टेक एक्सपर्ट्स का मानना है कि यह अपडेट जल्द ही यूजर्स के लिए उपलब्ध कराया जा सकता है।
गूगल वॉलेट पहले से ही क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड, ट्रांजिट पास और कुछ आईडी कार्ड स्टोर करने की सुविधा देता है। आधार जुड़ने के बाद यह ऐप केवल पेमेंट टूल नहीं रहेगा, बल्कि डिजिटल डॉक्यूमेंट मैनेजमेंट प्लेटफॉर्म की भूमिका भी निभाएगा।
भारत में दोबारा लॉन्च के बाद लगातार हो रहे बदलाव
गौरतलब है कि साल 2024 में गूगल वॉलेट को भारत में दोबारा लॉन्च किया गया था। इसके बाद कंपनी ने धीरे-धीरे इसमें कई नए फीचर्स जोड़े, जिनमें आईडी प्रूफ और जरूरी दस्तावेज़ स्टोर करने के विकल्प शामिल हैं।
दूसरी कंपनी में है यह सुविधा

फोन में आधार स्टोर करने का फीचर बिल्कुल नया नहीं है। सैमसंग अपने सैमसंग पे ऐप में पहले से डिजिलॉकर के जरिए आधार, ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य दस्तावेज़ स्टोर करने की सुविधा देता है। इसके अलावा सरकारी डिजिलॉकर ऐप भी डिजिटल डॉक्यूमेंट रखने का सुरक्षित विकल्प है। UIDAI ने भी हाल ही में आधार ऐप लॉन्च किया है, जिससे यूजर्स अपने आधार का डिजिटल वर्जन फोन में रख सकते हैं।
यूजर इंटरफेस में भी हो सकते हैं बदलाव
रिपोर्ट्स के मुताबिक, गूगल वॉलेट में सिर्फ आधार सपोर्ट ही नहीं, बल्कि डिज़ाइन लेवल पर भी बदलाव देखने को मिल सकते हैं। फिलहाल ऐप में एक ही फ्लोटिंग एक्शन बटन (FAB) मिलता है, जिससे “Add to Wallet” का ऑप्शन मिलता है। नए अपडेट में स्प्लिट-स्टाइल FAB की टेस्टिंग चल रही है।
इस नए डिजाइन में दो अलग-अलग बटन मिल सकते हैं। एक बटन पहले की तरह कार्ड या डॉक्यूमेंट जोड़ने के लिए होगा, जबकि दूसरा “View More” जैसे ऑप्शन के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है।
यूजर्स को क्या फायदा होगा?
अगर गूगल वॉलेट में आधार कार्ड सपोर्ट मिल जाता है, तो यह उन यूजर्स के लिए बेहद उपयोगी होगा जो डिजिटल पेमेंट्स के साथ-साथ डॉक्यूमेंट्स को भी सुरक्षित और आसानी से एक्सेस करना चाहते हैं।
कब तक आ सकता है यह फीचर?
फिलहाल गूगल ने इसकी लॉन्च डेट को लेकर कोई जानकारी साझा नहीं की है। लेकिन जिस तरह ऐप के कोड में लगातार बदलाव देखे जा रहे हैं, उससे उम्मीद की जा रही है कि आने वाले महीनों में गूगल वॉलेट यूजर्स को यह सुविधा मिल सकती है।
