साड़ी का स्थान धीरे-धीरे कम हो रहा है। साड़ी हमारी सभ्यता का हिस्सा बनी रहे, इसलिए आजकल डिजाइनर्स साडिय़ों के कट व डिजाइंस में कई तरह के इनोवेशन कर रहे हैं। ड्रेप्ड और डिजाइनर साडिय़ां इसका उदाहरण हैं। डिजाइनर्स की हॉट ड्रेसेज की लिस्ट में साड़ी का भी नाम शामिल हो चुका है। साड़ी किस प्रकार से महिलाओं को स्टाइलिश और ग्लैमरस दिखाती हैं, इस बारे में फैशन डिजाइनर सुहनाना अली कहती हैं कि पारंपरिक साड़ी एक ऐसा परिधान है जिसमें आप ट्रेडीशनल से लेकर सैक्सी लुक तक पा सकती हैं। साड़ी का पूरा लुक उसके पहनने के तरीके पर निर्भर करता है। साड़ी की सबसे खास बात ये है कि इसमें महिलाएं अपनी फिगर को निखार भी सकती है और अपनी कमी को छुपा भी सकती हैं। बोल्ड व स्टाइलिश लुक के लिए साड़ी एक अच्छा विकल्प है।

स्टाइल के तौर पर साड़ी को विभिन्न तरीके से पहना जा सकता है। फैशनेबल लुक के लिए ब्लाउज में काफी इनोवेशन किया जा सकता है। प्लेन साड़ी को डिजाइनर ब्लाउज के साथ पहना जा सकता है। डिफरेंट व स्टाइलिश लुक के लिए आप साड़ी को पेटीकोट की जगह डेनिम पैंट और क्रॉप टॉप स्टाइल ब्लाउज के साथ पहना जा सकता है। इसके लिए पेंट के ऊपर साड़ी की सेंटर प्लेट्स बांधते हुए एक पैर पर धोती की तरह ड्रेप करते हुए पल्लू ले जाएं। विभिन्न स्टाइल के लिए आप साड़ी के पल्लू को स्कार्फ स्टाइल में बांधें। इंडो वैस्टर्न लुक के लिए इंडो वैस्टर्न टच में आप केप स्टाइल साड़ी भी पहन सकती हैं। यानी साड़ी उसके साथ ऑफ शोल्डर ब्लाउज, फिर इसके ऊपर नेट का केप।
इसके अलावा साड़ी और ब्लाउच का चुनाव अपनी बॉडी टाइप के अनुरूप करना चाहिए। हैवी बॉडी फिगर वाली महिलाओं को हैवी एंब्रॉयडरी वाले ब्लाउज नहीं पहनने चाहिए। ऐसी महिलाओं को शिफॉन, क्रेप और जॉर्जेट जैसे फैब्रिक पर डिजाइन किए गए ब्लाउज पहनने चाहिए। हल्के फैब्रिक के साथ डीप नेक या हाफ बैक ओपन ब्लाउन पहना जा सकता है। पतली महिलाएं ग्लैमरस लुक के लिए पैडेड ब्लाउज पहनें। ऐसी महिलाओं के पास हॉल्टर, बैकलेस, स्ट्रेप और वन ऑफ शोल्डर जैसे डिजाइंस के कई विकल्प होते हैं। पतली महिलाओं पर कप हैवी मिरर और जर्दोजी वर्क वाले डीप बैक नेक ब्लाउज भी अच्छे लगते हैं।

अगर महिलाओं का ऊपरी हिस्सा भारी और नीचे का हिस्सा पतला है तो वे साड़ी शिफॉन, नेट या जॉर्जेट फैब्रिक चुनें। जिन महिलाओं का ऊपरी और निचला दोनों हिस्से बराबर हों और कमर पतली हो, उन पर कॉटन, सिल्क, बनारसी, नेट, शिफॉन और जॉर्जेट जैसे फैब्रिक अच्छे लगते हैं। इसी तरह कर्वी बनावट वाली महिलाओं पर हर तरह के फैब्रिक अच्छे लगते हैं। उन पर हैवी एंब्रायडरी वाली साड़ी ज्यादा अच्छी लगती है।
कई महिलाएं साड़ी से इसलिए भी दूर भागती हैं, क्योंकि उनके लिए साड़ी ड्रेप करना काफी मुश्किल होता है। महिलाओं की इस मुश्किल को ध्यान में रखते डिजाइनर्स ने कई तरह की डिजाइनर साडिय़ा भी बाजार में उतारी हैं जिन्हें 5 मिनट में आसानी से पहना जा सकता है। अब साडिय़ों को और भी आकर्षक बनाने के लिए डिफरेंट तरह की एक्सेसरीज और कट्स से डिफाइन किए जा रहे हैं, जो पहनने के बाद आपके बॉडी कर्व को अच्छी तरह से उभारती भी है। इसके अलावा साड़ी का ग्रेस तभी आता है जब उसे सही ढंग से पहना जाए। साड़ी में आपकी शेप सही आए इसके लिए उसके साथ फिटिंग वाला पेटीकोट पहनना चाहिए।
साड़ी सबसे खूबसूरत परिधान है और ये भारतीय सौंदर्य को निखारता भी है। ये डिजाइनर साडिय़ां हमारें बीच साड़ी का अस्तित्व बनाए रखने का एक प्रयास हैं। इसी तरह हर महिला का फर्ज है कि वे फैशन के साथ अपनी सभ्यता को भी एहमियत देते हुए अपने वार्डरोब में साड़ी को भी स्थान दें और सप्ताह में कम से कम एक दिन तो साड़ी जरूरी पहने।
ये भी पढ़ें-
अपनाएं सेलेब्स के इंडियन लुक्स
आप हमें फेसबुक, ट्विटर, गूगल प्लस और यू ट्यूब चैनल पर भी फॉलो कर सकती हैं।
