Hindi kids story

Hindi kids story: एक बार की बात है, दो लोग एक ही दिशा में जा रहे थे। साथ चलते हुए उनमें थोड़ी जान-पहचान हो गई। दोनों ने सोचा कि रास्ते में कोई मुसीबत आने पर उन्हें मिल-जुलकर उसका सामना करना चाहिए। तब दोनों में से किसी को कोई परेशानी नहीं होगी। वे बातें करते हुए अपने रास्ते पर जा रहे थे। तभी उनकी निगाह एक फावड़े पर पड़ी। उनमें से एक ने झट उसे उठा लिया। फिर बोला, ”देखो, मुझे कितनी अच्छी चीज मिली।”

इस पर दूसरे राहगीर ने कहा, ”तुम्हें नहीं, हम दोनों को। याद है न, हमने क्या तय किया था? अब हम दोनों एक हैं इसलिए इस फावड़े पर भी दोनों का हक है।” सुनकर पहले वाले ने कंधे उचका दिए। कुछ बोला नहीं। दूसरा समझ गया कि इसकी नीयत में खोट है इसलिए चुप रहा।

चलते-चलते वे कुछ और आगे गए, तो गाँव वालों ने उन्हें घेर लिया। उनके हाथों में लाठियाँ थीं और वे बार-बार उसी फावड़े की ओर इशारा करके कुछ कह रहे थे। यह देखकर पहले वाले ने कहा, ”ओह, इस फावड़े की वजह से हम कितनी मुसीबत में पड़ गए!”

Hindi kids story

”हम नहीं, केवल तुम।” दूसरे ने कहा और धीरे से मुँह दूसरी ओर घुमाकर अलग खड़ा हो गया।

अब पहले वाले राहगीर को समझ में आ गया कि उससे कितनी बड़ी भूल हुई बड़ी मुश्किल से उसने गाँव वालों को वह फावड़ा लौटाकर माफी माँगी। फिर उसने अपने साथी राहगीर से कहा, ”माफ करना दोस्त, अब मुझे समझ में आ गया है कि स्वार्थी आदमी का कोई सच्चा दोस्त नहीं होता। मैं अपनी गलती मानता हूँ।” फिर वे दोनों पहले की तरह साथ-साथ आगे की यात्रा पर चल दिए। मिल-जुलकर रहने से उन दोनों की यात्रा खूब अच्छी रही।

सीख : जो किसी दूसरे का साथ नहीं देता, उसे विपत्ति में दूसरे से मदद की इच्छा नहीं करनी चाहिए।

Top 10 Panchantantra Stories in Hindi-पंचतंत्र की कहानियां

पंचतंत्र की कहानियां:नीति, ज्ञान और मनोरंजन का अनमोल खजाना हैं पंचतंत्र एक प्राचीन भारतीय साहित्यिक कृति है जो जानवरों की…