Instant Freshness: अगर काम की हो भरमार और आपकी बॉडी हो थकान और तेज़ दर्द की शिकार तो जी चाहता है कि बस थोड़ी देर के लिए शांति से लेट जाएं तो राहत मिलेगी। ऐसा होता है न आपके भी साथ? अब इससे आपको वाकई में कितने फ़ायदे मिलेंगे या नहीं, ये तो हम नहीं जानते, मगर हां, यहां हम आपको कुछ ऐसे टिप्स ज़रूर बता रहे हैं, जिनसे आप तुरत-फुरत पा सकते हैं थकान और सुस्ती से निजात-
- क्या आपके पास बीस मिनट हैं? ये सवाल इसलिए कि इसके बाद आप अगले पांच-छह घंटों तक लगातार एक्टिव रहकर उन कामों को मिनटों में निपटा लें, जिन्हें आप शारीरिक दर्द और थकान के चलते घंटों से नहीं पूरा कर पा रही हैं। अगर हां तो बस फिर हो जाइए इस पहले टिप को फॉलो करने के लिए। सबसे पहले इन अगले बीस मिनटों के लिए आप अपने-आप को पूरी तरह से अकेला कर लीजिए, यानी कि भीड़-भाड़ से अलग हो जाएं।
- अपनी पसंद का म्यूज़िक सेट कर लीजिए। ऐसे समय के लिए हमेशा कहा जाता है कि चुस्ती-फुर्ती वाला संगीत ही होना चाहिए, मगर हमारी सलाह थोड़ी अलग है। अगर इस समय आप थकान, काम की अधिकता या किसी भी और वजह से खुद को तनावग्रस्त महसूस कर रही हैं तो बेशक म्यूज़िक भी अपने मूड का मैचिंग ही लगाइए और ख़ुद को उसकी स्वर-लहरी महसूस करने दीजिए। अगर लटकते-झटकते-मटकते काम करने का मन हो तो वही कीजिए और अगर दिल अचानक से भारी हो गया है। पता नहीं किस बात पर आंखें बरसने के लिए तैयार हैं तो वही सही। दिल से हंसने के लिए पहले दिल हल्का कर लीजिए, यानी बह जाने दीजिए, जितने आंसू बहना चाहें और इसके साथ-साथ बढ़ते रहिए अगले टिप की तरफ़।
- दो कॉटन बॉल लीजिए। एकदम चिल्ड, यानी बिल्कुल ठंडे पानी में दो बूंदें गुलाबजल की डालकर उसमें कॉटन बॉल डिप करके रखिए।
- अब थोड़ा पानी गर्म कीजिए। अगर गर्मी है, तब भी चिंता मत कीजिए। पानी गर्म ही इस्तेमाल करना है। इस गर्म पानी में दो चम्मच नमक डालकर दो मिनट के लिए छोड़ दीजिए। बॉडी पेन और तेज़ थकान को दूर करने के लिए नमक मिले गर्म पानी का स्नान सदियों पुराना नुस्खा है। इसके बाद इसी पानी से नहा लीजिए। आप चाहें तो फ्रेगरेंस के लिए इसमें भी कुछ बूंदें गुलाबजल की डाल सकती हैं।
- नहा लेने के बाद बॉडी को टॉवल से न पोंछकर थपथपाकर सुखाएं। इससे गर्म पानी की नमी और बाहरी ठंडे वातावरण से होने वाली सिहरन मिलकर बल्ड सर्कुलेशन को तेज़ कर देती हैं। हां, अगर आपको पहले से बुखार या कोल्ड है तो ऐसा करने से बचें।
- अब आंखों में दो-दो बूंदें गुलाबजल की डाल लीजिए। पहली बूंद डाल लेने के बाद कोशिश कीजिए कि पलकों को खुला रखें, ताकि आंखों के भीतर की गंदगी आंसुओं के साथ बाहर निकल जाए। इसके बाद दोनों आंखों में एक-एक बूंद और डालिए।
- अब इसके बाद पहले जो कॉटन बॉल्स गुलाबजल मिले ठंडे पानी में डिप करके रखी थीं, उनका अतिरिक्त पानी निचोड़ लीजिए। शांति से लेटकर इन कॉटन बॉल्स को आंखें बंद करके पलकों के ऊपर रख लीजिए। ऐसा करने से पहले आप अपने मोबाइल या टेबल क्लॉक में अगले तीन-चार मिनट के बाद के समय का अलार्म सेट कर लीजिए, क्योंकि इस समय आपको नींद महसूस हो सकती है। सोते रह जाने से कहीं आपके वे ज़रूरी काम न रह जाएं, जिनके लिए आप ये सारे एफर्टस् कर रही हैं।
- तीन से चार मिनट तक शांति से लेटे रहने के बाद धीरे-धीरे पलकें खोलिए। उठकर बैठने से पहले अपने को एक मिनट का समय दीजिए। फिर आराम से उठकर बैठ जाइए।
- अब आप उन कपड़ों को पहनिए, जो आपको इस समय कंफर्टेबल महसूस कराएं। ये ड्रेस आप चाहें ओकेज़न के अकॉर्डिंग ही चुनें, मगर बहुत ज़रूरी है कि इसमें आपका कंफर्ट लेवल बना रहे।
- अब आप मेकअप का हल्का सा टचअप ले सकती हैं। अगर आप मेकअप नहीं करना चाहतीं तो आंखों में काजल या पलकों पर आईलाइनर लगाकर होठों पर हल्की लिपस्टिक या ग्लॉसी लिप कलर लगा सकती हैं, चाहे वह न्यूड कलर ही क्यों न हो। साथ ही अपनी पसंद से परफ्यूम या डियो लगाना न भूलें। बस, डालिए एक नज़र आइने में अपने तरो-ताज़ा मुस्कुराते चेहरे पर। आप पूरी तरह से तैयार हैं ढेर सारे काम घंटों में नहीं, मिनटों में पूरा कर डालने के लिए, वह भी हंसते-हंसते।
ये भी पढ़े-
