क्या आप भी आंख फड़कने को शुभ-अशुभ मानते हैं?
आंखें फड़कने के पीछे कई कारण हो सकते हैं। आइए जानते हैं इसके कारणों के बारे में-
Reason of Eye Twitching: आमतौर पर जब भी हमारी आंखें फड़कती हैं, तो हम उसे शुभ और अशुभ से जोड़ लेते हैं। लेकिन आपको बता दें कि कई बार आंखें सामान्य कारणों से फड़कने लगती हैं। जब फड़कती हैं तो हम काफी ज्यादा परेशान हो जाते हैं। खासतौर पर अगर किसी मीटिंग या फिर कार्य के दौरान आंखें फड़कने लगे, तो काफी ज्यादा कौतुहल पैदा करती है। इसका कारण हमारे समाज में आंखों का फड़कना शुभ और अशुभ फलों से जुड़ा होता है, लेकिन ऐसा नहीं है। आंखों का फड़कना कोई शुभ या अशुभ संकेत नहीं होता है, बल्कि इसके पीछे कई वैज्ञानिक वजह हो सकती हैं। आज हम आपको इस लेख में आंखों के फड़कने के पीछे की वजह बताएंगे। आइए जानते हैं आंखें क्यों फड़कती हैं?
क्यों फड़कती हैं आंखे?

आंखों के फड़कने की सबसे बड़ी वजह आंखों के आसपास की नर्व होती है। आंखों के आसपास के नर्व्स में किसी भी तरह की परेशानी या फिर सेंसेशन की वजह से आंखें फड़कने लगती हैं। आंखों के फड़कने की परेशानी आमतौर पर खुद ब खुद ठीक हो जाती है, लेकिन अगर यह किसी कारण से फड़क रही है तो इसका इलाज भी जरूरी होता है। खासतौर पर जब आपकी आंखें लंबे समय से फड़कती हैं, तो काम में फोकस करने में परेशानी होती है। ऐसी स्थिति में आपको इसके पीछे के कारणों के बारे में जानना बहुत ही जरूरी है।
तनाव के कारण फड़क सकती है आंख
आधुनिक समय में कई लोगों की जिंदगी में स्ट्रेस उनकी लाइफस्टाइल का हिस्सा बन चुका है। हर व्यक्ति छोटी-छोटी बातों को लेकर स्ट्रेस में रहता है। जरूरत से अधिक स्ट्रेस में रहने की वजह से आपकी आंखों की मांसपेशियों पर भी तनाव बढ़ता है, जिसकी वजह से आपकी आंखें फड़क सकती हैं। ऐसे में आपको स्ट्रेस से बाहर आने की जरूरत होती है।

शराब का अधिक सेवन
शराब और धूम्रपान का सेवन करने वालों की पलकें काफी ज्यादा संवेदनशील हो जाती हैं। ऐसे में उनकी आंखें बार-बार फड़क सकती हैं। अगर आपकी भी आंखें बिन वजह लगातार फड़कती रहती हैं, तो इस स्थिति में तुरंत धूम्रपान और शराब से दूरी बना लें।

चाय और कॉफी का अधिक सेवन
कैफीन युक्त खाद्य पदार्थों जैसे – चाय, कॉफी इत्यादि का सेवन करने से भी आपकी आंखें फड़क सकती हैं। दरअसल, कैफीन युक्त खाद्य पदार्थों के सेवन से आपके मसल्स की संवेदनशीलता बढ़ती है, जिसका असर आपकी आंखों के मसल्स पर भी पड़ता है। इसकी वजह से आपकी आंखें फड़क सकती हैं।

आंखों की समस्या
आंखों में होने वाली कुछ समस्याओं के कारण भी आपकी आंखें फड़क सकती हैं। इन समस्याओं में आंखों से पानी आना, आंखों की ड्राईनेस, आंखों की एलर्जी शामिल है। अगर आपको इस तरह की परेशानी हो रही है, तो आपको तुरंत आई टेस्ट करवाने की जरूरत है ताकि आंखों की परेशानी बढ़ने से पहले इसे कंट्रोल किया जा सके।

आंखें फड़कना एक सामान्य क्रिया है। लेकिन अगर यह बिना कारण बार-बार फड़कती है, तो इस स्थिति में आपको डॉक्टर से संपर्क की जरूरत है, ताकि आप अपनी आंखों को सुरक्षित रख सकें।