Benefits of Gond Laddu: गोंद के लड्डू खाने में जितने स्वादिष्ट होते हैं उतने ही ये सेहत के लिए भी फायदेमंद माने जाते हैं। गर्भावस्था के बाद अक्सर महिलाओं को गोंद के लड्डू खाने को कहा जाता है। इसे खाने से कमजोरी दूर होती है और भरपूर एनर्जी मिलती है। लेकिन क्या आप यह जानते हैं कि डिलीवरी के बाद महिलाएं अपने बढ़े हुए वजन को कम करने के लिए भी गोंद के लड्डू खा सकती हैं। जी हां गोंद के लड्डू खाने से न सिर्फ ताकत मिलती है बल्कि यह वेट लॉस करने में भी मदद करता है। इसके अलावा गोंद के लड्डू के और भी कई चमत्कारी फायदे होते हैं।
गोंद के लड्डू में देसी घी के अलावा कई तरह के ड्राई फ्रूटस भी होते हैं जो पोषक तत्वों से भरपूर होते हैं। ऐसे में यह तुरंत एनर्जी देने का काम करते हैं। दरअसल गोंद में कैल्शियम, मैग्नीशियम, प्रोटीन, फाइबर, एंटीऑक्सीडेंट्स आदि भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं। यही वजह है कि हमारी दादी नानी प्रेग्नेंसी के बाद इसके लड्डू खाने की सलाह देती हैं।
वेट लॉस के लिए गोंद के लड्डू
चूंकि गोंद के लड्डू में देसी घी भी होता और देसी घी में सीएलए( Conjugated Linoleic Acid) पाया जाता है। यह मेटाबॉलिज्म को बढ़ावा देता है और भूख को कंट्रोल करता है। ऐसे में इससे वेट लॉस करने में मदद मिलती है। हालांकि वजन कम करने के लिए स्वस्थ आहार के साथ गोंद के लड्डू को सीमित मात्रा में ही खाना चाहिए। गोंद की तासीर गर्म होती है इसलिए इसे सर्दियों में ज्यादा खाया जाता है। गर्मी के मौसम में इसे ज्यादा खाने से बचना चाहिए।
इम्यूनिटी बढ़ाने के लिए
गोंद के लड्डू पोषक तत्वों से भरपूर होते हैं। इसके अलावा इसमें एंटीऑक्सीडेंट्स और एंटीबैक्टीरियल गुण भी मौजूद होते हैं। इस लड्डू को खाने से इम्यूनिटी मजबूत होती है और कई तरह की बीमारियों से भी बचाव होता है।
हड्डियां बनेगी मजबूत
गर्भावस्था के बाद एक महिला को अंदरूनी ताकत की जरूरत होती। गोंद और देसी घी दोनों ही मिलकर शरीर को अंदर से मजबूत बनाने का काम करते हैं। देसी घी में प्रोटीन, स्वस्थ वसा, विटामिन ए,ई,के और ओमेगा 3 फैटी एसिड जैसे पोषक तत्व होते हैं। जबकि गोंद में भरपूर मात्रा में कैलशियम, मैग्नीशियम और प्रोटीन पाया जाता है। यह सभी हड्डियों को मजबूत बनाने के साथ हड्डियों से जुड़ी बीमारियों के रिस्क को भी कम करते हैं।
पेट के लिए फायदेमंद
पेट से जुड़ी समस्याओं को दूर करने के लिए भी गोंद के लड्डू का सेवन किया जा सकता है। इसमें मौजूद फाइबर कब्ज और अपच जैसी परेशानी से छुटकारा दिलाता है।
दिल की बीमारियों से होगा बचाव
हृदय को स्वस्थ रखने के लिए गोंद के लड्डू खाए जा सकते हैं। इस लड्डू में स्वस्थ वसा के अलावा पोटैशियम भी पाया जाता है जो दिल की बीमारियों के खतरे को कम करता है। इसके अलावा इससे शरीर में सोडियम की मात्रा कंट्रोल रहती है जिससे ब्लड प्रेशर का स्तर भी नॉर्मल रहता है।
