इस साल दिल्लीवासियों को गर्मी से थोड़े राहत भरे पल देने और गर्मी की छुट्टियों को एक यादगार बनाने के लिए दिल्ली सरकार और दिल्ली कल्याण समिति के साथ मिलकर दिल्ली पर्यटन विभाग के अद्भुत ‘‘ग्रीष्म उत्सव-2017” का दूसरा चरण 26 से 28 मई, 2017 तक जनकपुरी दिल्ली हाट में आयोजित किया जा रहा है।

दिल्ली में पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से समय-समय पर विभिन्न उत्सवों का आयोजन किया जाता है। इसी श्रृंखला में यह ग्रीष्म उत्सव का भी आयोजन किया जाता है। दिल्लीवासियों के लिए गर्मी की छुट्टियों को और भी मज़ेदार बनाने के लिए इस उत्सव में फ़ैब्रिक पेंटिंग, क्ले मॉडलिंग, चॉकलेट मेकिंग, फ़्लॉवर मेकिंग, योगा सेशंस, होम डेकोरेशन जैसी नई कलाओं के प्रशिक्षण दिए जाएंगे। साथ ही मनमोहक लेज़र लॉइट शो के साथ ही पूर्वा मंत्री, राजीव ठाकुर, चिंतन राजपूत, डीजे नकुल और डॉन्स स्मिथ जैसे जाने-माने कलाकारों द्वारा आगंतुकों के मनोरंजन के लिए रंगारंग कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी।

इतना ही नहीं अनेक प्रकार की गतिविधियों द्वारा कुछ सीखने को भी मिलेगा। इसके साथ ही आने वाली महिलाओं को यह पल यादगार बनाने के लिए उनके लुक्स ओर पर्सनैलिटी के आधार पर मिसेज़ ग्रीष्म 2017 के पुरस्कार से भी नव़ाजा जाएगा।

तो, फिर देर किस बात की? आज भागदौड़ से भरी ज़िंदगी में इस सप्ताहंत अपने प्रियजनों सहित मौज-मस्ती से भरे कुछ पल सुकून से बिताने के लिए हो जाइए तैयार!