Hindi Motivational Story: एक लड़के ने अपने गुरु से कहा कि मैं कामयाब बनना चाहता हूँ, गुरुजी मुझे कामयाबी का रास्ता बताएँ। गुरु ने लड़के से कहा कि ठीक है मैं तुम्हें कामयाबी का रास्ता बता दूँगा, लेकिन पहले तुम मेरी बकरी को खूँटे से बाँध दो। इतना कहते हुए गुरु ने बकरी की रस्सी लड़के को पकड़ा दी। वह बकरी अपने मालिक के अलावा किसी और के काबू में नहीं आती थी। जैसे ही रस्सी लड़के ने पकड़ी वह उछल-कूद करने लगी। बहुत कोशिश करने के बाद भी लड़का उस बकरी को खूँटे से बाँध नहीं पा रहा था। तब लड़के ने चतुराई दिखाई, पहले उसे पकड़ा और उसके पैर रस्सी से बाँध दिए। इसके बाद बड़े आराम से उसने बकरी को खूँटे से बाँध दिया।
यह देखकर उसके गुरु प्रसन्न हो गए और उन्होंने उससे कहा कि तुमने दिमाग का बहुत अच्छा प्रयोग किया है। अगर हम इसी तरह किसी भी समस्या की जड़ को पकड़ लेंगे तो वह समस्या बहुत ही आसानी से हल हो जाएगी और हमें कामयाबी मिल जाएगी। यही कामयाबी का मूल मंत्र है।
शिक्षा : इस कहानी से हमें यह शिक्षा मिलती है कि हमें परेशानियों में चतुराई से काम लेना चाहिए। पहले परेशानियों को जड़ से समझे यानी परेशानियों की वजह को पहचानें और उसके बाद उसे हल करने की कोशिश करें। इस तरह बड़ी-बड़ी समस्याएं भी आसानी से दूर हो सकती हैं।
ये कहानी ‘नए दौर की प्रेरक कहानियाँ’ किताब से ली गई है, इसकी और कहानी पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर जाएं – Naye Dore ki Prerak Kahaniyan(नए दौर की प्रेरक कहानियाँ)
